'मेरे किसान भाइयों को मैं वादा करता हूं कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद...पहली ही मीटिंग में पहला ही काम... किसानों की कर्ज माफी का कर दिया जाएगा. और मैं खुद... मैं खुद इस काम को करवा के रहूंगा. ये मेरी जिम्मेवारी मान लीजिए.'प्रधानमंत्री के भाषण का वीडियो, जो शेयर किया जा रहा है-
-
क्या कहकर शेयर किया जा रहा वीडियो? ये वीडियो ये कहकर शेयर किया जा रहा है कि 'यही है वो वीडियो... आखिर मिल ही गया. इसी बात पर किसानों ने 2014 में मतदान किया था. फेसबुक पर सतीश मीना, हरियाणा कांग्रेस व्यापार सेल, सिरसा और राधे राजस्थानी जैसे फेसबुक पेज से इस वीडियो को लगातार शेयर किया जा रहा है. इन पेजों पर लोग तरह-तरह के कमेंट कर रहे हैं. कुछ लोग प्रधानमंत्री को जुमलेबाज बता रहे हैं तो कुछ इस वीडियो को फेक बता रहे हैं. हमने इस वीडियो की सच्चाई पता लगाने की कोशिश की. और ये जानने की कोशिश की क्या वाकई में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कभी इस तरह का कोई वादा किया था? या फिर ये कोई फेक वीडियो है?

कुछ लोग प्रधानमंत्री को जुमलेबाज बता रहे हैं तो कुछ इस वीडियो को फेक बता रहे हैं. स्क्रीनशॉट.
पड़ताल में क्या मिला? हमारी पड़ताल में ये पता चला कि ये वीडियो फेक नहीं है. ये वीडियो सही है. वीडियो 13 फरवरी, 2017 का है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तर प्रदेश के विधानसभा का चुनाव प्रचार करने लखीमपुर खीरी में थे. उसी समय उन्होंने ये भाषण दिया था. लेकिन इस भाषण में प्रधानमंत्री के भाषण के साथ छेड़छाड़ की गई है. वीडियो में जो अंश सुनाया जा रहा है, वो पूरा नहीं है. मतलब ये कि वीडियो से छेड़छाड़ की गई है. वीडियो में प्रधानमत्री के भाषण के शुरुआत के कुछ शब्द काट दिए गए हैं. प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में किसानों का कर्ज माफ करने का वादा किया था, लेकिन उत्तर प्रदेश के किसानों का. प्रधानमंत्री का भाषण कुछ यूं था-
'आपने मुझे उत्तर प्रदेश का सांसद भी बनाया है. तो उत्तर प्रदेश के सांसद के नाते. लखीमपुर के और उत्तर प्रदेश के मेरे किसान भाइयों को मैं वादा करता हूं कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद़...पहली ही मीटिंग में पहला ही काम... किसानों की कर्ज माफी का कर दिया जाएगा. और मैं खुद... मैं खुद इस काम को करवा के रहूंगा. ये मेरी जिम्मेवारी मान लीजिए.'प्रधानमत्री के भाषण का पूरा वीडियो-
जाहिर है इस वीडियो में प्रधानमंत्री के भाषण के शुरुआत के कुछ अंश हटाकर इसे शेयर किया जा रहा है. हकीकत में उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद पहली ही कैबिनेट बैठक में किसानों की कर्जमाफी पर फैसला हो गया था. इसके बाद यूपी सरकार ने किसानों का करीब 36,000 करोड़ रुपए का कर्ज माफ करने का ऐलान कर दिया था. पहले चरण में करीब 12 लाख किसानों के 7,371 करोड़ रुपए माफ करने का दावा किया गया था.
वीडियोः पड़ताल: क्या राहुल गांधी के रोड शो में लहराए गए पाकिस्तानी झंडे?














