कहा जाता है हर चमकती चीज़ सोना नहीं होती. पर जहां सोना होने की गुंजाइश हो, वहां भी उम्मीद या लालच करने से पहले सोच-विचार कर लेना जरूरी है. वर्ना एक गलत कदम और बात जान पर आ जाती है. आंध्र प्रदेश के नेल्लोर में कुछ ऐसा ही मामला सामने आया है. यहां एक व्यक्ति सोने के लालच में बंद पड़ी खदान में चला गया. लेकिन ऐसा फंसा कि उसका दम घुटने लगा. बाद में उसे किसी तरह सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.
यूट्यूब वीडियो देखकर सोना ढूंढने बंद खदान में चला गया, पता है आगे क्या हुआ?
वीडियो देखकर जितना सीख सकते थे और टेक्निक का इस्तेमाल कर सकते थे, उसकी तैयारी शख्स ने भरपूर की थी. फिर भी अंधेरे में उसका दम घुटने लगा. बाहर आने की कोशिश नाकाम होने पर पुलिस को मदद के लिए बुलाया गया.

डेक्कन क्रॉनिकल की रिपोर्ट के मुताबिक, श्री पोट्टी श्रीरामुलु नेल्लोर जिले के बुचिरेड्डीपालेम के रहने वाले प्रभाकर रेड्डी और उनके दोस्त किस्टैया ने कुछ दिन पहले YouTube पर एक वीडियो देखा. वीडियो में रामागिरी की सोने की खदानों के बारे में बताया गया था. इससे 'इंस्पायर' होकर दोनों ने फैसला लिया कि वो वहां जाकर सोने की तलाश करेंगे.
यूट्यूब वीडियो से की तैयारी, कम रह गई…सोमवार, 12 अक्टूबर की रात करीब 10:30 बजे दोनों खदान के पास पहुंचे. प्रभाकर रेड्डी रस्सी के सहारे खदान के अंदर उतरे. वीडियो देखकर जितना सीख सकते थे और टेक्निक का इस्तेमाल कर सकते थे, उसकी तैयारी उन्होंने भरपूर की थी. उन्होंने अपने साथ एक ट्यूब रखी थी, ताकि पानी मिलने पर वह तैर सकें. इसके अलावा, सोने की तलाश के लिए वह टॉर्च भी लेकर गए थे.
लेकिन इंटरनेट पर दिखी जानकारी हमेशा पूरी तरह सही नहीं होती. न ही सिर्फ YouTube देखकर हर बारीकी सीखी जा सकती है.
इस मामले में भी ऐसा ही हुआ. खदान के अंदर घना अंधेरा था. तमाम तैयारियों के बावजूद कुछ ही देर में प्रभाकर को दम घुटने जैसा महसूस होने लगा. वो बाहर निकलने के लिए ऊपर नहीं चढ़ पाए और अंदर ही फंस गए.
थोड़ी देर मशक्कत करने के बाद खदान के बाहर इंतजार कर रहे उनके दोस्त किस्टैया ने रामागिरी पुलिस को इसकी सूचना दी. पुलिस ने फौरन कार्रवाई शुरू की. फायर ब्रिगेड और रेस्क्यू टीम को बुलाया. टीम ने सुरक्षित तरीके से प्रभाकर को खदान से बाहर निकाल लिया.
खदान से बाहर आए प्रभाकर का कहना है कि वो मौत के मुंह से वापस आए हैं. अब उन्होंने लोगों से अपील की है कि YouTube पर वीडियो देखकर इस तरह के खतरनाक काम करने का जोखिम न उठाएं.
वीडियो: नेपाल बाढ़ में डूब गया पूरा बैंक, 8 घंटे के रेस्क्यू में मिला 50 करोड़ का सोना और कैश











