बैड कोलेस्ट्रॉल बढ़ा हुआ है तो क्या खाएं, और क्या नहीं. बढ़ा हुआ कोलेस्ट्रॉल, दिल का दुश्मन है. ये आपको पता ही है. लेकिन हर कोलेस्ट्रॉल बुरा नहीं होता. एक होता है गुड कोलेस्ट्रॉल यानी HDL. ये हाई-डेंसिटी लिपोप्रोटीन, दिल की बीमारियों और स्ट्रोक का रिस्क घटाता है. दूसरा है बैड कोलेस्ट्रॉल यानी LDL. इसका बढ़ना ख़तरनाक है. ये लो-डेंसिटी लिपोप्रोटीन, दिल की बीमारियों का खतरा बढ़ाता है. अगर ये बढ़ जाए, तो दिल की धमनियों में जमा हो सकता है. जिससे उनमें खून का फ्लो घट सकता है या पूरी तरह बंद भी हो सकता है. इससे हार्ट अटैक आने, स्ट्रोक पड़ने का ख़तरा बढ़ जाता है. सीने में भयंकर दर्द भी हो सकता है.
कोलेस्ट्रॉल बढ़ा है तो समोसा-पूड़ी से दूर रहें, पर ये चीजें डटकर खाएं
आज डॉक्टर से समझते हैं कि बैड कोलेस्ट्रॉल बढ़ने से रोकने के लिए क्या खाएं. बैड कोलेस्ट्रॉल बढ़ा हुआ है तो क्या न खाएं. और गुड कोलेस्ट्रॉल कैसे बढ़ाएं.

इसलिए बैड कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल में रखना ज़रूरी है. और इसमें मदद कर सकती है आपकी डाइट. तो समझते हैं कि बैड कोलेस्ट्रॉल बढ़ने से रोकने के लिए क्या खाएं. बैड कोलेस्ट्रॉल बढ़ा हुआ है तो क्या न खाएं. और गुड कोलेस्ट्रॉल कैसे बढ़ाएं. पहले ये समझते हैं कि बैड कोलेस्ट्रॉल बढ़ने से रोकने के लिए क्या खाएं?
- LDL या बैड कोलेस्ट्रॉल घटाने के लिए हरी सब्ज़ियां और फल खाएं
- हरी सब्ज़ियों में पालक, मेथी और सरसों खा सकते हैं
- फलों में सेब, संतरा और अमरूद खाए जा सकते हैं
- इनमें खूब डाइटरी फाइबर होता है, जो कोलेस्ट्रॉल को बांधकर शरीर से बाहर निकाल देता है
- एंटीऑक्सीडेंट्स की वजह से ये दिल को हेल्दी रखने में भी मदद करते हैं
- साबुत अनाज, जैसे गेहूं, ब्राउन राइस, बाजरा और रागी ले सकते हैं
- ये सभी कोलेस्ट्रॉल घटाने में मदद करते हैं
ड्राई फ्रूट्स, जैसे बादाम और अखरोट भी ज़रूर खाएं. ये ओमेगा-थ्री फैटी एसिड्स के अच्छे सोर्स हैं. इन्हें खाने से बैड कोलेस्ट्रॉल घटाने में मदद मिलती है. आप रोज़ नाश्ते में ओट्स खा सकते हैं. इसमें बीटा-ग्लूकन नाम का घुलनशील फाइबर होता है. इससे LDL यानी बैड कोलेस्ट्रॉल कम होता है. आप फैटी फिश भी खा सकते हैं, जैसे सैल्मन और मैकेरल. हालांकि ये मछलियां विदेशों में ज़्यादा मिलती हैं. इसलिए भारत में आप रोहू या ताज़े पानी की दूसरी मछलियां खा सकते हैं. ये आपके लोकल फिश मार्केट में मिल जाएंगी. बस ये ध्यान रखें कि मछली बनाने में ज़्यादा तेल इस्तेमाल न हो.
बैड कोलेस्ट्रॉल बढ़ा हुआ है, तो क्या न खाएं?
अगर बैड कोलेस्ट्रॉल यानी LDL बहुत बढ़ा हुआ है तब समोसे, पूड़ी और फ्रेंच फ्राइज़ जैसी तली हुई चीज़ें न खाएं. इन्हें बनाने में बार-बार एक ही तेल इस्तेमाल होता है. ये सभी चीज़ें ट्रांस फैट से भरी हुई होती हैं. इन्हें खाने से शरीर में अंदरूनी सूजन और एथेरोस्क्लेरोसिस यानी धमनियों में प्लाक जमने की प्रक्रिया बढ़ जाती है. आपको रेड मीट या प्रोसेस्ड मीट, जैसे सॉसेज और सलामी, कम से कम खाने चाहिए. वैसे इन्हें न खाना ही सबसे बेहतर रहता है. इसी तरह, शराब भी नहीं पीनी चाहिए. खाने-पीने की बात करें तो,
कार्बोनेटेड ड्रिंक्स, जैसे कोल्ड ड्रिंक्स और शुगरी ड्रिंक्स में चीनी बहुत ज़्यादा होती है. इन्हें ज़्यादा पीने से शरीर में ट्राइग्लिसराइड्स का लेवल बढ़ सकता है. इससे LDL और कोलेस्ट्रॉल के लेवल पर भी बुरा असर पड़ सकता है. बटर और घी भी कम खाना चाहिए. ये टेस्ट तो बढ़ाते हैं लेकिन अंदरूनी तौर पर नुकसान होता है. इनके ज़्यादा इस्तेमाल से शरीर में अंदरूनी सूजन और एथेरोस्क्लेरोसिस का ख़तरा बढ़ता है.
(यह भी पढ़ें: घर पर अकेले हैं और हार्ट अटैक जैसा लगे तो ये 3 काम सबसे पहले करें)
गुड कोलेस्ट्रॉल कैसे बढ़ाएं?
गुड कोलेस्ट्रॉल यानी HDL बढ़ाने के लिए ओमेगा-थ्री से भरपूर चीज़ें जैसे फ्लैक्स सीड्स, चिया सीड्स और अखरोट खाने चाहिए. इसके अलावा-
- हेल्दी फैट्स, जैसे ऑलिव ऑयल या सरसों का तेल ले सकते हैं
- एवोकाडो भी हेल्दी फैट्स का अच्छा सोर्स है
- इसे आप अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं
- स्मोकिंग बिल्कुल न करें
- इससे HDL लेवल बढ़ाने में मदद मिलती है
- रोज़ थोड़ी देर एक्ससाइज़ भी ज़रूर करें
- कोशिश करें कि आप ज़्यादा देर तक बैठें न
- हर थोड़ी देर में चलते रहें, ताकि मूवमेंट बनी रहे
- अगर जिम जा सकते हैं तो ज़रूर जाएं, वहां वज़न उठाएं
- लिफ्ट लगी है तो उसे छोड़कर सीढ़ियों का इस्तेमाल करें
कुलजमा बात ये है कि अगर बैड कोलेस्ट्रॉल बहुत बढ़ा हुआ है, तो सिर्फ डाइट सुधारने से काम नहीं चलेगा. दवाइयां भी खानी पड़ेंगी. और साथ में ओवरऑल लाइफस्टाइल भी सुधारनी पड़ेगी.
(यहां बताई गई बातें, इलाज के तरीके और खुराक की जो सलाह दी जाती है, वो विशेषज्ञों के अनुभव पर आधारित है. किसी भी सलाह को अमल में लाने से पहले अपने डॉक्टर से ज़रूर पूछें. दी लल्लनटॉप आपको अपने आप दवाइयां लेने की सलाह नहीं देता.)
वीडियो: सेहत: कोलेस्ट्रॉल बढ़ गया है तो क्या खाएं? LDL कम करने के लिए डाइट में शामिल करें ये चीजें












