Ranbir Kapoor स्टारर Ramayana के मेकर्स भारत में रिलीज़ को लेकर क्या सरप्राइज़ प्लान कर रहे हैं? Kareena Kapoor की Daayra को किस हॉलीवुड फिल्म से तगड़ी टक्कर मिल रही है? क्या Varanasi के बाद Mahesh Babu डायरेक्टर Sanjay Leela Bhansali के साथ फिल्म करने वाले हैं. सिनेमा से जुड़ी ऐसी ही खबरों के लिए नीचे स्क्रॉल करें.
'रामायण' के लिए रमा एकादशी पर मेकर्स चलेंगे सबसे बड़ा दांव? बदल सकती है रिलीज़ डेट!
दावा किया जा रहा है कि 'रामायण' के मेकर्स रमा एकादशी पर भारत में रिलीज़ कर सकते हैं.

# दूसरे गाने पर टिकी 'रामायण' के म्यूजिक एल्बम की साख!
रणबीर कपूर की 'रामायण' का पहला गाना 'जय जय राम' बीते सोमवार को रिलीज़ हुआ. इसे मिला-जुला रिस्पॉन्स मिला. ऐसे में अब सबकी नज़र फिल्म के दूसरे गाने पर है. सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि ये गाना 20 सितंबर को रिलीज़ हो सकता है. फिल्म के प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा ने एक पॉडकास्ट के दौरान इस गाने को एक यूट्यूबर को सुनाया था. जिसका रिएक्शन वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल है. अब सवाल ये है कि क्या दूसरा गाना 'रामायण' के म्यूजिक को लेकर बनी पहली वाली हवा को बदल पाएगा? इसका जवाब 20 सितंबर को मिल सकता है. मेकर्स ने इस पर ऑफिशियली कुछ नहीं कहा है.
# 'रेसिडेंट इविल' से पिछड़ी करीना कपूर की 'दायरा'
करीना कपूर की 'दायरा' 18 सितंबर को रिलीज़ हो रही है. इसी दिन कुणाल खेमू की 'वाइब' भी आ रही है. इसके अलावा हॉलीवुड की 'रेसिडेंट इविल' भी इनके सामने बड़ी चुनौती बनती दिख रही है. मेघना गुलज़ार की 'दायरा' के सामने हॉरर फ्रेंचाइज़ 'रेसिडेंट इविल' का क्रेज अडवांस बुकिंग में साफ दिख रहा है. ट्रैक टॉलीवुड के आंकड़ों के मुताबिक, भारत में 'रेसिडेंट इविल' के अब तक 43 हजार 284 टिकट बिक चुके हैं. जिससे फिल्म ने 1 करोड़ 27 लाख रुपए कमाए. इसके मुकाबले 'दायरा' के 14 हजार 653 टिकट बिके और फिल्म ने 38 लाख 62 हजार रुपए का कलेक्शन किया. यानी अडवांस बुकिंग में 'रेसिडेंट इविल' फिलहाल 'दायरा' से काफी आगे है.
# राजामौली के बाद भंसाली की फिल्म करेंगे महेश बाबू?
महेश बाबू इन दिनों एसएस राजामौली की फिल्म 'वाराणसी' में बिज़ी हैं. खबर आ रही है कि महेश बाबू इसके बाद संजय लीला भंसाली के साथ फिल्म करने वाले हैं. तेलुगु नाव की रिपोर्ट के मुताबिक महेश बाबू 'वाराणसी' पूरी करने के बाद भंसाली की फिल्म शुरू करेंगे. हालांकि अभी इस फिल्म को लेकर कोई ऑफिशियल अनाउंसमेंट नहीं हुई है. इसलिए फिलहाल कहानी, कास्ट या शूटिंग से जुड़ी कोई पक्की जानकारी सामने नहीं आई है.
# 'रामायण' का रमा एकादशी पर खुलेगा बड़ा पत्ता?
रणबीर कपूर स्टारर 'रामायण' की रिलीज़ को लेकर भारतीय फैन्स निराश हैं. इसकी वजह है कि ये फिल्म 5 नवंबर को ऑस्ट्रेलिया में रिलीज़ हो रही है. 6 नवंबर को पूरी दुनिया में और बिल्कुल आखिर में 8 नवंबर को भारत में रिलीज़ होगी. यानी पूरी दुनिया के देखने के बाद भारत के लोग इसे देख पाएंगे. लेकिन अब खबरें आ रही हैं कि मेकर्स इस निराशा को दूर करने के लिए एक सरप्राइज़ प्लान कर रहे हैं. सोशल मीडिया पर वायरल हो रही पोस्ट्स में दावा किया जा रहा है कि 'रामायण' के मेकर्स रमा एकादशी पर भारत में रिलीज़ कर सकते हैं. रमा एकादशी 4 नवंबर की सुबह 11 बजे से शुरू होगी और 5 नवंबर तक रहेगी. ऐसे में दावा है कि 'रामायण' भारत में 4 या फिर 5 नवंबर, 2026 को ही रिलीज़ हो सकती है. हालांकि मेकर्स की तरफ से इस बारे में कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है.
# प्रभास की 'फौजी' में नज़र आएगा एडॉल्फ हिटलर?
प्रभास की 'फौजी' में उनका लुक तो चर्चा में था ही, अब फिल्म की कहानी को लेकर भी बड़ा दावा सामने आया है. सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट के मुताबिक, फिल्म में एडॉल्फ हिटलर और नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मुलाकात दिखाई जाएगी. ये सीक्वेंस करीब 5 मिनट लंबा होगा. कहानी 1940 में सेट है, जब भारत पर ब्रिटिश राज था और दुनिया सेकेंड वर्ल्ड वॉर से झुलस रही थी. दावा है कि नेताजी ब्रिटेन की कमजोरी का फायदा उठाकर आज़ादी की लड़ाई आगे बढ़ाने के लिए बर्लिन पहुंचे, जहां उनकी मुलाकात जर्मन अधिकारियों से हुई. डायरेक्टर हनु राघवपुडी की 'फौजी' 3 दिसंबर 2026 को रिलीज़ होगी.
# फिर साथ आई 'सैयारा' वाली ब्लॉकबस्टर तिकड़ी
अहान पांडे, अनीत पड्डा और डायरेक्टर मोहित सूरी फिर से साथ काम करने जा रहे हैं. यश राज फिल्म्स के बैनर तले बनने वाली इस फिल्म का टाइटल अभी तय नहीं हुआ है. मिड-डे की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म की शूटिंग अक्टूबर में मुंबई के यशराज स्टूडियोज़ से शुरू होगी. उसके बाद शूटिंग के लिए फिल्म की टीम गोवा जाएगी. खास बात ये है कि मेकर्स इसे कोई टिपिकल 'बबलगम रोमांस' फिल्म के तौर पर नहीं बनाना चाहते. इसे मच्योर और अनकन्वेंशनल लव स्टोरी बताया जा रहा है. जिसमें एक्शन भी होगा. इसकी शूटिंग दिसंबर तक पूरी करने की तैयारी है.
वीडियो: 'रामायण' के मेकर्स को यश की 'टॉक्सिक' वाला दांव महंगा पड़ने वाला है?













