पिछले दिनों Ranbir Kapoor स्टारर Ramayana का पहला गाना रिलीज़ किया गया. Jai Jai Ram नाम के इस गाने को Shreya Ghoshal और Arijit Singh ने गाया है. देश के दो सबसे पॉपुलर सिंगर्स. बावजूद इसके, अरिजीत को रिकॉर्डिंग के दौरान लगभग 200 टेक्स लेने पड़ गए थे.
'रामायण' के पहले ही गाने में अरिजीत सिंह को 200 रीटेक्स क्यों देने पड़े?
शाहरुख खान ने भी कहा था कि अरिजीत सिंह गाना रिकॉर्ड करने में समय लेते हैं.

गणेश चतुर्थी पर रिलीज़ हुआ 'जय जय राम' गाना कुछ घंटों में ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था. इसका म्यूजिक एआर रहमान ने तैयार किया है. लिरिक्स डॉ कुमार विश्वास ने लिखे हैं. वैसे तो गाने का मेजर पार्ट श्रेया घोषाल की आवाज़ में है. लेकिन अरिजीत ने भी अपना शत-प्रतिशत दिया. पिंकविला ने सूत्रों के हवाले से बताया,
"जय जय राम गाना रिकॉर्ड करते समय अरिजीत सिंह पूरी तरह भक्ति भाव में डूब गए थे. इस कारण उन्हें लगभग 200 टेक देने पड़ गए. हर टेक के साथ वो गाने के इमोशन्स को और गहराई से महसूस कर रहे थे. वो इतना खो गए कि उनका मन ही नहीं कर रहा था कि रिकॉर्डिंग खत्म हो. अंत में उन्होंने टेक्निकैलिटी छोड़ी और गाने के इमोशन्स में पूरी तरह बह गए."
'रामायण' के म्यूजिक राइट्स टी-सीरीज़ ने खरीदे हैं. दोनों पार्ट्स के लिए उसने मेकर्स को 75 करोड़ रुपए चुकाए हैं. खबर लिखने तक टी-सीरीज़ के यूट्यूब चैनल पर 'जय जय राम' गाने के 36 मिलियन यानी 3.6 करोड़ व्यूज़ हो गए हैं. इस वक्त ये ग्लोबल म्यूजिक चार्ट के पहले नंबर पर ट्रेंड कर रहा है. आने वाले दिनों में ऑडियंस को फिल्म के और भी म्यूजिक एसेट्स देखने को मिलेंगे. उम्मीद जताई जा रही है कि 20 सितंबर को मेकर्स फिल्म का दूसरा गाना रिलीज़ कर सकते हैं. हालांकि मेकर्स ने इस बाबत अब तक कुछ नहीं कहा है.
जहां तक अरिजीत की बात है, वो फिल्मी गानों से दूरी बना चुके हैं. फिर भी हर दूसरी फिल्म में उनका गाना आ रहा है. क्योंकि इन प्रोजेक्ट्स के लिए वो संन्यास लेने से पहले ही हामी भर चुके थे. इनमें 'रामायण' और 'किंग' जैसी बड़ी फिल्में शामिल हैं. ये तो वो फिल्में हैं, जिनके बारे में पब्लिक को पता है. और भी कई फिल्मों में उनके गाने आ सकते हैं. अरिजीत को परफेक्शन के लिए जाना जाता है. इसलिए वो अक्सर एक गाने के कई रीटेक्स लेते हैं. पिछले दिनों शाहरुख खान ने भी इस बात की ओर इशारा किया था.
दरअसल, X पर शाहरुख के #AskSRK सेशन के दौरान एक फैन ने उनसे 'किंग' का गाना रिलीज़ करने कहा था. शाहरुख ने बताया कि वो भी ऐसा करना चाहते हैं. लेकिन अभी अरिजीत सिंह गानों को फिनिशिंग टच दे रहे हैं. शाहरुख ने अरिजीत को परफेक्शनिस्ट बताते हुए कहा कि वो सही काम करने की कोशिश में थोड़ा समय लेते हैं. वैसे, 'रामायण' भारत में इस साल 08 नवंबर को रिलीज़ होगी. वहीं 'किंग' 24 दिसंबर को आएगी. संभव है कि 'किंग' ही वो अंतिम फिल्म हो, जहां हम अरिजीत को इस साल आखिरी बार सुनेंगे.
वीडियो: 'रामायण' के मेकर्स को यश की 'टॉक्सिक' वाला दांव महंगा पड़ने वाला है?










