क्या है वायरल पोस्ट में सोशल मीडिया पर राहुल गांधी के रोड शो से संबंधित कई पोस्ट वायरल हैं. इन पोस्ट में रोड शो के दौरान लोग हरे झंडे लहरा रहे हैं. कुछ पोस्ट में इन झंडों को पाकिस्तानी झंडा बताया जा रहा है. वहीं कुछ पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि राहुल गांधी के रोड शो में इस्लामिक झंडे लहराए गए. राहुल गांधी के रोड शो को लोकल और नेशनल मीडिया ने कवर किया. इन चैनलों के वीडियो क्लिप में भी हरे झंडे दिख रहे हैं. इन वीडियो को पोस्ट करने वालों का दावा है कि ये झंडे पाकिस्तान के हैं.



एक्ट्रेस कोएना मित्रा ने 4 अप्रैल को ट्विटर पर एक फोटो पोस्ट करते हुए लिखा, पहला विभाजन आतंकवादी जिन्ना द्वारा किया गया था, अगला राहुल गांधी कर सकते हैं. इस्लामिक झंडे ने उनका केरल में स्वागत किया. कांग्रेस का घोषणापत्र को 'प्रो-जिहाद और जवान विरोधी , भारत-विरोधी है. कोई व्यक्ति 'गज़वा-ए-हिंद' के लिए कड़ी मेहनत कर रहा है.

सच क्या है
केरल के वायनाड में 4 अप्रैल को राहुल गांधी के रोड शो में हरे झंडे लहराए गए. लेकिन ये झंडे न तो पाकिस्तान के थे और ना ही इस्लामिक झंडे थे. ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर ये झंडे थे किसके. ये झंडे केरल में कांग्रेस की सहयोगी पार्टी इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) के थे. केरल में कांग्रेस यूडीएफ गठबंधन का हिस्सा है. इसमें 6 पार्टियां शामिल हैं. इनमें इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग भी है. गठबंधन में सहयोगी होने के नाते राहुल गांधी की उम्मीदवारी का मुस्लिम लीग ने स्वागत किया. मुस्लिम लीग के कार्यकर्ताओं ने राहुल के रोड शो के दौरान अपनी पार्टी के झंडे लहराए.

इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग की वेबसाइट जिस पर पार्टी का झंडा दिख रहा है.
# इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग बहुत ही पुरानी राजनीतिक पार्टी है. इसकी स्थापना देश की आजादी के 6 महीने बाद ही मार्च 1948 में हो गई थी. केरल में वह लंबे समय से कांग्रेस की सहयोगी पार्टी है. 2014 के लोकसभा चुनाव में यूपीए की करारी हार के लिए आईयूएमएल ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को जिम्मेदार ठहराया था. इस मुस्लिम लीग का संबंध पाकिस्तान के लिए लामबंदी करने वाली मुस्लिम लीग से नहीं है.
# IUML वही पार्टी है जिससे बीजेपी ने भी नागपुर नगर निगम में राज करने के लिए समर्थन लिया था. 2012 में नागपुर नगर निगम के चुनाव हुए. बीजेपी 62 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनी, लेकिन वह बहुमत का आंकड़ा नहीं ला पाई. ऐसे में इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के दो पार्षदों ने बीजेपी का समर्थन किया था.
पाकिस्तान के झंडे और IUML के झंडे में क्या फर्क है इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) पार्टी का झंडा हरा है और उसके बाएं कोने पर चांद सितारे बने हुए हैं.

इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग पार्टी का झंडा
पाकिस्तान का झंडा भी हरा रंग है. उस पर भी चांद सितारे हैं, पाकिस्तानी झंडे में चंद्रमा के साथ बाईं ओर एक सफेद सीमा है और उसके बीच में आधा चांद है. इस्लामिक बैनर में आमतौर पर बीच में एक तारा और आधा चांद होता है. आईयूएमएल के झंडे के ऊपर बाएं कोने में सितारा और आधा चांद है.

पाकिस्तानी झंडा
पड़ताल में क्या निकला वायरल पोस्ट फर्जी हैं. राहुल गांधी के रोड शो में न तो पाकिस्तान के और न ही इस्लामिक झंडे लहराए गए. रोड शो के दौरान जो झंडे लहराए गए वह कांग्रेस की सहयोगी पार्टी IUML के थे. हालांकि IUML और पाकिस्तान दोनों का झंडा हरा होने की वजह से पहली नजर में फर्क करना मुश्किल है. हरा झंडा देखते ही पाकिस्तान के नाम पर इस तरह की पोस्ट को लोग शेयर कर रहे हैं. आपके पास भी कोई पोस्ट या फिर तस्वीर या फिर कोई वीडियो हो, जिसपर आपको शक हो तो उसकी पड़ताल के लिए भेजिए padtaalmail@gmail.com पर. हम उसकी पड़ताल करेंगे और आपको उसकी हकीकत बताएंगे.
फैक्ट चेक: कोलकाता में बीजेपी नेताओं के बीच हुई कथित मारपीट का सच











