The Lallantop

हमेशा फायदे नहीं देते फल-सब्जी, जानें ये समस्याएं हैं तो क्या खाना है क्या नहीं

हाई ब्लड शुगर या डायबिटीज़ हो, तो ध्यान रखें कि खून में शुगर लेवल अचानक न बढ़े. इसके लिए स्टार्च वाली कुछ सब्ज़ियां, जैसे आलू और शकरकंद, कम खानी चाहिए.

Advertisement
post-main-image
कौन-सी सब्ज़ी, फल आपको सबसे ज़्यादा पसंद है? (AI Generated)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • लेख में डॉक्टर संजय रैना ने बताया कि दिल, किडनी, लिवर, डायबिटीज़, थायरॉइड और गठिया जैसी बीमारियों में कुछ खास फल और सब्ज़ियां खाने से बचना चाहिए।
  • शरीर की बीमारियों जैसे डायबिटीज़ और किडनी रोग में विशेष फल-सब्ज़ियां खाने से शुगर या पोटैशियम का स्तर नियंत्रित रखने की जरूरत होती है, इसलिए कुछ खाद्य पदार्थों से परहेज जरूरी है।
  • बीमारियों के अनुसार उचित फल-सब्ज़ियों के चयन से सेहत बेहतर हो सकती है, इसलिए डॉक्टर से सलाह लेकर ही आहार में बदलाव करने की सिफारिश की गई है।

‘फल, सब्ज़ियां खाना अच्छा होता है. ये शरीर के लिए बहुत फ़ायदेमंद हैं.’ ऐसा हर कोई बोलता है. फिर चाहें वो घरवाले हों या फिर डॉक्टर. पर हर बार फल-सब्ज़ियां सेहत को फ़ायदा नहीं पहुंचातीं. कई बार ये नुकसान भी करने लगते हैं. जी! ऐसा होता है कुछ खास कंडीशंस में. 

Advertisement

अगर आपको दिल, किडनी या लिवर से जुड़ी कोई बीमारी है. डायबिटीज़ है. थायरॉइड से जुड़े डिसऑर्डर्स हैं. यूरिक एसिड बढ़ा हुआ है या फिर गठिया है. तब आपको कुछ खास फल-सब्ज़ियां खाने से बचना चाहिए. डॉक्टर से समझिए कि शरीर में कौन-सी दिक्कत होने पर आपको किन चीज़ों से बचना चाहिए? वो कौन-से फल और सब्ज़ियां हैं, जिन्हें खाना अवॉइड करना चाहिए? 

दिल की बीमारी में क्या कम खाएं?

ये हमें बताया डॉक्टर संजय रैना ने. 

Advertisement
dr sanjay raina
डॉ. संजय रैना, हेड, इंटरनल मेडिसिन, अमृता हॉस्पिटल, फरीदाबाद

ज़्यादा नमक खाने से दिल की बीमारियां और ब्लड प्रेशर बढ़ सकता है. इसलिए पापड़, अचार, डिब्बाबंद सब्ज़ियां और फल खाने से बचना चाहिए. दिल की बीमारी हो तो संतरा, बेरीज़ और जामुन खाए जा सकते हैं.

डायबिटीज़ में क्या कम खाएं?

हाई ब्लड शुगर या डायबिटीज़ हो, तो ध्यान रखें कि खून में शुगर लेवल अचानक न बढ़े. इसके लिए स्टार्च वाली कुछ सब्ज़ियां, जैसे आलू और शकरकंद, कम खानी चाहिए. आप हरी पत्तेदार सब्ज़ियां, संतरा और कम मीठे फल खा सकते हैं. जैसे सेब, अमरूद और पपीता. डायबिटीज़ के मरीज़ों को कुछ फल कम खाने चाहिए. जैसे आम, केला, अंगूर और चीकू.

ये भी पढ़ें: नुसरत भरूचा रीढ़ की हड्डी के फ्रैक्चर से कब तक ठीक होंगी? डॉक्टर से सब समझिए

Advertisement

थायरॉइड डिसऑर्डर्स में क्या खाने से बचें?

थायरॉइड की समस्या में फूलगोभी, पत्तागोभी और इस तरह की सब्ज़ियों को कच्चा खाने से बचना चाहिए. आप चाहें तो इन्हें अच्छी तरह पकाकर खा सकते हैं. इन सब्ज़ियों में कुछ ऐसे तत्व होते हैं, जो आयोडीन को शरीर में एब्ज़ॉर्व होने से रोकते हैं. इसलिए इन्हें कच्चा खाने से बचने की सलाह दी जाती है. थायरॉइड के लिए बेरीज़, विटामिन C से भरपूर चीज़ें और सब्ज़ियों में तुरई और लौकी अच्छी मानी जाती हैं.

kidney disease
किडनी की बीमारी में पोटैशियम से भरपूर सब्ज़ियां कम खानी चाहिए (फोटो: Magnific)

किडनी की बीमारी में क्या कम खाएं?

जब किडनी की क्षमता कम हो जाती है, तो इसे क्रॉनिक किडनी डिज़ीज़ कहा जाता है. ऐसा होने पर शरीर में पोटैशियम की मात्रा बढ़ सकती है, क्योंकि किडनी ठीक से काम नहीं कर रही होती. ऐसे में वो पोटैशियम को पेशाब के ज़रिए ठीक से बाहर नहीं निकाल पाती. इसलिए केला, संतरा जैसे फल और पालक, टमाटर जैसी पोटैशियम से भरपूर सब्ज़ियां कम खानी चाहिए. आप कम पोटैशियम वाली सब्ज़ियां, जैसे गोभी और ब्रॉकली खा सकते हैं.

ये भी पढ़ें: सीमेन अपने आप निकलने से कमजोरी हो जाती है? नाइटफॉल का 'A to Z' जान लीजिए

हाई यूरिक एसिड, गठिया में क्या कम खाएं?

अगर यूरिक एसिड बढ़ा हुआ है या फिर गठिया की शिकायत है. तब विटामिन C से भरपूर चीज़ें फ़ायदा पहुंचाती हैं. विटामिन C शरीर से यूरिक एसिड को बाहर निकालने में मदद करता है. इसलिए आप संतरा, बेरीज़, नींबू और खट्टी चीज़ें खा सकते हैं. कुछ लोगों को टमाटर या बैंगन खाने से दिक्कत हो सकती है. अगर इन चीज़ों को खाने से जोड़ों की समस्या बढ़ती है, तो उन्हें खाने से बचना चाहिए.

लिवर की बीमारी में क्या कम खाएं?

लिवर की बीमारी में एवोकाडो, फूलगोभी और ब्रॉकली को अच्छा माना जाता है. लेकिन ज़्यादा चीनी वाली चीज़ें, जैसे कॉर्न सिरप, फ्रूट जूस, पके हुआ आम से बचना चाहिए. ज़्यादा चीनी वाली चीज़ें लिवर की बीमारी में समस्या को बढ़ा सकती हैं. जिन्हें लिवर की गंभीर बीमारी है, उन्हें अंकुरित दालें नहीं खानी चहिए. इससे शरीर में इंफेक्शन का ख़तरा बढ़ जाता है.

(यहां बताई गई बातें, इलाज के तरीके और खुराक की जो सलाह दी जाती है, वो विशेषज्ञों के अनुभव पर आधारित है. किसी भी सलाह को अमल में लाने से पहले अपने डॉक्टर से ज़रूर पूछें. दी लल्लनटॉप आपको अपने आप दवाइयां लेने की सलाह नहीं देता.)

वीडियो: सेहत: रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर, कब तक ठीक होंगी नुसरत?

Advertisement