The Lallantop

लखनऊ-दिल्ली वाले गुरूर करते रहे, बेस्ट फूड सिटीज की लिस्ट में ये शहर आ गया

टाइम आउट वेबसाइट ने दुनिया के बेस्ट फूड सिटीज 2026 की रैंकिंग जारी की है. भारत के दक्षिण खित्ते के एक शहर ने इसमें वैश्विक स्तर पर 13वां स्थान हासिल किया है. जिसके बारे में कहा जाता है कि इस शहर को उसकी सड़कों से नहीं, उसके टिफिन रूम और बेकरियों से पढ़ा जा सकता है. शहर का नाम है बेंगलुरु.

Advertisement
post-main-image
बेंगलुरू को ग्लोबल फूड सिटीज की रैंकिंग में टॉप 20 में जगह मिली है. (इंडिया टुडे)

इंसानी सभ्यता के विकास की कथा जायके के बिना अधूरी है. आदिम लोग कच्चा मांस खाते थे. फिर कहीं से भुना हुआ मांस हाथ लगा. जीभ को जंच गया. फिर तो जैसे जैसे सभ्यताएं विकसित हुईं. तमाम तरह के शाकाहारी और मांसाहारी व्यंजनों की ईजाद हुई. सभ्यताओं के आपसी टकराव और लोगों के विस्थापन के 'छौंक' ने जायके को समृद्ध करने में अहम योगदान किया. आज भी किसी नए स्थान की यात्रा के वक्त जेहन में ये सवाल आता है, वहां खाने के लिए सबसे अच्छा क्या मिलता है?

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

शायद यही वजह है कि दुनिया के बेस्ट फूड सिटीज की रैंकिंग को इतनी तवज्जो मिलती है. इस साल भारत ने इस रैंकिंग में अपनी सुरभित, सुगंधित और सुवासित छाप छोड़ी है. टाइम आउट वेबसाइट ने दुनिया के बेस्ट फूड सिटीज 2026 की रैंकिंग जारी की है. भारत के दक्षिण खित्ते के एक शहर ने इसमें वैश्विक स्तर पर 13वां स्थान हासिल किया है. जिसके बारे में कहा जाता है कि इस शहर को उसकी सड़कों से नहीं, उसके टिफिन रूम और बेकरियों से पढ़ा जा सकता है.

यहां का जायका विविधता में एकता के मूल मंत्र को जीता है. कन्नड़, तमिल, तेलुगु, मलयाली, उत्तर भारतीय, आईटी इंजीनियर, लेखक और स्टूडेंट. सब एक ही डोसा, एक ही फिल्टर कॉफी और एक ही रवा इडली की मेज पर मिल जाते हैं. शहर का नाम है बेंगलुरु.

Advertisement

टाइम आउट की टॉप 20 लिस्ट में एक मात्र भारतीय शहर

‘बेन्ने डोसा’, ‘डोने बिरयानी’ और ‘कोकम ट्विस्टेड कॉकटेल’. इनमें रेसिपी के हिसाब से तो दूर-दूर तक कोई रिश्ता नहीं है. लेकिन ये बेंगलुरु के फूड कल्चर की प्राणवायु हैं. एक ऐसी संस्कृति जिससे मुंह फेरना जीभ पर कोड़े बरसाने जैसा होगा.

टाउम आउट की ग्लोबल रैंकिंग ने इस शहर के जायके का इस्तकबाल किया है. यदि आप बेंगलुरु में डोसे की दुकान, कॉकटेल बार या फिर देर रात किसी बिरयानी की दुकान पर टहलते पाए गए हैं तो फिर ये रैंकिंग आपके लिए कोई हैरान करने वाली बात नहीं होगी.

Advertisement

बेंगलुरु को क्यों मिली लिस्ट में जगह?

हेरिटेज टिफिन रूम और मिलिट्री होटेल से लेकर ब्रेकफास्ट कैफे और दुनिया भर में सराहे गए बार कल्चर तक, बेंगलुरु में स्वाद की आपकी हर तलब पूरी हो जाएगी. इसीलिए फूड सिटी रैंकिंग में शहर को टॉप 20 में जगह मिली है. ये रैंकिंग दुनियाभर में 24 हजार से ज्यादा लोगों से किए गए सर्वे पर आधारित है. इसमें क्वालिटी, जेब की हैसियत (अफोर्डेबिलिटी) और विविधता जैसे फैक्टर्स पर अपने लोकल फूड को रेट करने के लिए कहा गया था. बेंगलुरु ने इसमें बेहतरीन परफॉर्मेंस दिया. 82 प्रतिशत लोगों ने इसके फूड सीन को अच्छा या शानदार बताया. लगभग आधे लोगों ने इसको रोमांचक (एक्साइटिंग) बताया. वहीं कई लोगों ने इसके लेट नाइट फूड कल्चर और सस्ती कॉफी की तारीफ की.

टाइम आउट क्या बला है?

टाइम आउट एक मैगजीन कम वेबसाइट है. इसकी शुरुआत साल 1968 में लंदन में एक मैगजीन के तौर पर हुई थी. आज भी कई जगहों पर इसका प्रिंट वर्जन छपता है. लेकिन इसकी वेबसाइट दुनिया भर के 50 से ज्यादा देशों और 300 से ज्यादा देशों में एक्टिव है. इस वेबसाइट के जरिए आप दुनिया भर के अलग-अलग शहरों में घूमने की जगहें, खाने-पीने के बेहतरीन रेस्टोरेंट और इवेंट्स की जानकारी ले सकते हैं. 

वीडियो: सोशल लिस्ट: IPL 2026 Final: बेंगलुरु ने जीता IPL, सड़क पर उतरे RCB Fans ने मचाया बवाल

Advertisement