राजस्थान के जोधपुर का आसमान एक बार फिर दुनिया भर के लड़ाकू विमानों से गूंजने वाला है. इंडियन एयरफोर्स की मल्टीनेशनल एयर एक्सरसाइज ‘तरंग शक्ति 2026’ 26 सितंबर से शुरू होने जा रही है. इस बार अमेरिका के F-35 स्टेल्थ फाइटर से लेकर फ्रांस के रफाल और UAE के F-16 तक, कई देशों के फाइटर जेट एक साथ आसमान में नजर आएंगे. F-35 को दुनिया का सबसे एडवांस फाइटर जेट माना जाता है. ये एक 5th जेनरेशन स्टेल्थ फाइटर है.
'तरंग शक्ति 2026' में अमेरिका का F-35 भी होगा, बांग्लादेश कौन सा फाइटर जेट भेज रहा?
Tarang Shakti 2026: इंडियन एयरफोर्स की मल्टीनेशनल एयर एक्सरसाइज ‘तरंग शक्ति 2026’ शुरू होने जा रही है. जोधपुर एयरफोर्स स्टेशन पर 26 सितंबर से 12 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभ्यास में कुल 39 देश हिस्सा ले रहे हैं.

पहली बार 2024 में हुई थी 'Exercise Tarang Shakti'
‘तरंग शक्ति’ का ये दूसरा संस्करण है. जोधपुर एयरफोर्स स्टेशन पर 26 सितंबर से 12 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभ्यास में कुल 39 देश हिस्सा ले रहे हैं. इनमें 7 फ्रेंडली फॉरेन कंट्रीज अपने एयर एसेट्स माने विमानों के साथ हिस्सा लेंगी. जबकि 32 देश ऑब्जर्वर के तौर पर शामिल होंगे.
भारतीय वायुसेना ने साल 2024 में अपने सबसे बड़े मल्टीनेशनल वायु सैन्य अभ्यास ‘तरंग शक्ति’ की शुरुआत की थी. तरंग शक्ति का पहला संस्करण दो चरणों में आयोजित किया गया था. पहला चरण तमिलनाडु के सुलूर एयरबेस में और दूसरा चरण राजस्थान के जोधपुर एयरबेस में आयोजित हुआ था.
अमेरिका का F-35 करेगा भारत में डेब्यू
तरंग शक्ति 2026 में सबसे खास एंट्री अमेरिकी F-35 की है. पहली बार US Air Force का F-35 लाइटनिंग II स्टेल्थ फाइटर इस एक्सरसाइज में शामिल होगा. इसके साथ अमेरिका KC-135 एयर रिफ्यूलिंग एयरक्राफ्ट भी लेकर आ रहा है. ये वही विमान है जो हवा में उड़ते-उड़ते ही फाइटर जेट्स को रिफ्यूल करता है.
फ्रेंडली देशों में दूसरा नाम फ्रांस का है. फ्रांस अपने रफाल लड़ाकू विमानों के साथ भारत पहुंचेगा. इसके अलावा फ्रांस के A400M ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट और मल्टी-रोल टैंकर ट्रांसपोर्ट यानी MRTT भी इस अभ्यास का हिस्सा होंगे.
इंडियन एयरफोर्स का शक्ति प्रदर्शन
इस एक्सरसाइज की मेजबानी इंडियन एयरफोर्स कर रही है. लिहाजा वो भी 7 मित्र देशों के साथ अपना दमखम दिखाएगी. IAF अपने कई फ्रंटलाइन फाइटर जेट्स के साथ इस एक्सरसाइज में उतरेगी. इनमें रफाल, Su-30MKI, लाइट कॉम्बैट एयरक्राफ्ट तेजस, जगुआर, मिराज 2000 और MiG-29 शामिल हैं.

UAE, ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश भी शामिल
हाल के समय में भारत-बांग्लादेश के रिश्तों में थोड़ी तल्खी आई है. लेकिन इंडियन एयरफोर्स की मेजबानी में इस बार बांग्लादेश एयरफोर्स भी अपना विमान लेकर तरंग शक्ति में हिस्सा ले रहा है. बांग्लादेश अपना C-130J ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट लेकर इस एक्सरसाइज में हिस्सा लेगा.
वहीं UAE भी अपने F-16 फाइटर जेट और Global 6000 एयरक्राफ्ट के साथ हिस्सा लेगा. ऑस्ट्रेलिया की एयरफोर्स अपना C-130 ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट भेजेगी. जर्मनी A400M ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट के साथ हिस्सा लेगा, जबकि श्रीलंका King Air 350 के साथ इस एक्सरसाइज में शामिल होगा.
इस पूरे अभ्यास में सिर्फ फाइटर जेट्स नहीं उड़ेंगे. तरंग शक्ति में जंग के दौरान काम आने वाले टैक्टिकल ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट और हवा में फाइटर जेट्स को ईंधन देने वाले एयर रिफ्यूलर्स भी ऑपरेशन का हिस्सा होंगे.
ये भी पढ़ें: राजस्थान: BJP के 10 पार्षद लेकिन पार्टी कैंडिडेट को अध्यक्ष चुनाव में मिले '0' वोट, कहां हुआ खेल?
क्यों खास है ‘तरंग शक्ति’?‘तरंग शक्ति’ एशिया का सबसे बड़ा मल्टीनेशनल एयर एक्सरसाइज है. इसमें अलग-अलग देशों की एयरफोर्स एक साथ आधुनिक युद्ध के हालात में ट्रेनिंग करेंगी.
इसका फोकस सिर्फ एक साथ उड़ान भरने पर नहीं है. असली मकसद है कि अलग-अलग देशों की एयरफोर्स एक साथ मिलकर ऑपरेशन कैसे करती हैं, इसे बेहतर करना.
यानी अलग-अलग फाइटर जेट, अलग-अलग एयरफोर्स और अलग-अलग ऑपरेशनल सिस्टम. इन सबको एक साथ काम करने की ट्रेनिंग मिलेगी.
अभ्यास के दौरान कॉम्बैट ऑपरेशंस के अलावा लॉजिस्टिक्स, मेंटेनेंस, एडमिनिस्ट्रेशन और एयर ऑपरेशंस में आपसी तालमेल पर भी काम होगा.
वीडियो: साहिल वाकोड़े मामले में प्रो. दूल्ला के समर्थन में आईआईटी दिल्ली और आईआईटी मद्रास, क्या बोले?













