The Lallantop

राहुल गांधी चीन का संविधान लेकर घूमते हैं? हिमंता बिस्वा सरमा के सवाल का जवाब मिल गया

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की एक तस्वीर वायरल है जिसमें उनके हाथ में एक लाल रंग की किताब है. कहा जा रहा कि राहुल के हाथ में वो किताब चीन का संविधान है.

Advertisement
post-main-image
राहुल गांधी अपनी रैलियों में संविधान की महत्ता बताते हुए बीजेपी पर निशाना साध रहे हैं. (तस्वीर:PTI)

लोकसभा चुनाव 2024 (Lok Sabha Election 2024) में पांचवें चरण की वोटिंग हो चुकी है. कुल 428 सीटों पर कैंडिडेट के जीत-हार का फैसला EVM में कैद हो गया है. इसी बीच कांग्रेस सांसद राहुल गांधी (Rahul Singh) की एक तस्वीर वायरल है जिसमें उनके हाथ में एक लाल रंग की किताब है. कहा जा रहा कि राहुल के हाथ में वो किताब चीन का संविधान (Constitution of China in the hands of Rahul Gandhi) है. यूजर्स अपने दावे के साथ तर्क दे रहे हैं कि भारत का संविधान नीले रंग का होता है, इसलिए राहुल के हाथ में लाल रंग की किताब चीन का संविधान है.

Advertisement

राहुल के हाथ में चीन का संविधान है या भारत का, इस बहस की शुरुआत हुई असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा (Himanta Biswa Sarma) के एक ट्वीट से. उन्होंने 17 मई को एक ट्वीट किया जिसमें भारत के संविधान की एक कॉपी है और राहुल गांधी की किताब हाथ में लिए एक फोटो है. सरमा ने ट्वीट के साथ कैप्शन में लिखा,“ भारत के ओरिजनल संविधान की कॉपी नीले रंग की है. चीन के ओरिजनल संविधान की कॉपी लाल रंग की है. क्या राहुल गांधी अपने हाथ में चीन का संविधान लिए हुए हैं. हमें इसकी जांच करनी होगी.”

Advertisement

हिमंता सरमा के इस ट्वीट के बाद कई यूजर्स ने इसी दावे को आगे बढ़ाया. फेसबुक पर अनुपम शर्मा नाम के एक यूजर ने वायरल पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, “क्या राहुल गांधी चीन का संविधान लेकर चलते हैं ? भारत के संविधान का कवर नीला है. चीन के संविधान का कवर लाल है. राहुल गांधी के हाथ में लाल कवर वाला संविधान है.”

 राहुल गांधी और भारत के संविधान की कॉपी की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल.
पड़ताल

तो अब समझते हैं कि राहुल गांधी क्या वाकई सार्वजनिक मंचों पर चीन का संविधान हाथ में लिए हैं? इसकी सच्चाई जानने के लिए हमने राहुल गांधी की हाथ में किताब लिए हुए तस्वीर को रिवर्स सर्च किया. कई मीडिया रिपोर्ट और न्यूज एजेंसी के फोटो आर्काइव में राहुल गांधी की वायरल तस्वीर मिली. यहां दी गई जानकारी के अनुसार, राहुल गांधी की यह तस्वीर तेलंगाना के गडवाल में 5 मई को हुई एक रैली की है. राहुल गांधी की इस रैली का वीडियो हमें उनके चैनल पर मिला. जहां करीब 27 मिनट 54 सेकेंड पर वे किताब को हाथ में लेकर जनता को संबोधित कर रहे हैं. उस किताब पर ‘भारत का संविधान’ लिखा है. राहुल गांधी संविधान की किताब हाथ में लेकर जनता के समक्ष इसकी महत्ता बता रहे हैं.

तेलंगाना में 5 मई को हुई रैली में राहुल गांधी अपने हाथ में संविधान की किताब लिए हुए.

राहुल गांधी इसके अलावा कई अन्य रैलियों में भी यह किताब अपने हाथ में लिए नज़र आ रहे हैं. यहां भी देखने पर स्पष्ट है कि उनके हाथ में नज़र आ रही किताब भारत के संविधान की है. इन रैलियों के वीडियो यहां और undefinedदेख सकते हैं.

Advertisement

लाल कवर वाली संविधान की यह कॉपी हमें ‘The Statesman’ की जुलाई 2017 में छपी रिपोर्ट में भी मिली. रिपोर्ट के अनुसार, राष्ट्रपति पद को संभालने के अगले दिन रामनाथ कोविंद, पीएम नरेंद्र मोदी से मिलने पहुंचे थे. इसमें छपी तस्वीर में पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और पीएम नरेंद्र मोदी अपने हाथ में संविधान की एक कॉपी हाथ में लिए हैं.

पीएम नरेंद्र मोदी और पूर्व राष्ट्रपति कोविंद के हाथों में लाल कवर वाले संविधान की कॉपी.

दरअसल, गूगल पर कुछ कीवर्ड सर्च करने पर हमें पता चला कि लाल कवर वाली संविधान की यह कॉपी असल में संविधान का पॉकेट एडिशन है. इसे ईस्टर्न बुक प्रकाशन ने छापा है. इस किताब को ऑनलाइन भी खरीदा जा सकता है.

EBC की वेबसाइट पर लाल कवर वाले संविधान की कॉपी.
नतीजा

कुल मिलाकर, राहुल गांधी ने चुनावी मंचों पर जो संविधान की कॉपी हाथ में ली है, वो भारत का ही संविधान है. इसे चीन का संविधान बताकर भ्रामक दावे के साथ शेयर किया जा रहा है.

पड़ताल की वॉट्सऐप हेल्पलाइन से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.
ट्विटर और फेसबुक पर फॉलो करने के लिए ट्विटर लिंक और फेसबुक लिंक पर क्लिक करें.

वीडियो: कश्मीर के लाल चौक पर लगी श्री राम की तस्वीर? थोड़ा टटोला तो ऐसा फैलाने वाले बेनकाब हो गए

Advertisement