क्या कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को उनके सामने ही सुना दिया? वो भी उनके बगल में खड़े होकर. संसद परिसर के भीतर का एक वीडियो वायरल है. वीडियो में रेणुका चौधरी प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज की आलोचना कर रही हैं. इसे शेयर करके कहा जा रहा कि प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज के बीच कांग्रेस सांसद ने धर्मेंद्र प्रधान की उनके सामने ही आलोचना कर दी.
क्या कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी ने धर्मेंद्र प्रधान को मुंह पर खरी-खोटी सुनाई?
क्या कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को उनके सामने ही सुना दिया? वो भी उनके बगल में खड़े होकर. सामने आए वीडियो में रेणुका चौधरी प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज की आलोचना कर रही हैं.


X से लेकर फेसबुक तक वीडियो खूब शेयर किया जा रहा. X पर Honest Cricket Lover के पेज से वीडियो को शेयर किया गया है. कैप्शन में लिखा है, “इतनी बेज्जती के बाद तो धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा दे देना चाहिए." वीडियो में रेणुका के बगल में खड़े सांसद को धर्मेंद्र प्रधान बताया गया है.

पोस्ट पर ढाई हज़ार रिट्वीट्स हैं, साढ़े 5 लाख व्यूज हैं.
फेसबुक पर First Verdict Media ने भी इस वीडियो को शेयर किया. कैप्शन में लिखा, “धर्मेंद्र प्रधान के सामने रेणुका चौधरी की तीखी प्रतिक्रिया, देखें वीडियो”

लेकिन सच्चाई क्या है? थोड़ा सा थमकर अगर वीडियो देखेंगे तो आसानी से समझ जाएंगे. समझ जाएंगे कि जिस शख्स को धर्मेंद्र प्रधान समझा जा रहा है, वो कोई और हैं. ये बात कुछ सुधीजनों ने भी पकड़ी. एक व्यक्ति ने वायरल पोस्ट में नाम भी लिख दिया. ये कांग्रेस सांसद नासिर हुसैन हैं. कर्नाटक के बेल्लारी से आते हैं.

सैयद नासिर हुसैन 2018 से कांग्रेस के राज्यसभा सांसद हैं. उनकी तस्वीरें देखकर साफ है कि वीडियो में वही हैं, धर्मेंद्र प्रधान नहीं.

वीडियो को थोड़ा खोजबीन करने पर हमें ये पत्रकार पूनम पांडे के X हैंडल पर मिला. वो लंबे समय से संसद कवर कर रही हैं. उनसे हमने बात की. पूनम ने बताया कि ये वीडियो उन्होंने ही 20 जुलाई को रिकॉर्ड किया था. दोपहर में करीब डेढ़ बजे के करीब. वीडियो में धर्मेंद्र प्रधान नहीं हैं.
कुल मिलाकर, हमारी पड़ताल में साफ है कि कांग्रेस सांसद नासिर हुसैन को शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान बताकर भ्रामक दावा शेयर किया जा रहा है.
पड़ताल की वॉट्सऐप हेल्पलाइन से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.
ट्विटर और फेसबुक पर फॉलो करने के लिए ट्विटर लिंक और फेसबुक लिंक पर क्लिक करें.
वीडियो: गेस्ट इन द न्यूजरूम: 'टॉक्सिक' पर पहली बार खुलकर बोलीं हुमा कुरैशी, CJP प्रोटेस्ट पर भी दिया जवाब












