Avengers: Doomday बॉक्स ऑफिस पर ऐतिहासिक ओपनिंग लेने की ओर बढ़ रही है. रिलीज़ के डेढ़ महीने पहले फिल्म ने अडवांस बुकिंग में 128 मिलियन डॉलर की टिकट्स बेच दी हैं. भारतीय रुपयों में ये 1200 करोड़ से ज्यादा होगा. ये देख ट्रेड एक्सपर्ट्स अनुमान लगा रहे कि फिल्म शुरुआती वीकेंड पर 1.5 बिलियन डॉलर यानी 14 हजार 250 करोड़ रुपए से ज्यादा कमा सकती है.
'एवेंजर्स: डूम्सडे' ने रिलीज़ से महीनों पहले बेच दी 1200 करोड़ की टिकटें!
ट्रेड एक्सपर्ट्स का अनुमान है कि फिल्म ओपनिंग वीकेंड पर 14 हजार करोड़ से ज्यादा कमा सकती है.

'एवेंजर्स: डूम्सडे' न केवल दुनिया की सबसे महंगी बल्कि मोस्ट अवेटेड फिल्म भी है. यही कारण है कि मार्वल ने रिलीज़ से पांच महीने पहले यानी जुलाई 2026 में ही इसकी अडवांस बुकिंग शुरू करवा दी थी. तब ये बुकिंग केवल इन्फिनिटी विज़न जैसे प्रीमियम फॉर्मेट में स्टार्ट हुई थी. वहीं अमेरिका समेत कुछ इंटरनेशनल सिनेमा चेन्स में मिड अगस्त के बाद जनरल बुकिंग भी खोल दी गई.
'एवेंजर्स: डूम्सडे' की रिलीज़ में अभी लगभग 50 दिन बाकी हैं. लेकिन प्रीसेल के मामले में फिल्म अभी ही छप्पर फाड़ कमाई कर चुकी है. टाइम्स नाऊ की रिपोर्ट के मुताबिक, इस फिल्म ने अब तक 128 मिलियन डॉलर की टिकट्स बेच दी हैं. भारतीय रुपयों में ये 1228 करोड़ के आसपास होगा. भारत में ऐसी गिनी-चुनी फिल्में ही हैं, जिनका लाइफटाइम कलेक्शन 1200 करोड़ के पार पहुंचा है. लेकिन 'एवेंजर्स: डूम्सडे' ने रिलीज़ से डेढ़ महीने पहले इतने टिकट केवल प्री-सेल में बेच दिए. कहने की जरूरत नहीं कि ये कितना बड़ा आंकड़ा है.
आने वाले दिनों में 'एवेंजर्स: डूम्सडे' की अडवांस बुकिंग में और उछाल आएगा. भारत समेत दुनिया के कई अन्य देशों में भी टिकट खिड़की खुलेगी. ऐसे में ट्रेड एक्सपर्ट्स ने अनुमान लगाया है कि फिल्म ओपनिंग वीकेंड पर 1.5 बिलियन डॉलर कमा सकती है. भारतीय रुपयों में ये 14,263.58 करोड़ रुपए के आसपास होगा. हालांकि अभी ये केवल अनुमान है. रिलीज़ के बाद इस आंकड़े में फर्क आ सकता है.
'एवेंजर्स: डूम्सडे' 18 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी. उस दिन इसका क्लैश 'ड्यून 3' से होगा. भारत में ये दोनों फिल्में 24 दिसंबर को शाहरुख खान की 'किंग' से टकराएंगी. लेकिन यहां 'एवेंजर्स: डूम्सडे' एक दिन के लिए प्रीपोन हो गई है. यानी भारतीय जनता इस फिल्म को 17 दिसंबर से ही देख सकती है. 'किंग' वाले भले इस क्लैश से पीछे न हट रहे हों. मगर 'एवेंजर्स: डूम्सडे' की प्री-बुकिंग देख लग रहा है कि शाहरुख के लिए नेशनल और इंटरनेशनल, दोनों मार्केट्स में राहें आसान नहीं होंगी.
वीडियो: मार्वल स्टूडियो की फिल्म 'एवेंजर्स- डूम्सडे' के टीजर लीक ने सारे राज खोल दिए!









