The Lallantop

'वोटर लिस्ट में थे तो फॉर्म 6 भरने को क्यों कहा, SC ने चुनाव आयोग से टेढ़े सवाल कर लिए

दिल्ली में जारी SIR की प्रक्रिया पर 28 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई. इस दौरान कोर्ट ने चुनाव आयोग से पूछा कि जब वोटर पहले से 2026 की लिस्ट में थे, तो नाम हटाकर उन्हें नया फॉर्म 6 भरने को क्यों कहा गया?

Advertisement
post-main-image
कोर्ट में बताया गया कि वोटर लिस्ट से करीब 47 लाख 50 हजार नाम हटाए गए हैं. (Courtesy-इंडिया टुडे)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव आयोग से दिल्ली में 47 लाख 50 हजार वोटरों के नाम हटाने और उन्हें नया फॉर्म 6 भरने को कहने के कारणों पर जवाब मांगा है, जिसमें कई को स्थायी रूप से दूसरी जगह स्थानांतरित बताया गया है।
  • वोटर सूची से नाम हटाने की प्रक्रिया में फॉर्म 6 की घोषणा विवादित है क्योंकि यह मांग किसी ऐसे व्यक्ति से करता है जो पहले से सूची में था, जिससे कई लोगों को गलत आश्वासन देना पड़ सकता है।
  • कोर्ट ने चुनाव आयोग को सुझाव दिया है कि हटाए गए मतदाताओं की सूची बूथ के बाहर लगाई जाए और नोटिस जारी कर मतदाताओं को फॉर्म 6-8 भरने में सुविधा दी जाए, ताकि उनकी पंजीकरण प्रक्रिया प्रभावित न हो।

"जब वोटर पहले से 2026 की लिस्ट में थे, तो नाम हटाकर उन्हें नया फॉर्म 6 भरने को क्यों कहा गया?" ये सवाल सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव आयोग से पूछे हैं. दिल्ली में जारी SIR की प्रक्रिया पर 28 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई. कोर्ट में याचिकाकर्ताओं की ओर से पेश वकील प्रशांत भूषण ने बताया कि दिल्ली में वोटर लिस्ट से करीब 47 लाख 50 हजार नाम हटाए गए हैं. इनमें लगभग 43 लाख लोगों को शिफ्टेड की श्रेणी में रखा गया है. यानी चुनाव आयोग के रिकॉर्ड के मुताबिक ये लोग अपने पुराने पते पर नहीं रहते.

Advertisement

प्रशांत भूषण ने अदालत को बताया कि इन 43 लाख लोगों में 31 लाख से ज्यादा को ‘स्थायी रूप से दूसरी जगह स्थानांतरित’ और करीब 11 लाख 73 हजार लोगों को उनके ‘पते पर नहीं मिलने वाला’ बताया गया है.

लेकिन यहां सबसे बड़ा सवाल यही है कि इन आंकड़ों की पुष्टि कैसे हुई? क्या इन सभी लोगों के बारे में सही जानकारी जुटाई गई है? कितने लोग वास्तव में दूसरी जगह चले गए हैं और कितने लोगों की मौत हो चुकी है? सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव आयोग से इन सवालों पर जवाब मांगा.

Advertisement
कोर्ट ने आपत्ति जताते हुए क्या कहा?

इस पूरे विवाद की जड़ फॉर्म 6 है. जिन लोगों का पता बदल गया है या जो किसी वजह से समय पर अपना गणना फॉर्म जमा नहीं कर पाए, उन्हें चुनाव आयोग नया पंजीकरण कराने के लिए फॉर्म 6 भरने को कह रहा है.

लेकिन इस फॉर्म में एक घोषणा करनी होती है कि संबंधित व्यक्ति का पहले कभी वोटर लिस्ट में नाम नहीं था. उसने पहले कभी वोट नहीं दिया है. अब सोचिए जिस व्यक्ति का नाम पहले से वोटर लिस्ट में था, जो कई बार वोट भी कर चुका है वो ऐसी घोषणा कैसे करेगा? इसी बात पर कोर्ट में आपत्ति जताई गई.

ये भी पढ़ें: ताज होटल का वेटर थप्पड़ खाकर भी चुप रहा, मैनेजमेंट ने गेस्ट की रईसी निकाल दी

Advertisement

आपत्ति ये कि इससे लाखों लोगों को ऐसी घोषणा करने के लिए मजबूर होना पड़ सकता है, जो उनकी स्थिति के अनुरूप नहीं है. जस्टिस जॉयमाल्या बागची ने कहा कि फॉर्म 6, फॉर्म 7 और फॉर्म 8 कानून के तहत तय हैं और इनमें बदलाव नहीं किया जा सकता. हालांकि आयोग वोटर से ये घोषणा मांग सकता है कि उसने गणना फॉर्म का जवाब क्यों नहीं दिया.

CJI जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस बागची ने चुनाव आयोग के वकील दामा एस. नायडू से कहा कि दिल्ली में फिलहाल कोई चुनाव नजदीक नहीं है. ऐसे में किसी सख्त समयसीमा से बंधे बिना प्रक्रिया जारी रखी जाए.

अदालत ने निर्देश दिया कि जिन लोगों के पते बदल गए है या जो गणना फॉर्म नहीं भर पाए उन्हें पुराना विवरण देकर फॉर्म 8 या गणना फॉर्म भरने की अनुमति दी जाए. उन्हें फॉर्म 6 भरने के लिए मजबूर न किया जाए.

कोर्ट ने आयोग को क्या सुझाव दिया?

कोर्ट ने आयोग से अखबारों और ऑनलाइन माध्यमों के जरिए नोटिस जारी करने को भी कहा ताकि लोगों को पता चले कि ये प्रक्रिया लगातार जारी रहेगी. अदालत ने सुझाव दिया कि हटाए गए मतदाताओं की सूची बूथ के बाहर लगा दी जाए जिससे लोग अपना नाम जांच सकें और जरूरत पड़ने पर फॉर्म 8 भरकर उसे ठीक करा सकें.

अदालत ने आयोग के वकील से अपने वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा करने और यह सुनिश्चित करने को कहा कि मतदाताओं को फॉर्म 6 और फॉर्म 8 को लेकर परेशानी न हो.

कुल मिलाकर इस पूरे मामले में सबसे अहम सवाल यही है कि वोटर लिस्ट से हटाए गए लाखों नामों के पीछे की असली वजह क्या है? और अगर किसी व्यक्ति का नाम पहले से मतदाता सूची में था तो उसे दोबारा पंजीकरण की प्रक्रिया में क्यों धकेला जाए? सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव आयोग से इन्हीं सवालों का जवाब मांगा है.  

वीडियो: Rajasthan Panchayat Election: दूसरों का भविष्य बताने वाले इन्फ्लुएंसर को मात्र 33 वोट मिले

Advertisement