The Lallantop

पड़ताल: अमेरिका में दिवाली मनाई गई, पर पटाखे फोड़ने का ये ज़ोरदार वीडियो कहीं और का

500 मीटर लंबी पटाखों की लड़ी फोड़ने का ये वायरल वीडियो सोशल मीडिया पर लाखों बार देखा जा चुका है.

Advertisement
post-main-image
सड़क पर पटाखे फोड़ने का वीडियो दिखाकर दावा किया जा रहा है कि अमेरिका में हिंदुओं ने इस तरह दिवाली मनाई.
दावा साल 2021 में 4 नवंबर को दिवाली का त्योहार भारत समेत दुनिया के कई हिस्सों में मनाया गया. इस बार दिवाली में पटाखे बेचने पर न्यायालयों के आदेश के बाद देश के चुनिंदा शहरों में सीमित पाबंदिया या पूरा बैन लगा हुआ था. बावजूद इसके, देश की राजधानी दिल्ली जैसे बड़े शहरों में पटाखेबाज़ी की ख़बरें आईं. दिवाली के बाद प्रदूषण का स्तर आपातकाल का मानक पार कर गया. दिवाली के बाद पटाखे फोड़ने का एक वीडियो वायरल हो रहा है. दावा किया जा रहा है कि सड़क पर पटाखों की बड़ी लड़ी फोड़ने का ये वीडियो अमेरिका का है और अमेरिका के हिंदुओं ने इस तरह दिवाली मनाई. फेसबुक यूजर अजीत मौर्या एजे ने वीडियो को पोस्ट करते हुए लिखा,
"यह है अमेरिका में हिंदुओं की दिवाली और हम हिंदू हिंदुस्तान में पंगु बनकर बैठे हैं"
यह है अमेरिका में हिंदुओं की दिवाली और हम हिंदू हिंदुस्तान में पंगु बनकर बैठे हैं जय श्री राम शुभ दीपावली Posted by Ajëét Mãùryã Ãj on Thursday, 4 November 2021
पड़ताल लिखे जाने तक अजीत मौर्या एजे के इस वीडियो को फेसबुक पर 5 लाख से ज्यादा लोग देख चुके हैं. ट्विटर पर इस वीडियो को लोग अमेरिका से जोड़ते हुए लगातार शेयर कर रहे हैं. ट्विटर यूजर देवीआनंद मिश्रा ने वायरल वीडियो को ट्वीट करते हुए लिखा, यह है अमेरिका में हिंदुओं की दिवाली जय श्री राम pic.twitter.com/I7NiSvHSce ऐसे ही अमेरिका में दिवाली से जुड़े दावों के साथ सोशल मीडिया यूजर्स लगातार वायरल वीडियो को शेयर कर रहे हैं. पड़ताल 'दी लल्लनटॉप' ने वायरल वीडियो की पड़ताल की. ये वीडियो अमेरिका में मनी दिवाली का नहीं, ताइवान के एक धार्मिक जुलूस 'माज़ू' के दौरान हुई पटाखेबाज़ी का है. पड़ताल के लिए हमने रिवर्स इमेज सर्च टूल का इस्तेमाल किया. रिवर्स इमेज सर्च की मदद से हमें वीडियो का लंबा वर्जन फेसबुक पर मिला. ये वीडियो फेसबुक पर 18 अप्रैल 2021 को पोस्ट किया गया था. इसके कैप्शन में चाइनीज भाषा में लिखा है - “Baishatun Mazu.” यहां से क्लू लेकर हमने Baishatun Mazu कीवर्ड्स को यूट्यूब पर खोजा. यूट्यूब पर ताइवान के समाचार चैनल "SETN" का एक वीडियो मिला, जिसमें वायरल वीडियो से मिलते जुलते सीन दिखाई दे रहे थे. यह वीडियो यूट्यूब पर 16 अप्रैल, 2021 को अपलोड किया गया था. वीडियो का टाइटल है, "Baishatun Mazu (बैशातुन माज़ू) के स्वागत के लिए 500 मीटर तक पटाखे बिछाए गए"
ताइवान के मीडिया "ताइपे टाइम्स" के मुताबिक बैशातुन माज़ू तीर्थयात्रा ताइवान में सबसे बड़े धार्मिक जुलूसों में से एक है जो हर साल मियाओली काउंटी के बैशातुन से शुरू होता है. रिपोर्ट के अनुसार, साल 2021 के जुलूस में लगभग 78 हज़ार लोगों ने भाग लिया था. चाइना पोस्ट के मुताबिक, ताइवान में हर साल चीनी देवता माज़ू के जन्मदिन के मौके पर माज़ू यात्रा निकाली जाती है. इस धार्मिक यात्रा का आयोजन हर साल जनवरी से अप्रैल के बीच में किया जाता है. नतीजा पड़ताल में वायरल दावा भ्रामक साबित हुआ. वायरल वीडियो का अमेरिका या दिवाली से कोई संबंध नहीं है. वायरल वीडियो ताइवान में हुए एक धार्मिक आयोजन का है, जिसे अप्रैल 2021 में इंटरनेट पर अपलोड किया गया था.
पड़ताल की वॉट्सऐप हेल्पलाइन से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें. ट्विटर और फेसबुक पर फॉलो करने के लिए ट्विटर लिंक और फेसबुक लिंक पर क्लिक करें.

Advertisement
Advertisement