The Lallantop

मसूड़ों में सूजन क्यों होती है? क्या इसे घरेलू नुस्खों से ठीक किया जा सकता है?

डॉक्टर से समझेंगे कि मसूड़ों में सूजन क्यों आ जाती है. इसे कम करने के असरदार घरेलू तरीके क्या हैं. मसूड़ों में सूजन से कैसे बचें और कब डेंटिस्ट को ज़रूर दिखाएं.

Advertisement
post-main-image
मसूड़ों में सूजन एक आम समस्या है (फोटो: Magnific)

मसूड़ों में सूजन. ये एक बहुत ही आम समस्या है. इसकी वजह से ब्रश करते समय मसूड़ों में दर्द होता है. उनसे खून निकल सकता है. यहां तक कि दांतों में खाना भी फंस सकता है. इसलिए मसूड़ों की सूजन दूर होना बहुत ज़रूरी है. कैसे होगा ये, यही जानेंगे आज. डॉक्टर से समझेंगे कि मसूड़ों में सूजन क्यों आ जाती है. इसे कम करने के असरदार घरेलू तरीके क्या हैं. मसूड़ों में सूजन से कैसे बचें और कब डेंटिस्ट को ज़रूर दिखाएं. 

Advertisement

मसूड़ों में सूजन क्यों आ जाती है?

ये हमें बताया डॉक्टर चेतना जोशी ने. 

dr chetna joshi
डॉ. चेतना जोशी, डेंटिस्ट, सीमा डेंटल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, ऋषिकेश

मसूड़ों में सूजन आने के कई कारण हो सकते हैं. जैसे मुंह की सफ़ाई न रखना और समय पर ब्रश न करना. दूसरा कारण शरीर में हॉर्मोनल बदलाव होना है. प्रेग्नेंसी या प्यूबर्टी के दौरान हॉर्मोन्स में होने वाले बदलावों से भी मसूड़ों में सूजन आ सकती है. तीसरा कारण डायबिटीज़ या हाइपरटेंशन जैसी बीमारियां हैं. इनकी कुछ दवाओं से भी मसूड़ों में सूजन हो सकती है. चौथा कारण शरीर में पोषक तत्वों की कमी है. जैसे विटामिन B12 की कमी, एनीमिया या दूसरी पोषण संबंधी कमियों से भी मसूड़ों में सूजन हो सकती है.

Advertisement

मसूड़ों की सूजन कम करने के घरेलू उपाय 

- आप गुनगुने पानी से कुल्ला कर सकते हैं.

- रोज़ समय पर ब्रश करें.

- गुनगुने पानी में नमक डालकर भी कुल्ला कर सकते हैं.

Advertisement

ये भी पढ़ें: ब्रेस्ट कैंसर की गांठ कैसे पहचानें? इन लक्षणों को भी इग्नोर न करें

आपके डेंटिस्ट दांतों और मसूड़ों की सफ़ाई कर सकते हैं. ज़रूरत पड़ने पर एंटीबायोटिक्स दी जा सकती हैं. अगर फिर भी मसूड़ों में बहुत ज़्यादा सूजन बनी रहे. तब डॉक्टर पेरियोडोंटल सर्जरी की सलाह दे सकते हैं. इसलिए मसूड़ों की समस्या को नज़रअंदाज़ न करें और समय पर डेंटिस्ट से जांच करवाएं.

मसूड़ों में सूजन से कैसे बचें?

अगर मसूड़ों या दांतों के बीच कुछ फंस जाए. तब उसे निकालने के लिए टूथपिक का इस्तेमाल न करें. इसके बजाय डेंटल फ्लॉस का इस्तेमाल करें. हर बार खाना खाने के बाद ब्रश और पानी से कुल्ला करें. ज़रूरत के अनुसार माउथवॉश भी इस्तेमाल कर सकते हैं. अगर दांतों के बीच फंसी चीज़ आसानी से न निकले, तो उसे खुद निकालने की कोशिश न करें. ऐसे में आप डेंटिस्ट के पास जा सकते हैं.

ये भी पढ़ें: 'बुजुर्गों का अर्थराइटिस' जवानों को क्यों हो रहा? डॉक्टर से इलाज जानिए

कब डेंटिस्ट से मिलना ज़रूरी है?

अगर मसूड़ों में सूजन ज़्यादा है और लगातार बढ़ रही है. मसूड़ों से पस निकल रहा है या खून आ रहा है. तब ऐसे में बिना देर किए डेंटिस्ट के पास जाना चाहिए.

(यहां बताई गई बातें, इलाज के तरीके और खुराक की जो सलाह दी जाती है, वो विशेषज्ञों के अनुभव पर आधारित है. किसी भी सलाह को अमल में लाने से पहले अपने डॉक्टर से ज़रूर पूछें. दी लल्लनटॉप आपको अपने आप दवाइयां लेने की सलाह नहीं देता.)

वीडियो: सेहत: ब्रेस्ट कैंसर के लक्षण किस स्टेज में दिखते हैं?

Advertisement