The Lallantop

पड़ताल: क्या नरेंद्र मोदी ने चुनावी रैली में खुद को पठान का बच्चा कहा?

एक 9 सेकेंड का वीडियो सोशल मीडिया पर दबा के वायरल हो रहा है.

Advertisement
post-main-image
उस रैली के दौरान मोदी जहां उन्होंने जो भाषण दिया प्रचारित किया जा रहा है कि इसी में उन्होंने खुद को पठान का बच्चा कहा. दूसरी झलक उन सोशल मीडिया पोस्ट्स की जिनमें ये वायरल किया जा रहा है.
देश में लोकसभा का चुनाव चल रहा है. पीएम मोदी हर दिन कहीं न कहीं अपनी पार्टी का चुनाव प्रचार कर रहे हैं. उनकी रोज ही किसी न किसी राज्य में रैली होती है. वह कई मुद्दों पर अपनी बात रखते हैं. कभी विपक्ष को निशाने पर लेते हैं तो कभी अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हैं. इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली का एक वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इसमें दावा किया जा रहा है कि पीएम मोदी ने खुद को पठान का बच्चा कहा है. कैसे हुआ है ये दावा? फेसबुक और ट्विटर पर पीएम मोदी की रैली का एक 9 सेकेंड का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. इसमें वह कहते दिख रहे हैं - "मैं पठान का बच्चा हूं. मैं सच्चा बोलता हूं. सच्चा करता हूं." इस वीडियो को पोस्ट करके लोग पूछ रहे हैं कि पीएम मोदी कभी खुद को OBC बताते हैं, अब खुद को पठान का बच्चा बता रहे हैं. किसी ने लिखा कि वह मंदिर के नाम पर लोगों को मूर्ख बना रहे हैं. कुछ लोगों ने कहा कि पीएम मोदी ने कश्मीर की रैली में ये कहा कि वह पठान के बच्चे हैं. देखें वो वीडियो और उसे वायरल किए जाने की तस्वीरेंः pathan5 pathan4 pathan9 pathan10 pathan11 सोशल मीडिया पर इस तरह के सैकड़ों पोस्ट शेयर किए जा रहे हैं. 9 सेकेंड के वीडियो को लोग पोस्ट कर रहे हैं और पीएम मोदी के बारे में कई तरह की बातें कर रहे हैं. पड़ताल - क्या है सच? जब हमने इस वीडियो की पड़ताल की तो पता चला कि यह वीडियो 23 फरवरी 2019 का है. राजस्थान के टोंक में पीएम की रैली थी. यूट्यूब पर नरेंद्र मोदी चैनल ने पीएम मोदी  के भाषण का पूरा वीडियो अपलोड किया. यानी यह वीडियो तब का है जब चुनाव का ऐलान नहीं हुआ था. मोदी इस रैली में लोगों से कह रहे हैं कि उन्होंने इमरान खान को पाकिस्तान का प्रधानमंत्री चुने जाने के बाद फोन पर बधाई दी थी. उन्होंने इमरान से गरीबी और अशिक्षा के खिलाफ लड़ने का जिक्र किया था. इमरान खान ने मोदी को जवाब दिया था कि - "मैं पठान का बच्चा हूं. मैं सच्चा बोलता हूं. सच्चा करता हूं." रैली में  पीएम मोदी 43 मिनट 29 सेकेंड पर पाकिस्तान का जिक्र करते हुए कहते हैं - "पाकिस्तान में नई सरकार बनी, तो स्वाभाविक है जो नए प्रधानमंत्री बने थे प्रोटोकॉल के तहत मैंने उनको फोन करके बधाई दी थी. पाकिस्तान के नए प्रधानमंत्री को क्रिकेटर के रूप में तो लोग जानते हैं, और मैंने उनसे कहा था बहुत लड़ लिया हिंदुस्तान पाकिस्तान ने. पाकिस्तान ने कुछ नहीं पाया. हर लड़ाई हमारे वीर जीत चुके हैं और ये सिलसिला आगे भी जारी रहेगा. मैंने उनसे कहा था कि अब आप तो राजनीति में आए हो, खेल की दुनिया से आए हो, आओ भारत और पाकिस्तान मिलकर के हम गरीबी के खिलाफ लड़ें, अशिक्षा के खिलाफ लड़ें. ये बात मैंने उनको उस दिन कही थी, और उन्होंने मुझे एक बात और भी बताई थी कि मोदी जी मैं पठान का बच्चा हूं, मैं सच्चा बोलता हूं, सच्चा करता हूं. 44 मिनट 55 सेकेंड तक वह पाकिस्तान नए पीएम के बारे में बात करते दिखते हैं." निष्कर्षः हमारी पड़ताल में पता चला कि पीएम मोदी ने अपनी रैली में ये नहीं कहा कि वो पठान के बच्चे हैं. कुछ लोगों ने वीडियो के सिर्फ उस हिस्से को फेसबुक पर डाला है जिससे लग रहा है कि पीएम मोदी ऐसा कह रहे हैं. जबकि उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के पीएम इमरान खान ने उन्हें ऐसा कहा था. आपका सामना भी किसी ऐसी पोस्ट, तस्वीर या वीडियो से हो जिस पर आपको शक हो. तो हमें लिख भेजिए padtaalmail@gmail.com पर. हम उसकी पड़ताल करेंगे और आपको उसकी हकीकत बताएंगे.
Video-  पड़तालः क्या लालकृष्ण आडवाणी ने कहा है कि BJP की इस चुनाव में सिर्फ 120 सीटें आएंगी?

Advertisement
Advertisement