एक बात बताइए. अगर दिल धड़कना बंद कर दे, तो क्या होगा? हो सकता है आप कहें, 'ये क्या सवाल है. मर ही जाएंगे, और क्या होगा.'
दिल के लिए सबसे अच्छा और सबसे ख़राब तेल कौन-सा है? डॉक्टर से समझिए
डॉक्टर से समझेंगे कि दिल को स्वस्थ रखने के लिए क्या खाना चाहिए. किन चीज़ों से दूर रहना चाहिए. दिल के लिए सबसे अच्छा और सबसे ख़राब कुकिंग ऑयल कौन-सा है. पहले से दिल, बीपी या शुगर की बीमारी है, तो क्या ध्यान रखें. और क्या दिल को हेल्दी रखने के लिए सिर्फ़ अच्छी डाइट काफ़ी है, या कुछ और भी करना होगा.

आपका जवाब एकदम सही है. दिल हमारे शरीर का बहुत ही ज़रूरी अंग है. क्यों? क्योंकि ये शरीर के अलग-अलग हिस्सों तक खून पहुंचाता है. इस खून के साथ पहुंचती है ऑक्सीज़न और दूसरे पोषक तत्व. आपका शरीर तभी तक ठीक से रहता है. जब तक दिल अपना काम सही से करता है. अब दिल अपना काम बढ़िया से करे, इसके लिए ज़रूरी है एक अच्छी डाइट. और उन चीज़ों से दूर रहना, जो इसे नुकसान पहुंचाती है. दिल को हेल्दी रखने के लिए कंप्लीट गाइड मिलेगी आज.
डॉक्टर से समझेंगे कि दिल को स्वस्थ रखने के लिए क्या खाना चाहिए. किन चीज़ों से दूर रहना चाहिए. दिल के लिए सबसे अच्छा और सबसे ख़राब कुकिंग ऑयल कौन-सा है. पहले से दिल, बीपी या शुगर की बीमारी है, तो क्या ध्यान रखें. और क्या दिल को हेल्दी रखने के लिए सिर्फ़ अच्छी डाइट काफ़ी है, या कुछ और भी करना होगा.
इसके बारे में हमें बताया डॉक्टर सुनील कुमार मंडल ने.

आपकी थाली का 50% हिस्सा हरी सब्ज़ियों से भरा होना चाहिए. रोज़ एक कटोरी हरी सब्ज़ी या साग ज़रूर खाएं. इसमें पालक, भिंडी, तोरई जैसी सब्ज़ियां शामिल कर सकते हैं. साथ में एक कटोरी सलाद भी लें. सलाद में खीरा, टमाटर, गाजर, मूली और नींबू शामिल करें. थाली का 25% हिस्सा साबुत अनाज के लिए रखें. इसमें गेहूं या मल्टीग्रेन आटे की 2 मीडियम साइज़ की रोटियां खा सकते हैं. चाहें तो एक कटोरी ब्राउन राइस भी ले सकते हैं. सफेद चावल की जगह ब्राउन राइस चुनना बेहतर माना जाता है.
थाली का बाकी 25% हिस्सा प्रोटीन से भरें. इसके लिए दाल, राजमा, मछली, चिकन, अंडे या पनीर खा सकते हैं. रोज़ 4–6 बादाम या 2 अखरोट भी अपनी डाइट में शामिल करें. आप कद्दू के बीज भी खा सकते हैं. साथ में एक मौसमी फल, जैसे सेब या संतरा, ज़रूर खाएं. इससे आपकी थाली संतुलित और पौष्टिक बनती है. खाने में नमक कम रखें. मीठी और पैकेटबंद चीज़ों से भी बचें.
ये भी पढ़ें: अंधापन, फटी आंतें, बिगड़ा चेहरा... पैलेट गन क्या-क्या कर सकती है?
दिल को नुकसान पहुंचाने वाली चीज़ेंअगर आपकी डाइट में ट्रांस फैट ज़्यादा है. पेस्ट्री, केक, कुकीज़, नमकीन और वनस्पति घी से बनी चीज़ों में ट्रांस फैट होता है. बार-बार गर्म किए गए तेल में भी ट्रांस फैट बन सकते हैं. ये ट्रांस फैट शरीर के लिए हानिकारक होते हैं. इनसे शरीर में बैड कोलेस्ट्रॉल (LDL) बढ़ता है और दिल को नुकसान पहुंचता है. ज़्यादा नमक वाली चीज़ें, जैसे चिप्स और अचार, कम खाएं. अल्ट्रा-प्रोसेस्ड फूड खाने से भी बचें. इनमें चिप्स, प्रोसेस्ड मीट, रेडी-टू-ईट फूड और इंस्टेंट नूडल्स शामिल हैं. बहुत मीठी चीज़ें, जैसे सॉफ्ट ड्रिंक, एनर्जी ड्रिंक और डिब्बाबंद जूस कम पिएं. शराब पीने से बचें, क्योंकि ये दिल को नुकसान पहुंचा सकती है. दिल को हेल्दी रखने के लिए ये चीज़ें कम खाएं-पिएं.

दिल के लिए कोई एक तेल सबसे अच्छा नहीं होता. समय-समय पर तेल बदलकर इस्तेमाल करना बेहतर माना जाता है. कोल्ड-प्रेस्ड (कच्ची घानी) सरसों का तेल एक अच्छा विकल्प है. इसमें अनसैचुरेटेड फैटी एसिड्स अच्छी मात्रा में होते हैं. जो दिल की सेहत के लिए फ़ायदेमंद माने जाते हैं. ये तेल किफ़ायती भी होता है.
दूसरा है एक्स्ट्रा वर्जिन ऑलिव ऑयल. ये दिल के लिए अच्छा माना जाता है, पर थोड़ा महंगा आता है. डीप फ्राई करने के लिए ऑलिव ऑयल इस्तेमाल न करें. ये सलाद या हल्की आंच पर खाना पकाने में काम आ सकता है.
तीसरा है ग्राउंडनट या मूंगफली का तेल. ये दिल के लिए अच्छा माना जाता है. इसमें भी अनसैचुरेटेड फैटी एसिड्स होते हें. ये शरीर में गुड कोलेस्ट्रॉल बढ़ाता है.
आप राइस ब्रान ऑयल (धान की भूसी का तेल) और सेसमे ऑयल (तिल का तेल) भी इस्तेमाल कर सकते हैं. वनस्पति ऑयल और बहुत ज़्यादा घी, फैट या बटर से बचें.
दिल को हेल्दी रखने में सिर्फ़ अच्छी डाइट काफ़ी?संतुलित खाने के अलावा रेगुलरली एक्सरसाइज़ करें. हफ्ते में 150 मिनट एक्सरसाइज़ करने की सलाह दी जाती है. आप जॉगिंग और साइकलिंग कर सकते हैं. हफ्ते में 2 दिन स्ट्रेंथ ट्रेनिंग करना भी सही रहेगा. वज़न कंट्रोल में रखें, खासकर पेट के आसपास चर्बी जमा न होने दें.
किसी भी तरह के धूम्रपान और शराब पीने से बचें. रोज़ 7 से 9 घंटे की अच्छी नींद लें. हेल्दी रहने के लिए ये बहुत ज़रूरी है. लगातार स्ट्रेस में दिल की बीमारियों का रिस्क बढ़ जाता है, इसलिए स्ट्रेस कम से कम लें.
अगर किसी तरह का रिस्क फैक्टर है, तो डॉक्टर से मिलकर जांच ज़रूर कराएं. अगर कोई दवा ले रहे हैं, तो उसे समय पर लें और रेगुलर फॉलोअप करते रहें.
ये भी पढ़ें: बारिश के मौसम में ये गलती की तो आंखों में इंफेक्शन का ख़तरा बढ़ जाएगा
पहले से दिल, बीपी, शुगर की बीमारी तो क्या ध्यान रखें?अगर आपको पहले से दिल की कोई बीमारी है. ब्लड प्रेशर से जुड़ी समस्या है. शुगर या कोलेस्ट्रॉल कंट्रोल करने की दवाइयां लेते हैं. तब कुछ चीज़ों का खास ध्यान रखें.
अपनी दवाइयां रोज़ समय पर लें. आपकी प्लेट हरी-भरी होनी चाहिए. आधे हिस्से में हरी सब्ज़ियां, 25% हिस्से में साबुत अनाज और बाकी हिस्से में प्रोटीन हो. इसके अलावा, तली-भुनी या मीठी चीज़ें न खाएं. पैकेट में मिलने वाली नमकीन और चिप्स न लें. प्रोसेस्ड मीट और ज़्यादा नमक वाली चीज़ें खाने से बचें.
पर्याप्त पानी पीना शरीर के लिए फ़ायदेमंद होता है. इसलिए रोज़ 3 से 4 लीटर पानी ज़रूर पिएं. अगर कभी आपको दिल से जुड़ी कोई दिक्कत हो. जैसे सीने में दर्द, सांस फूलना, धड़कन का तेज़ या इर्रेगुलर होना, तो बिना देर किए डॉक्टर से मिलें.
(यहां बताई गई बातें, इलाज के तरीके और खुराक की जो सलाह दी जाती है, वो विशेषज्ञों के अनुभव पर आधारित है. किसी भी सलाह को अमल में लाने से पहले अपने डॉक्टर से ज़रूर पूछें. दी लल्लनटॉप आपको अपने आप दवाइयां लेने की सलाह नहीं देता.)
वीडियो: सेहत: पैलेट गन के छर्रे कितने ख़तरनाक?











