BTS. नाम तो सुना ही होगा. K-Pop बैंड है और दुनियाभर में खूब मशहूर है. हमारे देश में भी इनकी अच्छी-खासी फैन फॉलोइंग है. इसी BTS के एक मेंबर हैं- V यानी Kim Taehyung. 12 अगस्त 2026 को V और BTS के दूसरे सदस्य जंगकूक Weverse पर लाइव थे. इस दौरान V ने बताया कि पिछले ढाई साल से ज़्यादा समय से उन्हें एक कान से बहुत कम सुनाई दे रहा है. V ने कहा, 'अगर इस कान से सुनने की क्षमता 100% है, तो दूसरे कान से सिर्फ 30% ही सुन पाता हूं.'
दुनिया को अपना म्यूजिक सुना रहे BTS के V को खुद सुनने में दिक्कत, क्या वे कभी पूरा सुन पाएंगे?
V और BTS के दूसरे सदस्य जंगकूक हाल ही में Weverse पर लाइव थे. इस दौरान V ने बताया कि पिछले ढाई साल से ज़्यादा समय से उन्हें एक कान से बहुत कम सुनाई दे रहा है.

उन्होंने ये भी बताया कि जब वो मिलिट्री में सर्विस कर रहे थे. तब उनकी सुनने की क्षमता और ख़राब हो गई थी. शुरुआत में उन्होंने इसे सीरियसली नहीं लिया. V को लगा कि शायद ये कठिन ट्रेनिंग की वजह से होने वाली शारीरिक थकान है. वो इसे सह सकते हैं और ट्रेनिंग आगे जारी रख सकते हैं. इस वजह से उन्होंने प्रॉपर मेडिकल चेकअप कराने में देर कर दी. जिससे उनकी दिक्कत और बढ़ गई. हालांकि अब वो दवाइयां ले रहे हैं, और रेगुलरली हॉस्पिटल जाकर चेकअप करा रहे हैं.

अब जब से V ने एक कान से कम सुनने की बात बताई है, तब से फैंस परेशान हैं. वो जानना चाह रहे हैं कि क्या इलाज के बाद उनके सुनने की क्षमता पूरी तरह वापस आ सकती है?
इस बारे में नारायणा हॉस्पिटल, गुरुग्राम में ENT डिपार्टमेंट के डायरेक्टर और सीनियर कंसल्टेंट, डॉक्टर प्रोफेसर अमित शर्मा कहते हैं कि जब एक कान से सुनने की क्षमता सामान्य हो. लेकिन दूसरे कान से सुनने की क्षमता कम या पूरी तरह खत्म हो जाए. तब इसे यूनिलेटरल हियरिंग लॉस कहते हैं. ये समस्या अचानक भी हो सकती है, और धीरे-धीरे भी. सुनने की क्षमता पर कितना असर पड़ेगा, ये केस-टू-केस निर्भर करता है.

एक कान से कम सुनाई देने के कई कारण हो सकते हैं. जैसे कान में वैक्स जमा होना, कान में इंफेक्शन, कान के पर्दे या बीच के हिस्से में कोई समस्या, तेज़ आवाज़ के संपर्क में रहना, कान में चोट लगना, बढ़ती उम्र या कुछ दवाओं का साइड इफेक्ट. अचानक होने वाला सेंसरिन्यूरल हियरिंग लॉस भी इसकी एक वजह हो सकता है. इसमें कान के अंदरूनी हिस्से या सुनने वाली नस को नुकसान पहुंचता है.
कई बार शुरुआत में व्यक्ति को पता ही नहीं चलता, कि उसे एक कान से कम सुनाई दे रहा है. क्योंकि दूसरा कान सुनने की कमी की भरपाई करता रहता है. लेकिन कुछ संकेत हैं, जिनसे आप इस दिक्कत का पता लगा सकते हैं. जैसे-
- फोन पर एक ही कान से सुनने में परेशानी होना.
- भीड़ या शोर वाली जगह पर बातचीत समझने में दिक्कत होना.
- आवाज़ किस दिशा से आ रही है, ये पहचानने में परेशानी होना.
- लोगों से बार-बार बात दोहराने के लिए कहना.
ये भी पढ़ें: कूल्हे में दर्द को और इग्नोर मत कीजिए, ये गंभीर बीमारी का संकेत हो सकता है
अगर लगे कि एक कान से कम सुनाई दे रहा है. तो आप डॉक्टर से मिलकर हियरिंग टेस्ट करा सकते हैं. जैसे ऑडियोमेट्री. इससे सुनने की क्षमता और हियरिंग लॉस की गंभीरता का सटीक आकलन किया जा सकता है. आगे इलाज पूरी तरह कारण और कितना हियरिंग लॉस हुआ है, उस पर निर्भर करता है. अगर कान में वैक्स जमा थी या इंफेक्शन हो गया था, तब उसे ठीक किया जाता है.
अगर वजह सेंसरिन्यूरल हियरिंग लॉस है, तो जल्द से जल्द इलाज शुरू करना ज़रूरी होता है. डॉक्टर आपकी स्थिति के हिसाब से दवाइयां और दूसरे उपचार सुझा सकते हैं. वैसे हर मरीज़ में सुनने की क्षमता पूरी तरह वापस आना मुमकिन नहीं होता. अगर हियरिंग लॉस स्थायी है, तो हियरिंग एड, क्रॉस हियरिंग सिस्टम या कुछ मामलों में कॉक्लियर इंप्लांट की मदद ली जा सकती है.
(यहां बताई गई बातें, इलाज के तरीके और खुराक की जो सलाह दी जाती है, वो विशेषज्ञों के अनुभव पर आधारित है. किसी भी सलाह को अमल में लाने से पहले अपने डॉक्टर से ज़रूर पूछें. दी लल्लनटॉप आपको अपने आप दवाइयां लेने की सलाह नहीं देता.)
वीडियो: सेहत: हेयर सिरम लगाने से बाल झड़ना रुक जाएंगे?













