दिल्ली का जंतर-मंतर. तारीख 23 जुलाई. सुबह 6 बजे का वक़्त. हज़ारों लोगों का हुजूम है. वहां मौजूद हर किसी की एक ही मांग है- ‘भारत में शिक्षा व्यवस्था ठीक हो’. ऐसी ही एक मांग को लेकर एक सिक्योरिटी गार्ड हरियाणा के बहादुरगढ़ से दिल्ली पहुंचे. उनकी रीढ़ उन्हें यहां खींच लाई. अपनी नौकरी छोड़कर प्रोटेस्ट में शामिल हुए. लल्लनटॉप से बातचीत में उन्होंने कहा, ‘मैं दो-तीन दिनों से यहीं हूं, अब कंपनी ने मुझे नौकरी से निकाल दिया है.’
शीशे में मुंह देखूंगा तो खुद पर गर्व होगा... गार्ड की नौकरी छोड़ जंतर-मंतर पहुंचे शख्स ने दिल जीता
CJP protest Jantar-Mantar: जंतर-मंतर पर प्रोटेस्ट में शामिल होने आए एक सिक्योरिटी गार्ड ने बताया कि वे 16 हज़ार की नौकरी छोड़कर वहां पहुंचे हैं. उनकी कहानी जानिए.


लल्लनटॉप के पत्रकार विकास वर्मा ने प्रशांत यादव से बातचीत की. प्रशांत सिक्योरिटी गार्ड की यूनिफॉर्म में वहां बैठे थे. उन्होंने दिल्ली आने की वजह बताई. और कीमत भी. उन्होंने बताया,
‘मैंने कंपनी में बोला मैं दो से तीन दिन नहीं आऊंगा. कंपनी ने जवाब दिया कि हमारे पास गार्ड की कमी है. अगर तुम नहीं आए तो हम किसी और को रख लेंगे. तो मैंने जवाब दे दिया कि मैं नहीं आ पाऊंगा सर.’
प्रशांत ने बताया कि कंपनी ने उनकी नौकरी किसी और को दे दी है. उन्हें 16 हज़ार रुपये महीना सैलरी मिलती थी. यानी अपना खर्चा-पानी छोड़कर वे दिल्ली पहुंचे थे. जब उनसे जंतर-मंतर आने का सबब पूछा गया तो उन्होंने कुछ ऐसा कहा जिसने दिल जीत लिया. बोले,
‘जब कल मैं अपने आप को शीशे में देखूंगा तो खुद पर गर्व महसूस कर सकूंगा कि हां, मैं अपनी ज़िम्मेदारी निभाने गया था. जब आप अधिकार की बात करते हैं तो आप पर्सनल व्यू नहीं देख सकते, आपको ब्रॉड व्यू से देखना पड़ता है.’
ये भी पढ़ें: तारे गिनने के लिए बना जंतर मंतर कैसे बना दिल्ली में 'विरोध प्रदर्शनों' का सबसे बड़ा ठिकाना?
प्रशांत से बातचीत में पता चला कि उनका ग्रेजुएशन हो चुका है और वे अब मास्टर की पढ़ाई कर रहे हैं. उन्होंने अपनी बात में जोड़ा कि वे साथ-साथ में सिविल सर्विसेज एग्जाम की तैयारी भी कर रहे हैं. प्रशांत बताते हैं कि उनका मेन टारगेट UPSC क्रैक करना है. इसके इतर वे स्टेट PCS का भी सोच रहे हैं.
प्रशांत ने कहा कि इस प्रोटेस्ट के लिए ये जॉब छोड़ना कोई बड़ी बात नहीं है. उन्होंने कहा कि जॉब दोबारा मिल जाएगी, ये मौका नहीं आएगा.
वीडियो: कम नहीं हो रही लोगों की भीड़, जंतर मंतर पर पुलिस का लाठीचार्ज












