The Lallantop

किस बात पर टीवी स्टार तेजस्वी प्रकाश पर भड़क पड़े सलमान खान?

'मैडम मेरे साथ ये सब मत करिए!'

Advertisement
post-main-image
बिग बॉस वीकेंड का वार में अवॉयड का टैग पहने बैठीं तेजस्वी प्रकाश और दूसरी तरफ स्टेज पर नाराज होस्ट सलमान खान.
भारतीय मूल के सबसे बड़े अमरीकी स्टार काल पेन आए क्लोज़ेट से बाहर. दुनिया को बताया कि वो होमोसेक्शुअल हैं. नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने क्यों छोड़ा ओटीटी प्लैटफॉर्म? आर्यन खान की ज़मानत पर क्या बोल गए पीयूष मिश्रा? किस बात पर सलमान खान ने लगा दी टीवी स्टार तेजस्वी प्रकाश को डांट? आज होगी इन्हीं खबरों पर विस्तार से बात.
1) हॉलीवुड स्टार काल पेन ने खुद को बताया होमोसेक्शुअल
काल पेन. असली नाम कल्पेन सुरेश मोदी. भारतीय मूल के पॉपुलर हॉलीवुड स्टार. काल को 'हैरॉल्ड एंड कुमार', 'सुपरमैन रिटर्न्स' और 'द नेमसेक' जैसी फिल्मों के लिए जाना जाता है. इसके अलावा वो 'हाउ आई मेट योर मदर' और 'डेज़िग्नेटेड सर्वाइवर' जैसी चर्चित सीरीज़ का भी हिस्सा रह चुके हैं. जल्द ही अपनी किताब 'You Can't Be Serious' लेकर आने वाले हैं. इस किताब के प्रमोशन के दौरान काल ने बताया कि वो गे हैं और अपने पार्टनर जॉश से शादी करने जा रहे हैं. काल ने ये भी बताया कि वो और जॉश पिछले 11 सालों से रिलेशनशिप में हैं.
अपने पार्टनर जोश के साथ हॉलीवुड स्टार काल पेन.
अपने पार्टनर जोश के साथ हॉलीवुड स्टार काल पेन.

2) उर्मिला मातोंडकर कोविड पॉजिटिव, घर में ही क्वारंटीन हुईं
31 अक्टूबर की दोपहर रंगीला गर्ल उर्मिला ने एक ट्वीट किया. इसमें उन्होंने बताया कि वो कोविड-19 पॉज़िटिव पाई गई हैं. मगर वो बिल्कुल ठीक हैं और खुद को अपने घर में ही क्वॉरंटीन कर लिया है. उर्मिला ने उन लोगों से भी अपनी जांच करवाने की बात कही, जो पिछले दिनों उनके संपर्क में आए थे. उन्होंने दीवाली मनाने के दौरान लोगों को अपना ख्याल रखने की सलाह दी है.
उर्मिला मातोंडकर के ट्वीट का स्क्रीनग्रैब.
उर्मिला मातोंडकर के ट्वीट का स्क्रीनग्रैब.

3) नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने क्यों छोड़ा ओटीटी प्लैटफॉर्म?
पिछले दिनों बॉलीवुड हंगामा को दिए एक इंटरव्यू में एक्टर नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि वो ओटीटी प्लैटफॉर्म क्विट कर रहे हैं. जब उनसे इसके पीछे की वजह पूछी गई, तो नवाज ने बताया अब ओटीटी बड़े प्रोड्यूसर्स के लिए धंधा बनकर रह गया है. नवाज का कहना है कि जिस तरह का कॉन्टेंट ओटीटी पर बन रहा है, वो उसे देखना सहन नहीं कर सकते. तो फिर उसमें काम कैसे करेंगे. बकौल नवाज, अब ओटीटी प्लैटफॉर्म्स बकवास और गैर-ज़रूरी शोज़ के लिए डंपिंग ग्राउंड बनकर रह गए हैं. इन प्लैटफॉर्म्स पर उस तरह के शोज़ आते हैं, जो दर्शक डिज़र्व नहीं करते. या उस पुराने शोज़ के सीक्वल, जिनके पास कहने को कुछ नया नहीं है.
नवाज को ओटीटी प्लैटफॉर्म पर शुरू हुआ स्टार कल्चर भी समझ नहीं आता. उनका कहना है कि कुछ फिल्में और सीरीज़ कर चुके खुद को ओटीटी का स्टार समझने लगते हैं. वो फिल्मी सुपरस्टार्स जैसे ढेर सारे पैसे मांगते हैं और नखरे झाड़ने लगते हैं. इन्हीं वजहों को ध्यान में रखते हुए उन्होंने ओटीटी प्लैटफॉर्म से अलग होने का फैसला लिया है.
4) सलमान खान ने लगा दी टीवी स्टार तेजस्वी को डांट
बिग बॉस चालू है. हर वीकेंड पर शो के होस्ट सलमान खान आते हैं और घर के सदस्यों के बताते हैं कि कौन कैसे परफॉर्म कर रहा है. साथ ही उनकी क्लास भी लगाते हैं. इस वीकेंड कुछ ऐसा हुआ कि सलमान खान कंटेस्टेंट उमर रियाज़ से बात कर रहे थे. मगर तेजस्वी प्रकाश ने उन्हें बीच में टोक दिया. इस चीज़ से सलमान चिढ़ गए. उन्होंने तेजस्वी से उनसे बात करते समय अपने टोन का ख्याल रखने को कहा. साथ ही उन्हें हिदायत भी दे डाली कि उनके साथ इस तरह की हरकत न करें. खैर, अगर गेम की बात करें, इस वीकेंड सिंगर अकासा सिंह बिग बॉस 15 के घर से बेघर हो गईं हैं.
बीच में टोकने पर तेजस्वी को डांट पिलाते सलमान खान.
बीच में टोकने पर तेजस्वी को डांट पिलाते सलमान खान.

5) सर्जरी के बाद घर लौट आए सुपरस्टार रजनीकांत
28 अक्टूबर को सुपरस्टार रजनीकांत को चेन्नई के कॉवरी हॉस्पिटल में एडमिट हुए थे. फैंस को नहीं पता था कि रजनी के अस्पताल में भर्ती होने की वजह क्या है. लोग उनके कुशल क्षेम की कामना करने लगे. सोशल मीडिया अटकलों और दुआओं से भर गया. फिर पता चला कि रजनी Carotid Artery Revascularization नाम की सर्जरी के लिए अस्पताल गए थे. ये सर्जरी इसलिए करवानी पड़ी क्योंकि रजनी के दिमाग में ब्लड सप्लाई अच्छे से नहीं हो रही थी. इस सर्जरी के फौरन बाद तमिलनाडु के मुख्यमंत्री MK Stalin रजनी से मिलने हॉस्पिटल पहुंचे. 31 अक्टूबर को रजनीकांत को हॉस्पिटल से डिस्चार्ज कर दिया गया. ये खबर रजनी ने खुद सोशल मीडिया पर अपनी फोटो पोस्ट करके दी.
घर लौटने के बाद किए रजनीकांत के सोशल मीडिया पोस्ट का स्क्रीनग्रैब.
घर लौटने के बाद किए रजनीकांत के सोशल मीडिया पोस्ट का स्क्रीनग्रैब.

6) शत्रुघ्न सिन्हा ने सोनाक्षी और ड्रग्स के बारे में बयान दिया
शत्रुघ्न सिन्हा ने कुछ समय पहले आर्यन खान की गिरफ्तारी के बारे में कहा था कि ये पब्लिक का ध्यान भटकाने के लिए उठाया गया कदम है. या लोग शाहरुख खान के साथ स्कोर्स सेटल करना चाहते हैं. बीते दिनों आर्यन खान की ज़मानत के बाद शत्रुघ्न सिन्हा ने NDTV से बात की. इस इंटरव्यू में उनसे पूछा गया कि क्या स्टार्स अपनी बिज़ी लाइफस्टाइल के चक्कर में बच्चों को सही रास्ता नहीं दिखा पाते हैं. इसके जवाब में शत्रु ने कहा कि वो खुद को भाग्यशाली समझते हैं कि उनके बच्चे लव-कुश और सोनाक्षी की अप-ब्रिंगिंग इतनी अच्छी रही है कि उन्हें कोई गंदी आदत नहीं लगी. उन्होंने ये भी कहा कि माता-पिता को ध्यान रखना चाहिए कि बच्चे अकेले, गलत संगती और या गंदी आदतें तो नहीं पाल रहे.
अपने तीनों बच्चों के साथ शत्रुघ्न सिन्हा.
अपने तीनों बच्चों के साथ शत्रुघ्न सिन्हा.

7) आर्यन की ज़मानत पर पीयूष मिश्रा की टिप्पणी आई
पीयूष मिश्रा से जब आर्यन खान मसले पर कमेंट करने को कहा गया, तो उन्होंने अपने चिर-परिचित अंदाज़ में कहा-
''मेरा क्या रिएक्शन होगा? किया उसने, उसे बेल मिल गई, बाहर आ गया वो. अब शाहरुख खान जाने, उनका बेटा जाने या समीर वानखेड़े जाने. मुझे उससे क्या मतलब है? ठीक है हो गया. जो किया है, वो भुगतेंगे आप. आप अपने बच्चों को संभालें. बस यही है.''
पीयूष मिश्रा और शाहरुख खान की पहचान पुरानी है. दोनों ने मणिरत्नम की फिल्म 'दिल से' में साथ काम किया था. आर्यन खान को 28 अक्टूबर को बॉम्बे हाई कोर्ट ने बेल दी थी.
8) आयुष्मान-रकुल की फिल्म 'डॉक्टर-जी' की रिलीज़ डेट आ गई
आयुष्मान खुराना की रिलीज़ होने वाली आखिरी फिल्म थी शूजीत सरकार डायरेक्टेड 'गुलाबो सिताबो'. मगर अब आयुष्मान एक के बाद एक फिल्मों की रिलीज़ के लिए तैयार हैं. वो अनुभव सिन्हा की 'अनेक', अभिषेक कपूर की 'चंडीगढ़ करे आशिकी' और अनुभूति कश्यप की 'डॉक्टर जी' में नज़र आने वाले हैं. अनेक को लेकर अभी कोई सुगबुगाहट देखने को नहीं मिल रही है. मगर उनकी बाकी दो फिल्मों की रिलीज़ डेट आ चुकी हैं. वाणी कपूर स्टारर 'चंडीगढ़ करे आशिकी' 10 दिसंबर को रिलीज़ के लिए शेड्यूल्ड है. जबकि रकुल प्रीत सिंह स्टारर 'डॉक्टर-जी' 17 जून, 2022 को रिलीज़ होगी.
आयुष्मान खुराना के रिलीज़ डेट अनाउंसमें ट्वीट का स्क्रीनशॉट.
आयुष्मान खुराना के रिलीज़ डेट अनाउंसमें ट्वीट का स्क्रीनशॉट.

Advertisement
Advertisement