सोशल मीडिया पर शादी समारोह की एक तस्वीर वायरल है जिसमें एक व्यक्ति बिस्तर पर लेटा है. उसके आसपास कई लोग खड़े हैं. इन लोगों में कुछ महिलाएं भी हैं जिनपर बिस्तर पर लेटा शख्स पैसा उड़ाते नज़र आ रहा है. अब इस फोटो को शेयर करके दावा किया जा रहा कि अमुख व्यक्ति बिहार का है और वो कैंसर से पीड़ित है. कहा जा रहा कि उसका कैंसर लास्ट स्टेज चल रहा है और उसने अंतिम इच्छा में ऑर्केस्ट्रा करवाने की मांग की थी. दावा किया जा रहा कि 7 लाख में 7 डांसर्स बुलाई गईं. वो डांस कर रहीं और लड़का उनपर पैसे उड़ा रहा है.
पड़ताल: कैंसर पीड़ित बेटे की आखिरी इच्छा, परिवार ने डांसर बुलाकर 7 लाख उड़वा दिए?
एक फोटो को शेयर करके दावा किया जा रहा कि अमुख व्यक्ति बिहार का है और वो कैंसर से पीड़ित है. कहा जा रहा कि उसका लास्ट स्टेज चल रहा है और उसने अंतिम इच्छा में ऑर्केस्ट्रा करवाने की मांग की थी. दावा किया जा रहा कि 7 लाख में 7 लड़कियां बुलाई गईं. वो डांस कर रहीं और लड़का पैसे उड़ा रहा है.


रंजन सिंह नाम के यूज़र ने X पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा,
“यह लड़का बिहार का है. इसको कैंसर हो चुका है, लास्ट स्टेज चल रहा है. अब जिंदा रहना मुश्किल है. घरवालों और दोस्तों ने इसकी अंतिम इच्छा पूछी. लड़का बोलता है कि उसकी अंतिम इच्छा है Orchestra करवाने की जिसमें ढेर सारी लड़कियां हों, नौजवान हों और पैसे उड़ाएं. दोस्तों ने और घरवालों ने लड़के की अंतिम इच्छा पूरी कर दी. 7 लाख रुपये में Orchestra की 7 लड़कियां मंगवाईं गईं. लड़कियां डांस कर रही हैं, Orchestra चल रहा है और लड़का पैसे उड़ा रहा है.”
पोस्ट का आर्काइव लिंक यहां देख सकते हैं.
इसी तरह के दावे कई अन्य यूजर्स ने भी किए हैं जिनके पोस्ट यहां और यहां देख सकते हैं.
क्या है सच्चाई? यह जानने के लिए हमने वायरल पोस्ट के कैप्शन खंगाले. हमें आयुष यादव नाम के यूज़र का कॉमेंट मिला. आयुष ने वायरल दावे का खंडन किया है. बताया है कि मामला यूपी के गोरखपुर का है और तस्वीर में नज़र आ रहे लड़के को कैंसर नहीं हुआ है, बल्कि ये उसकी बहन की शादी का दृश्य है.
हमने इससे हिंट लेते हुए आयुष से संपर्क किया. उन्होंने बताया कि वायरल तस्वीर में बिस्तर पर लेटे हुए शख्स का नाम अमन पासवान है और ये गोरखपुर के जानीपुर गांव का रहने वाले हैं. अमन ने बताया कि तस्वीर पवन के बहन की शादी की है, जिसको गलत तरीके से शेयर किया जा रहा है. उनके ज़रिए हमें अमन पासवान का नंबर मिला. अमन ने अपने इंस्टाग्राम पेज पर भी शादी का वीडियो 22 जून, 2026 को अपलोड किया है. इसी वीडियो का स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर वायरल है.
अमन पासवान ने लल्लनटॉप से बातचीत में बताया कि वायरल दावा पूरी तरह से फेक है. उन्हें कैंसर या उस तरह की कोई बीमारी नहीं है. उन्होंने कहा,
“मेरी बहन की शादी 21 जून को थी. लेकिन उससे करीब 20 दिन पहले 31 मई को मेरा एक्सीडेंट हो गया था. मेरे पैर और कूल्हे में काफी चोट आ गईं. जिसके बाद डॉक्टर ने बेड रेस्ट के लिए कहा था. लेकिन तबतक शादी की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं, जिसमें ऑर्केस्ट्रा का भी इंतजाम किया गया था. वायरल तस्वीर मेरी बहन की शादी की है. लेकिन इसे भ्रामक तरीके से शेयर किया जा रहा है.”
अमन के इंस्टाग्राम पोस्ट पर हमें उनकी बहन की शादी की कई तस्वीरें और वीडियो भी मिले.
नतीजा:-कुल मिलाकर, हमारी पड़ताल में साफ है कि गोरखपुर में हुई शादी की तस्वीर को बिहार का बताकर भ्रामक तरीके से शेयर किया जा रहा है.
पड़ताल की वॉट्सऐप हेल्पलाइन से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.
ट्विटर और फेसबुक पर फॉलो करने के लिए ट्विटर लिंक और फेसबुक लिंक पर क्लिक करें.
वीडियो: गेस्ट इन द न्यूजरूम: 'चप्पा चप्पा चरखा चले' के पीछे की कहानी, लता क्यों हुई थीं नाराज? सुरेश वाडकर ने सब बताया

















