The Lallantop

कॉन्स्टेबल ने मामूली विवाद में डिलीवरी बॉय को मारी गोली, सीना चीर दूसरे युवक के पेट में फंसी

Delhi Police के हेड कॉन्स्टेबल नीरज ने कथित तौर पर डिलीवरी बॉय की तरफ हथियार तान दिया और गोली चला दी. एक गोली डिलीवरी बॉय के सीने को भेदती हुई निकल गई और पीछे मोटरसाइकिल पर बैठे दूसरे युवक के पेट के दाहिने हिस्से में जा लगी. डिलीवरी बॉय की मौके पर ही मौत हो गई.

Advertisement
post-main-image
आरोपी पुलिस हेड कांस्टेबल नीरज (बाएं) और पीड़ित पांडव कुमार (दाएं). (ITG)

दिल्ली पुलिस के एक हेड कांस्टेबल ने कथित तौर पर नशे की हालत में दो युवकों पर गोली चला दी. इनमें से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल है. घटना द्वारका के जाफरपुर कलां थाना क्षेत्र की है. मृतक की पहचान 21 साल के पांडव कुमार के तौर पर हुई है, जो जोमैटो के डिलीवरी बॉय थे. घायल युवक का नाम कृष्ण है. गोली पांडव की छाती से आर-पार होकर कृष्ण को लगी, जिनका फिलहाल अस्पताल में इलाज चल रहा है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

26 अप्रैल को रात करीब 2:30 बजे राव तुलाराम अस्पताल (RTR Hospital) से जाफरपुर कलां पुलिस स्टेशन को सूचना मिली कि गोली लगने से घायल दो व्यक्तियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस को बताया गया कि इनमें से एक शख्स को 'मृत अवस्था में लाया गया' (brought dead) घोषित कर दिया गया है.

इंडिया टुडे से जुड़े अरविंद ओझा की रिपोर्ट के मुताबिक, डिप्टी पुलिस कमिश्नर (DCP द्वारका) कुशल पाल सिंह ने बताया कि आरोपी की पहचान नीरज के तौर पर हुई है. दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल में तैनात नीरज घटना को अंजाम देकर फरार हो गया था. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है.

Advertisement

पुलिस जांच में पता चला कि रुपेश कुमार नामक शख्स के 2 साल के बेटे की बर्थडे पार्टी थी. रुपेश बिहार के खगड़िया जिले के रहने वाले हैं. 3 साल पहले बिहार से आए थे और मजदूरी का काम करते हैं और किराए के मकान में रहते हैं. कथित तौर पर केक काटने के बाद लगभग 20 लोगों की भीड़ धीरे-धीरे छंटने लगी.

DCP द्वारका कुशल पाल सिंह ने बताया,

"लगभग रात 2 बजे, 13 लोग (जिनमें 2 बच्चे भी शामिल थे) उबर कैब से जाने के लिए मेन रोड पर आए और वहां से जाने लगे. कुछ लोगों के उबर टैक्सी से चले जाने के बाद, 6 लोग (स्कूटी और मोटरसाइकिल पर) रूपेश के साथ सड़क पर खड़े होकर बातें कर रहे थे."

Advertisement

बयान में आगे कहा गया,

“रोड के दूसरी तरफ, नीरज नाम का एक व्यक्ति पिछले 15 सालों से रह रहा है. जब 7 लोगों का ग्रुप रोड पर बात कर रहा था, तो नीरज नीचे आया और उस ग्रुप से बहस करने लगा. फिर अचानक, उसने पांडव के सीने की तरफ हथियार तान दिया और गोली चला दी. एक गोली पांडव कुमार के सीने को भेदती हुई निकल गई और पीछे मोटरसाइकिल पर बैठे कृष्ण के पेट के दाहिने हिस्से में जा लगी.”

घटना के चश्मदीद और बर्थडे पार्टी के मेजबान रूपेश कुमार ने बताया,

“पांडव और कृष्ण, दोनों ही मेरे बेटे की बर्थडे पार्टी में आए थे. जब वे वहां से जा रहे थे, तभी नीरज वहां आ पहुंचा और उन दोनों से उसका झगड़ा हो गया. उसने उन्हें गालियां दीं, और जब बात ज्यादा बढ़ गई, तो उसने अपनी गन निकाली और उन दोनों को गोली मार दी.”

पीड़ितों को RTR अस्पताल ले जाया गया. पांडव की तो मौत हो गई थी, जबकि कृष्ण को बेहतर इलाज के लिए दीनदयाल उपाध्याय हॉस्पिटल ले जाया गया है. आरोपी हेड कॉन्स्टेबल नीरज गांव बहु अकबरपुर, मेहम, रोहतक, हरियाणा का मूल निवासी है. पिछले 15 सालों से वो रावाता गांव में बताए गए पते पर अकेला रह रहा था. पुलिस ने आरोपी नीरज के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है.

वीडियो: Lawrence Of Punjab वेब सीरीज पर रोक क्यों लगा दी गई है?

Advertisement