The Lallantop

'ये मेरा बॉयफ्रेंड है', शाहनवाज पर अटेंप्ट टू मर्डर का आरोप लगाने वाली लड़की का पुराना वीडियो वायरल

Lucknow hit and run: इस बीच एक पुराना वीडियो भी सामने आया है. इसमें अनामिका एक कार में शाहनवाज और एक दूसरे लड़के साथ दिख रही हैं. इस वीडियो में जो बातें वो कर रही हैं, उसने मामले में कुछ सवाल खड़े कर दिए हैं.

Advertisement
post-main-image
पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने उसे मारने की नीयत से टक्कर मारी थी. (COURTESY -इंडिया टुडे)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • 16 सितंबर को लखनऊ के जनेश्वर मिश्र पार्क में शाहनवाज नामक व्यक्ति ने सफेद कार से अनामिका सिंह को टक्कर मारी, जिसके बाद पुलिस ने शाहनवाज को गिरफ्तार किया।
  • शाहनवाज और अनामिका के बीच कई महीनों से व्यक्तिगत विवाद चल रहा था, जिसमें शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न के आरोप शामिल थे, और शाहनवाज पर व्यवहार संबंधी गंभीर आरोप लगे थे।
  • इस घटना के बाद अनामिका ने न्याय की मांग की है और वह शाहनवाज की बढ़ती धमकियों के चलते सुरक्षा की उम्मीद कर रही है, जबकि मामला कोर्ट में प्रगति कर रहा है।

लखनऊ के जनेश्वर मिश्र पार्क में हिट एंड रन का एक मामला सामने आया. 16 सितंबर को एक सफेद कार अनामिका सिंह नाम की महिला को टक्कर मारकर निकल गई. आरोप लगा कि कार में बैठा शख्स पीड़िता का करीबी दोस्त शाहनवाज था. अनामिका का दावा है कि शाहनवाज ‘हिंदू’ बनकर उसके साथ रिश्ते में आया था.

Advertisement

अनामिका के मुताबिक घटना के समय उन्होंने आरोपी को दो लड़कियों के साथ देखा था. जब उन्होंने दोनों के बारे में पूछना चाहा तो कथित तौर पर शाहनवाज वहां से जाने लगा. अनामिका उसे रोकने के लिए कार के सामने खड़ी हो गई. कार चालक ने कई बार गाड़ी को हल्के-हल्के आगे बढ़ाया. लेकिन अनामिका गाड़ी के आगे से नहीं हटी. आखिरकार ड्राइवर उन्हें टक्कर मारते हुए निकल गया. पीड़िता का आरोप है कि शाहनवाज ने उन्हें जान से मारने की नीयत से टक्कर मारी थी. 

घटना के 8 घंटे बाद ही पुलिस ने आरोपी शाहनवाज को गिरफ्तार भी कर लिया. उसने अनामिका के आरोपों से इनकार किया है. कहा कि वो जहां भी जाता है, वह उसका 'पीछा' करती है. बार-बार ऐसी हरकतें करती रही है. वह कार पर चढ़ी थी. बदतमीजी कर रही थी. ऐसा सिर्फ एक जगह नहीं हुआ है. कई जगहों पर हुआ है. आरोपी ने कहा- हमारे बीच कोई दोस्ती नहीं थी.

Advertisement

इस बीच एक पुराना वीडियो भी सामने आया है. इसमें अनामिका एक कार में शाहनवाज और एक दूसरे लड़के साथ दिख रही हैं. इस वीडियो में जो बातें वो कर रही हैं, उसने मामले में कुछ सवाल खड़े कर दिए हैं.

'घसीटते हुए ले गए'

घटना पर मचे बवाल के बीच अनामिका ने इंडिया टुडे से जुड़े आशीष श्रीवास्तव से बात की. उन्होंने कहा कि शाहनवाज और उसके साथ के लोग पहले से ही उन्हें मारना चाह रहे थे. लड़की ने शाहनवाज के उन आरोपों का भी खंडन किया, जिसमें उसने कहा था कि वो जहां जाता है वहां आ जाती है.

अनामिका ने बताया कि वह सुबह अपनी छोटी बहन और बुआ के साथ जनेश्वर पार्क गई थीं. वहां शाहनवाज अपने दोस्त दानिश और दो लड़कियों के साथ था. उन्हें आरोपी के वहां होने की कोई जानकारी नहीं थी. जब उन्होंने उन दोनों लड़कियों के बारे में पूछा, तो वो चिल्लाने लगा. फिर वो और दोस्त कार में बैठ गए. वो लड़कियां पीछे वाले गेट से चली गईं. 

Advertisement

बकौल अनामिका,

“वो भागने लगना. मैं कार के सामने खड़ी हो गई, मैंने पूछना चाहा कि वो कौन है. ये रुका नहीं. मेरे ऊपर से गाड़ी चढ़ाकर चला गया. गाड़ी चढ़ाई और शीशे की तरफ बुलाया. शीशे में मेरा हाथ दब गया था. वो घसीटते हुए ले गया. फिर इसने अचानक शीशा नीचे किया और हम गिर गए.

इन्होंने मुझे मारने की कोशिश की. साथ में गाड़ी में बैठे इसके दोस्त दानिश ने कहा कि इसे आज मार दो… सामने आए. कुछ भी करे, इसे आज मार दो. हाथ शीशे में दब गया, दबने दो. मारकर चलो #&*( को. जो होगा, बाद में देखा जाएगा. तभी मैं और जिद में आकर मैंने कहा कि मार दो."

लड़की का कहना है कि टक्कर से उसे काफी चोट आई. ऐसी-ऐसी जगह कि वो दिखा भी नहीं सकती. उसने इसे ‘अटेम्प्ट टू मर्डर’ कहा है.

अनामिका सिंह ने अपने पुराने वीडियो पर भी बात की. कहा कि उससे जानबूझकर बनवाया गया था. वहीं बुधवार की घटना के लिए कहा कि उसके एक दिन शाहनवाज ने उन्हें बहुत मारा था. ईंट उठाने की कोशिश की. सीसीटीवी में देख सकते हैं. सिक्योरिटी पूरी आ गई थी. लड़की ने कहा, “इन्होंने बात वहीं दबा दी की. कुछ नहीं हुआ. पेट पर लात मारी थी. इसने तीन-चार बार मारा है. कब तक बर्दाश्त किया जाता. शाहनवाज को हमेशा बचाया है.” 

आगे कहा,

“मेरी इतनी हिम्मत है कि मैं मारकर जबरदस्ती फोन से नंबर ले सकती हूं? नहीं ले सकती हूं. नंबर मुझे भी नहीं दिया था. बुआ को दिया था. उससे पहले आशीष गौतम के सामने मारा था. तब हम अलग आ गए थे. तब इन्होंने कहा कि वीडियो बनाओ. इतना मारा था कि मेरे हाथ में नीला पड़ा था. बहुत मारता था. हाथों से मारा. कभी घूसे. फिर कहता कि नशे में हो गया. ड्रिंक करता हूं.”

पीड़िता का आरोप है कि शाहनवाज ने अपनी पहचान उससे छुपाई थी. उसने कहा, “मेरी स्कूटी की चाबी खो गई थी. इन्होंने कहा कि हम कार से छोड़ देते हैं. साथ में शरीफ और उसकी गर्लफ्रेंड भी थी. इसलिए हम बैठ गए कि लड़की है. मैंने नाम बताया अपना. इसने कहा कि मैं भी ठाकुर हूं. आयुष नाम बताया था. मिलने-जुलने लगा. मैंने कुछ टाइम बाद इंस्टाग्राम चेक किया. उस पर दूसरा नाम आया था. फिर लड़ाई हुई, जो ठीक हो गई. फिर नॉर्मल हो गई. 2 महीने से लड़ाई और शुरू हो गई. ब्लॉक करके रखा था. इनके दोस्त कह रहे कि जबरदस्ती इनके साथ थी.”

अनामिका ने बताया कि घटना के बाद दोपहर करीब 12 बजे शाहनवाज का दोस्त शरीफ उनके घर पूछताछ करने आया था. पीड़िता का आरोप है कि शरीफ ने कहा कि ऐसा कुछ (शिकायत) मत करना. 2-3 तीन दिन में इनकी बेल हो जाएगी. उनका कुछ नहीं कर सकती हो. तुम्हारी इज्जत जाएगी. सुलह कर लो, जो उसने नहीं की. इसलिए ये वीडियो शरीफ ने ऑनलाइन अपलोड किए.

अनामिका ने कहा,

‘इनके पास पुलिस का फोन गया था. हम एप्लिकेशन देने गए हुए थे. तब शरीफ ने कहा तुम मेरी बहन हो. हाथ-जोड़कर विनती करता हूं कि सुलह कर लो. लेकिन मुझे नहीं पता कि ये लोग ऐसे होते हैं कि बहन को भी चीट करते है.'

क्लब जाने के कारण होती थी लड़ाई

अनामिका का आरोप है कि शाहनवाज खुद उन्हें ब्लॉक और अनब्लॉक करता था. 25 अगस्त के बाद से ब्लॉक कर रखा है. लेकिन उसके बाद भी वो दो बार मिल चुके हैं. दोनों के बीच अक्सर लड़ाई होती है. क्योंकि आरोपी क्लब जाता था. दूसरी लड़कियों से मिलता था. जब वो मना करती थी, तो लड़ाई होती.

अनामिका सिंह का आरोप है कि शाहनवाज के एक दोस्त रवि ने उन्हें पहले भी मारने की धमकी दी थी. कहा था- "अपनी पर आ गए, तो मार देंगे. कोई कुछ कर नहीं पाएगा. वो धमकी दे रहे हैं. सामने से मिलेगा, तो मार देगा मुझे. ये बहुत टाइम से मारने का प्लान बना रहे हैं."

अनामिका के मुताबिक, कुछ समय से शाहनवाज एक लड़की के साथ रह रहा है. वो भी हिंदू है. उसे पता है कि वो चीट कर रहा है. शरीफ ने बताया कि वो लड़की भी कंप्लेन करने के लिए कह रही है.

ये भी पढ़ें: मां के साथ सो रही बच्ची गायब हुई, कुछ देर बाद बिना कपड़ों का शव मिला, हाथ-पैर तार से बंधे थे

पीड़िता का कहना है कि उन्हें धमकी आ रही थी. अभी वो कहीं और रह रही है. लेकिन उसे डर है कि जब बेल होगी, तो शाहनवाज कुछ करे ना. उसने कहा,

“ये लोग पूरी कोशिश कर रहे हैं कि मुकदमा खत्म हो जाए. लेकिन अगर बेल हो गई तो मुझे मारने की कोशिश की तो… किस्मत से बच गई कल मैं.”

अनामिका ने कहा कि उसने आरोपी को नहीं फंसाया है. फंसाना होता, तो पहले भी फंसा सकती थी.

इसके बाद अनामिका ने दावा किया कि शाहनवाज समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव का समर्थक है. लड़की ने मांग की कि उसे इंसाफ चाहिए, चाहे सरकार अखिलेश की हो या बीजेपी की.

वायरल वीडियो में क्या है?

अब बात उस वीडियो की जिसमें अनामिका बेहिचक शाहनवाज से रिलेशनशिप का ऐलान कर रही हैं. इस वीडियो में वो कार के अंदर बैठी हैं. साथ में शाहनवाज और अन्य लोग भी हैं. अनामिका कहती हैं,

ये मेरा बॉयफ्रेंड है. ये मुझे छोड़ना चाहता है. लेकिन हम छोड़ नहीं रहे. हमने इससे बोला कि एक से दो महीने का मुझे टाइम दो. मैं अपने आप छोड़ दूंगी. अगर ना छोड़ा, तो तुम छोड़ देना.

इस दौरान शाहनवाज मजाक में अपने बाल कटवाने के लिए कहता है, जिस पर वो मना कर देती हैं. अनामिका कहती हैं,

“तुम टकला बनवा लो, लंगड़ा बनवा लो, चाहे एक आंख फूट जाए, तब भी हम इसके साथ रहेंगे. मैं इसके पास गई थी. इसकी कोई गलती नहीं है. मैंने नंबर मांगा था. हमने जबरदस्ती इसके फोन से निकालकर नंबर लिया था. मैंने इसे मारा था. तोड़ा था. तब नंबर इसने दिया था. तब ये हमारे साथ रिलेशनशिप में आया था. डर गया था बेचारा कि बहुत मारेगी अगर हमसे बात ना की. तभी आया था बेचारे. कोई गलती नहीं थी. देखो इतना सीधा है.”

वीडियो में अनामिका ये भी कहती हैं कि वो बहुत ज्यादा बातें करती हैं. हालांकि इसके लिए वो अपशब्द का इस्तेमाल करती हैं जिसे हम यहां लिख या दिखा नहीं सकते. वो खुद कह रही हैं कि उन्होंने ही शाहनवाज से नंबर लिया था. हालांकि अब उनका कहना है कि ये वीडियो उनसे ‘जबरदस्ती’ बनवाया गया था. और बदनाम करने के इरादे से घटना के बाद पोस्ट किया गया.

वीडियो: घर के बाहर कार पार्किंग पर ₹25 हजार टैक्स? जानिए पूरा नियम

Advertisement