गोरक्षा बजरंग फोर्स के राष्ट्रीय अध्यक्ष बिट्टू बजरंगी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में बिट्टू बजरंगी पुलिस वालों के सामने रोते दिखाई दे रहे हैं. उनका आरोप है कि शादी का झांसा देकर उनके साथ तकरीबन एक लाख रुपये की ठगी की गई है. लेकिन अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है. खबर है कि इसके लिए वह पैदल चलकर पुलिस कमिश्नर के दफ्तर पहुंचे थे. वहां पुलिसकर्मियों के सामने अपनी शिकायत बताते हुए फूट-फूटकर रोने लगे.
बिट्टू बजरंगी से शादी के नाम पर ठगी, पुलिस को बताते हुए रो दिए
नूंह हिंसा के आरोपी बिट्टू बजरंगी का फूट-फूटकर रोने का वीडियो सामने आया है. बजरंगी का आरोप है कि शादी का झांसा देकर उनके साथ तकरीबन एक लाख रुपये की ठगी की गई है.


ये मामला बजरंगी की शादी से जुड़ा है. उनका कहना है कि उनके पड़ोसी के एक रिश्तेदार बंटी अलीगढ़ में रहते हैं. उन्होंने बिट्टू बजरंगी को शादी के लिए एक लड़की से मिलवाया था. 25 साल की रानी उर्फ लक्ष्मी नाम की महिला से उनकी शादी तय हुई थी. पिछले साल सितंबर में उनकी शादी होनी थी. दुल्हन के लहंगे, मिठाई और ब्यूटी पार्लर के लिए उन्होंने आरोपी बंटी और अन्य को 30 हजार रुपये भी दिए थे. एक मंदिर में 7 सितंबर 2025 को शादी होनी थी. बिट्टू बजरंगी जब मंदिर पहुंचे तो वहां कोई तैयारी नहीं दिखी. न तो लड़की ही वहां मौजूद थी. इसके बाद उन्हें ठगी का एहसास हुआ.
बिट्टू बजरंगी ने इसकी शिकायत पुलिस में की, लेकिन कथित तौर पर आरोपियों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई तो 19 फरवरी को उन्होंने फिर से पर्वतीया कॉलोनी पुलिस चौकी में शिकायत की. उन्होंने इसमें आरोप लगाया कि शादी की बात शुरू होने से लेकर शादी तक उन्होंने एक लाख से ज्यादा पैसे खर्च किए थे. आरोपियों ने न शादी करवाई और न ही पैसे वापस किए.
बजरंगी ने दावा किया कि जिस लड़की से उनकी शादी तय की गई थी, वह पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं. लड़की रानी के अलावा बंटी, प्रदीप समेत 7 से ज्यादा लोगों को इस मामले में आरोपी बनाया गया है.
सोमवार, 24 फरवरी को आरोपियों पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए बिट्टू बजरंगी ने अपने घर से पुलिस कमिश्नर के दफ्तर तक पैदल मार्च किया. इसी दौरान पुलिस अफसरों से बात करते हुए वह रो पड़े.
हालांकि, ये मामला इतना सीधा नहीं है. इंडिया टुडे से जुड़े सचिन गौड़ की रिपोर्ट के मुताबिक, नूंह हिंसा के बाद से चर्चा में आए बिट्टू बजरंगी से जुड़े इस केस में रोज नए तथ्य सामने आ रहे हैं. हाल ही में बिट्टू पर आरोप लगाया गया कि शादी के लिए उन्होंने अपनी फोटो न भेजकर अपने मृतक भाई की फोटो भेज दी थी. इससे लड़की पक्ष को गुमराह हुआ.
वहीं, बिट्टू बजरंगी ने इन आरोपों को सिरे से नकार दिया है. उनका कहना है कि यह उन्हें फंसाने और बदनाम करने की साजिश थी. उन्होंने पुलिस से अपील करते हुए कहा कि पुलिस दोनों पक्षों को आमने-सामने बिठाकर पूछताछ कर ले जिससे दूध का दूध और पानी का पानी हो सके. उन्होंने ये भी कहा कि शादी से एक दिन पहले लड़की पक्ष के लोग यहां आए थे और शादी तय करके गए थे, इसलिए फोटो के आरोपों में कोई दम नहीं है.
जब उनसे पूछा गया कि इतने विवाद के बाद भी क्या वह शादी करने के लिए तैयार हैं तो उन्होंने कहा कि वह सनातन परंपरा को मानते हैं. उन्होंने ब्रह्मचर्य व्रत नहीं लिया है. बेटी के लिए वह शादी करने के लिए तैयार हैं.
वीडियो: दुनियादारी: PM मोदी 9 साल बाद करेंगे इजरायल दौरा, भारत को क्या मिलेगा?












.webp?width=275)

.webp?width=275)



.webp?width=120)



