बिहार के सुपौल जिले में एक शख्स ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की हत्या कर दी. आरोप है कि आरोपी संजीव शाह ने अपनी पत्नी दामिनी कुमारी (21 साल) पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी. आनन-फानन में दामिनी को अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उनकी मौत मौत हो गई. बताया जा रहा है कि डाइवोर्स को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था. नौ महीने पहले ही दोनों ने लव मैरिज की थी.
पत्नी ने किया तलाक से इनकार तो आग में दिया झोंक, 9 महीने पहले ही की थी लव मैरिज
बिहार के सुपौल जिले में एक शख्स ने कथित तौर पर अपनी पत्नी पर पेट्रोल डालकर आग के हवाले कर दिया. इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई है. बताया जा रहा है कि पति तलाक चाहता था, लेकिन पत्नी इसके लिए तैयार नहीं थी.

25 अक्टूबर की सुबह दामिनी की सुपौल के सदर अस्पताल में मौत हो गई. इंडिया टुडे से जुड़े रामचंद्र मेहता की रिपोर्ट के मुताबिक, संजीव ने अपना अपराध क़ुबूल कर लिया है. पुलिस के मुताबिक, संजीव पहले दामिनी को किसी सुनसान जगह ले गया. फिर वहां उसे आग के हवाले कर वो फरार हो गया.
आरोपी ने हत्या का अपराध कबूल कियापुलिस पूछताछ के दौरान, संजीव ने अपनी पत्नी को आग लगाने की बात क़ुबूल कर ली और पूरा घटनाक्रम बताया. उसके अनुसार, वो और दामिनी पूर्वी कोसी तट की ओर गए. फिर उसने सड़क के किनारे स्थित एक दुकान से पेट्रोल की एक बोतल खरीदी और उसे दामिनी के प्लास्टिक बैग में रख दिया.
रिपोर्ट के मुताबिक, इसके बाद संजीव उसे कोसी तट के किनारे लगभग 17 किलोमीटर दूर बैसी रोड ले गया. रात करीब 10 बजे, उसने लालमानपट्टी में एक नहर के पास उसे रोका. उस पर पेट्रोल डाला और माचिस से आग लगा दी. फिर वह मौके से भाग गया. आसपास के लोगों ने दामिनी को आग की लपटों में घिरे हुए भागते और मदद की गुहार लगाते देखा. उन्होंने पुलिस को सूचना दी और फ़ौरन एम्बुलेंस बुलाई.
पुलिस से पूछताछ में संजीव ने बताया कि उसने दामिनी को मारा है. वह तलाक चाहता था, लेकिन पत्नी डिवोर्स पेपर पर दस्तखत करने के लिए तैयार नहीं थी. आरोपी ने यह भी बताया कि उसने मुजफ्फरपुर में तलाक के लिए अर्ज़ी दी थी, लेकिन वह उन कागज़ातों पर दस्तखत नहीं करना चाहती थी.
ये भी पढ़ें: 'दृश्यम' फिल्म देखकर पिता की हत्या की, एक चूक से सलाखों के पीछे पहुंच गया
SDPO बीरपुर पवन कुमार के अनुसार, संजीव और दामिनी की मुलाकात करीब दो साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी. दोनों के बीच बातचीत होती रही और आखिरकार करीब नौ महीने पहले उन्होंने शादी कर ली. संजीव ने जांचकर्ताओं को बताया कि शादी के बाद दामिनी एक बार उसके घर आई थी. लेकिन अगले ही दिन वापस चली गई. वो भी कभी-कभार अपने ससुराल जाता था. पुलिस के मुताबिक, दोनों के बीच कुछ मुद्दों को लेकर अनबन हो गई. संजीव इस शादी को खत्म करना चाहता था, जबकि दामिनी तलाक के लिए तैयार नहीं थी.
पुलिस को घटनास्थल से एक ज्वलनशील पदार्थ भी मिला है. माना जा रहा है कि शायद यह पेट्रोल है, जिसे आग लगाने में इस्तेमाल किया गया. इस मामले में आरोपी संजीव को गिरफ्तार कर लिया गया है. उसके पिता कीनू शाह की भी गिरफ्तारी हुई है और पुलिस पूछताछ कर रही है. हालांकि इस मामले में कीनू शाह की भूमिका पर संदेह बना हुआ है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
वीडियो: बिहार में गंगा में नाव पलटी, 14 बच्चों की मौत, चश्मदीद ने हादसे को लेकर क्या बताया?









