The Lallantop

'सूर्या' में डॉक्टर्स के साथ मार-पीट सनी देओल को कहीं महंगी न पड़ जाए!

इंडियन मेडिकल एसोसिएशन का कहना है कि इस फिल्म को देख लोग डॉक्टर्स पर हमलावर हो सकते हैं.

Advertisement
post-main-image
IMA ने अश्विनी वैष्णव को लिखे पत्र में 'सूर्या' पर आपत्ति जताई है.

Sunny Deol की अपकमिंग क्राइम-थ्रिलर Suryaa: Ant Se Aarambh Tak रिलीज़ से पहले ही मुसीबत में फंस गई है. फिल्म में सनी का किरदार गैर-कानूनी ऑर्गन ट्रांसप्लांट के खिलाफ़ जंग छेड़ता है. इस दौरान उन्हें टीज़र में कुछ डॉक्टर्स को बुरी तरह पीटते हुए भी देखा जा सकता है. यही बात फिल्म के लिए दिक्कत बन गई. Indian Medical Association (IMA) ने सूचना एवं प्रसारण मंत्री Ashwini Vaishnaw को लिखी एक चिट्ठी में डॉक्टर्स के इस रिप्रेजेंटेशन पर आपत्ति जताई है. उनका कहना है कि इस फिल्म से डॉक्टर्स और मेडिकल प्रोफेशनल्स की इमेज खराब हो सकती है. साथ ही आम लोगों का भी हेल्थकेयर से जुड़े लोगों पर से भरोसा उठ जाएगा.

Advertisement

'सूर्या' 2018 में रिलीज़ हुई जोजू जॉर्ज स्टारर 'जोसेफ़' का रीमेक है. 19 अक्टूबर को मेकर्स ने फिल्म का टीज़र रिलीज़ किया. ओरिजिनल फिल्म की तरह यहां सनी का किरदार भी एक हादसे के बाद डॉक्टर्स और हॉस्पिटल्स के खिलाफ़ मोर्चा खोल देता है. उनका मानना है कि हॉस्पिटल वाले आम लोगों से धोखा करते हैं. वो उनकी मजबूरी का फ़ायदा उठाकर महंगे ऑपरेशन्स और टेस्ट लिख देते हैं. इस दौरान सनी कुछ ऐसे पैटर्न नोटिस करते हैं, जिससे उन्हें ये शक होता है कि हॉस्पिटल्स में अवैध ऑर्गन ट्रांसप्लांट का धंधा किया जा रहा है. इस बात पर वो बुरी तरह भड़क जाते हैं. साथ ही फिल्म के डॉक्टर्स और इस काम में शामिल अन्य लोगों की बुरी पिटाई कर देते हैं.

इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने फिल्म में हॉस्पिटल्स के करप्शन, डॉक्टर्स के कथित गलत काम और कर्मचारियों के साथ मारपीट दिखाए जाने पर आपत्ति जताई है. IMA ने मांग की है कि इस फिल्म की निष्पक्ष जांच की जाए. साथ ही अगर इसमें कुछ गलत पाया जाता है, तो उस पर कानूनी कार्रवाई की जाए. IMA ने कहा कि डॉक्टरों और अन्य कर्मचारियों को पहले ही अपनी सुरक्षा से जुड़ी कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है. ऐसे में अगर 'सूर्या' जैसी फिल्मों में उन पर हुए हमले को ग्लोरीफ़ाई किया जाए, तो इससे लोगों के मन में डॉक्टर्स के प्रति गुस्सा और बढ़ सकता है. नतीजतन, उनकी सुरक्षा पर बड़ा खतरा आ जाएगा.

Advertisement

IMA के मुताबिक, फिल्मों में इस तरह की चीजें दिखाए जाने से मरीजों और डॉक्टर्स के बीच भरोसा कम हो जाता है. लोग उन पर बेवजह शक करने लगते हैं. जबकि सही इलाज के लिए डॉक्टर्स और पेशेंट्स के बीच ट्रस्ट होना जरूरी है. IMA ने साफ़ कहा कि वो हॉस्पिटल्स के भ्रष्टाचार, अवैध मेडिकल प्रैक्टिस या डॉक्टर्स के बुरे बर्ताव का समर्थन नहीं करता. लेकिन अगर कोई डॉक्टर गलत काम करता है, तो उसके खिलाफ कानून के हिसाब से कार्रवाई होनी चाहिए. किसी एक की गलती के लिए पूरे प्रोफेशन को ही गलत नहीं बता देना चाहिए. खबर लिखे जाने तक मेकर्स की तरफ़ से इस मसले पर कोई रिएक्शन नहीं आया है. रही फिल्म की बात, तो 'सूर्या' 20 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी.

वीडियो: रणबीर कपूर और सनी देओल ने शुरू की 'रामायण 2' की शूटिंग?

Advertisement

Advertisement