अगर गानों को छोड़ दें, तो Om Raut की Adipurush को लगभग हर डिपार्टमेंट में ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा था. फिल्म में रावण के रोल में नज़र आए Saif Ali Khan के गेटअप की भी खूब भद्द पिटी थी. लेकिन एक्टर Aarya Babbar की मानें तो सैफ इस किरदार में बहुत अच्छे लगे थे. वहीं दूसरी तरफ़, वो Namit Malhotra वाली Ramayana में रावण बने Yash से खुश नहीं हैं. उनका मानना है कि यश इस कैरेक्टर में कपड़ों के सिवा कुछ भी नया लेकर नहीं आए.
"यश के रावण में कपड़ों के सिवा कुछ भी नया नहीं, आदिपुरुष का सैफ़ वाला रावण अच्छा था"
आर्या बब्बर के मुताबिक, 'रामायण' में यश की दाढ़ी भी KGF वाली है.

आर्या बब्बर ने 'गुरु', 'रेडी' और 'तीस मार खान' जैसी फिल्मों में काम किया है. इन दिनों वो थिएट्रिकल प्रोडक्शन 'महाबली' में नज़र आ रहे. इसमें उन्होंने रावण का रोल किया है. हाल ही में वैरायटी इंडिया से हुई बातचीत में उन्होंने सैफ और यश वाले रावण पर बात की. वो कहते हैं,
"मुझे लगता है कि सैफ अली खान ने रावण का किरदार बहुत अच्छा निभाया था. कोई भी एक्टर अपने कैरेक्टर को उतना ही अच्छा निभा सकता है, जितना अच्छा डायरेक्टर उस कैरेक्टर को समझता है और पर्दे पर दिखाना चाहता है. आदिपुरुष में सैफ ने रावण को जिस तरह प्ले किया, वो भी डायरेक्टर के सोचने और समझने का नतीजा था. सैफ इस किरदार में एक अलग तरह की इंटेंसिटी लेकर आए. उनकी परफॉर्मेंस, लुक और बाकी सब कुछ डायरेक्टर के हिसाब से था. इसलिए उसके लिए एक्टर को दोष नहीं दे सकते."
बातचीत के दौरान 'रामायण' में रावण का रोल करने वाले यश का ज़िक्र छिड़ा. आर्या उनके मामले में थोड़े क्रिटिकल दिखे. उन्होंने कहा कि यश के कैरेक्टर में कपड़ों के सिवा कुछ भी नया नहीं. वो कहते हैं,
"यश की दाढ़ी लगभग वैसी ही है जैसी KGF में थी. रामायण में मुझे उनका कोई नया लुक देखने को नहीं मिला. उनका लुक टॉक्सिक में थोड़ा अलग था. लेकिन रामायण में ऐसा नहीं लगा. मुझे उम्मीद है कि यश ने फिल्म में काफी अच्छा काम किया होगा. हो सकता है कि पूरी मूवी देखने पर मुझे यश का एक अलग रूप देखने को मिले. लेकिन अभी तक उनका गेटअप KGF जैसा ही लग रहा है."
आर्या ने कहा कि यश का ऐसा लुक भारतीय नहीं बल्कि इंटरनेशनल दर्शकों के हिसाब से रखा गया है. नितेश तिवारी ने फिल्म को जैसा डिजाइन किया, उससे ऐसा ही महसूस हो रहा. हालांकि उन्होंने ये जरूर स्वीकारा कि अभी 'रामायण' पर कमेंट करना थोड़ी जल्दबाजी होगी. फिर भी वो उम्मीद करेंगे कि इस मूवी में कुछ अलग देखने को मिले. जहां तक रिलीज़ की बात है, 'रामायण' 05 नवंबर को वर्ल्डवाइड रिलीज़ होगी.
वीडियो: 'रामायण' के मेकर्स ने बॉक्स ऑफिस पर बवंडर उठाने का इंतज़ाम कर लिया?












