The Lallantop

पड़ताल: जयंत चौधरी के 'जाटों का ठेका नहीं लिया' वाले बयान से छेड़छाड़ कर BJP ने भ्रम फैलाया

सोशल मीडिया यूज़र्स वायरल वीडियो को शेयर कर जयंत चौधरी पर कटाक्ष कर रहे हैं.

Advertisement
post-main-image
दावा है कि जयंत चौधरी ने जाट समाज का अपमान किया है.
दावा यूपी में समाजवादी पार्टी गठबंधन के सहयोगी और राष्ट्रीय लोकदल पार्टी के अध्यक्ष जयंत चौधरी का एक वीडियो इंटरनेट पर जमकर वायरल हो रहा है. 9 सेकेंड के इस वीडियो में जयंत चौधरी जाट समाज को लेकर कुछ कहते हुए दिखाई दे रहे हैं. वायरल वीडियो के मुताबिक, जयंत चौधरी का कहना है कि-
जाट वोटर क्या करेगा या जाट का क्या मन है? माफ कीजिए ये ठेका तो मैंने कभी लिया नहीं था.
वायरल वीडियो को यूपी बीजेपी ने ट्वीट कर लिखा, (आर्काइव)
जयंत जी सही कह रहे थे, आपने जाट समाज का ठेका नहीं लिया है। इसीलिए आप सत्ता की लालच में मुजफ्फरनगर दंगे का दंश झेल रही बहन-बेटियों के घावों पर नमक छिड़कते हुए तुष्टिकरण करने वालों के साथ जा खड़े हुए हैं। पश्चिम उत्तर प्रदेश आज भी दंगों की दु:खद यादों को भूला नहीं है।
दिल्ली बीजेपी की प्रवक्ता और बीजेपी महिला मोर्चा की नेशनल मीडिया इंचार्ज नीतू सिंह ने वायरल वीडियो ट्वीट कर जयंत चौधरी को सत्ता का लालची बताया. (आर्काइव) इनके अलावा मुरादाबाद में नगर सीट से बीजेपी विधायक रितेश कुमार गुप्ता और बीजेपी के राज्यसभा सांसद संजय सेठ ने वायरल वीडियो को हालिया विधानसभा चुनाव से जोड़ते हुए ट्वीट कर जयंत चौधरी पर निशाना साधा है. पड़ताल दी लल्लनटॉप ने वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए पड़ताल की. हमारी पड़ताल में वायरल दावा भ्रामक साबित हुआ. वायरल वीडियो में सुनाई दे रहा जयंत चौधरी का बयान करीब तीन साल पुराना है. वायरल वीडियो में सुनाई दे रहे जयंत चौधरी के बयान को हमने यूट्यूब पर सर्च किया. सर्च करने पर हमें INDIA TV न्यूज चैनल के यूट्यूब चैनल पर 31 मार्च 2019 को अपलोड हुआ वायरल वीडियो का लंबा वर्जन मिला. इस वीडियो का टाइल अंग्रेजी में है, जिसका हिंदी अनुवाद कुछ इस तरह है-
मैं सिर्फ किसानों के लिए चिंतित हूं जाटों के लिए नहीं: RLD नेता जयंत चौधरी
40 सेकेंड के इस वीडियो में जयंत चौधरी 23वे सेकेंड पर कहते हैं,
जाट वोटर क्या करेगा या जाट का क्या मन है? माफ कीजिए ये ठेका तो मैंने कभी लिया नहीं था. मैं किसानों की बात करता हूं और किसान के साथ मजदूर-कामगार सब कौम जुड़ गई है. हर एक आदमी सोचेगा सूझ-बूझ से काम लेगा.
यूट्यूब पर ही हमें UP TAK यूट्यूब चैनल पर 31 मार्च 2019 को अपलोड किया गया एक दूसरा वीडियो मिला. इस वीडियो में 36 सेकेंड से आप रिपोर्टर के सवाल समेत जयंत चौधरी का पूरा जवाब सुन सकते हैं. रिपोर्टर का सवाल होता है कि,
'कांग्रेस अब आपसे अलग हो गई है जाट कैंडिडेट उतार दिया है. तो जाट वोट भी आपसे कहीं न कहीं आपसे भटकेगा.'
इसके बाद जयंत चौधरी कहते हैं,
'जाट वोटर क्या करेगा या जाट का क्या मन है? माफ कीजिए ये ठेका तो मैंने कभी लिया नहीं था. मैं किसानों की बात करता हूं और किसान के साथ मजदूर-कामगार सब कौम जुड़ गई है. हर एक आदमी सोचेगा, सूझ-बूझ से काम लेगा और उसके दिल में भी आवाज है इस बार कि चौधरी अजित सिंह जी को मजबूत करें, मायावती जी को मजबूत करें, अखिलेश जी को मजबूत करें. तो उस चीज को देखते हुए कहीं टूट होनी नहीं.'
नतीजा हमारी पड़ताल में वायरल दावा भ्रामक निकला. वायरल वीडियो में सुनाई दे रहा बयान लोकसभा चुनाव 2019 यानी करीब तीन साल पुराना है. साथ ही असली बयान से छेड़छाड़ कर इसे गलत दावों के साथ हालिया विधानसभा चुनाव से जोड़कर शेयर किया जा रहा है.
पड़ताल की वॉट्सऐप हेल्पलाइन से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें. ट्विटर और फेसबुक पर फॉलो करने के लिए ट्विटर लिंक और फेसबुक लिंक पर क्लिक करें.

Advertisement
Advertisement