दिल्ली-एनसीआर के बाद देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में भी कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (CNG) के दाम बढ़ गए हैं. महानगर गैस लिमिटेड ने CNG की कीमत में 2 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की है. इसके अलावा, घरेलू पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) भी महंगी हो गई है. इसके दाम में 1 रुपया प्रति स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर (SCM) का इजाफा हुआ है. CNG महंगी हुई, तो ऑटो रिक्शा और टैक्सी का भी किराया बढ़ गया.
CNG-PNG के दाम बढ़े, ऑटो रिक्शा और टैक्सी का किराया भी महंगा हुआ
CNG Price Hike: वेस्ट एशिया में चल रहे तनाव ने महानगर गैस लिमिटेड कंपनी को CNG की कीमत बढ़ाने पर मजबूर कर दिया. मुंबई और आस-पास के शहरों में CNG महंगी हो गई. इन शहरों में PNG के दाम भी बढ़ाए गए. यहां ऑटो और टैक्सी का किराया भी बढ़ गया.

CNG और PNG की कीमत में ताजा बढ़ोतरी 1 सितंबर से लागू हुई. महाराष्ट्र के मुंबई समेत आसपास के शहरों में महीने की शुरुआत पर ही डबल झटका लगा. गैस के तो दाम बढ़े ही बढ़े, ऑटो रिक्शा और टैक्सी से आना-जाना भी महंगा हो गया. इससे पहले, 29 अगस्त को इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने दिल्ली-NCR में CNG की कीमत 3.89 रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ाई थी, जिससे यह 86.98 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई थी.
CNG की नई कीमत?आजतक की खबर के मुताबिक, महानगर गैस यानी MGL ने 31 अगस्त को बताया कि मुंबई और आसपास के शहरों में CNG की नई कीमत 88 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है. इससे पहले महानगर गैस ने कहा कि वेस्ट एशिया में तनाव की वजह से गैस लाना महंगा हो गया है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में गैस कीमत काफी बढ़ गई है. इसकी वजह से गैस इंपोर्ट की लागत में भी इजाफा हुआ है. एमजीएल ने बताया कि CNG की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए महंगे रेट पर स्पॉट RLNG (रीगैसिफाइड लिक्विफाइड नेचुरल गैस) इंपोर्ट की जा रही है.
गैस कंपनी ने साफ किया कि CNG के रेट में बढ़ोतरी से बढ़ी लागत के आंशिक हिस्से की भरपाई हो सकेगी. महानगर गैस का नेटवर्क महाराष्ट्र के मुंबई, ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरि, लातूर और धाराशिव, और कर्नाटक के चित्रदुर्ग और दावणगेरे में फैला है.
इन शहरों के करीब 13 लाख CNG गाड़ी मालिकों पर ताजा बढ़ोतरी का असर पड़ेगा. घरेलू PNG के करीब 30 लाख उपभोक्ताओं को खाना बनाने की गैस पर 1 रुपया प्रति SCM ज्यादा चुकाना होगा.
ऑटो रिक्शा और टैक्सी का किराया बढ़ासीएनजी के दाम बढ़े तो मुंबई महानगर में ऑटो रिक्शा और टैक्सी वालों ने भी किराया बढ़ा दिया. ऑटो रिक्शा का मिनिमम किराया 27 रुपये और काली-पीली टैक्सी का न्यूनतम किराया 33 रुपये हो गया है. मुंबई महानगर क्षेत्र परिवहन प्राधिकरण (MMRTA) ने भी किराया बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है. ऑटो रिक्शा के किराए में 1 रुपया और टैक्सी के किराए में 2 रुपये का इजाफा किया गया.
यह भी पढ़ें: CNG के दाम फिर बढ़े, एक ही झटके में करीब 4 रुपये किलो महंगी हो गई
अब ऑटो रिक्शा का किराया 17.14 रुपये प्रति किलोमीटर से बढ़कर 18.22 रुपये प्रति किलोमीटर हो गया है. टैक्सी का किराया 20.66 रुपये प्रति किलोमीटर से बढ़कर 21.90 रुपये प्रति किलोमीटर हो गया है. टैक्सी में पहले 1.5 किलोमीटर के लिए अब 31 रुपये की जगह 33 रुपये चुकाने होंगे. मुंबई महानगर क्षेत्र में 4.5 लाख से ज्यादा ऑटो रिक्शा और 50 हजार से ज्यादा काली-पीली टैक्सी चलती हैं.
ये नहीं किया, तो जुर्माना लगेगारीजनल ट्रांसपोर्ट ऑफिस (RTO) ने ड्राइवरों को अपनी गाड़ी के इलेक्ट्रिक मीटर को नए रेट के हिसाब से कैलिब्रेट करने के लिए कहा है. या फिर उन्हें RTO की तरफ से मंजूर किराए की लिस्ट गाड़ी में दिखानी होगी. ड्राइवरों को मीटर कैलिब्रेट कराने के लिए नवंबर के आखिर तक, यानी तीन महीने का समय दिया गया है. अगर तय समय तक ऐसा नहीं किया, तो ड्राइवरों को जुर्माना भरना पड़ सकता है.
वीडियो: खर्चा-पानी: केंद्र सरकार पेट्रोल के बाद अब CNG में करेगी ब्लेन्डिंग?












