The Lallantop

"भगवान विष्णु कौन बने हैं?" - 'रामायण' ट्रेलर आते ही इंटरनेट पर नई बहस छिड़ गई!

इंटरनेट पर लोग चार एक्टर्स के नाम पर सबसे ज्यादा दावा कर रहे हैं.

Advertisement
post-main-image
'रामायण' को 4000 करोड़ में बनाया गया है.

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • रामायण मूवी का ट्रेलर हाल ही में रिलीज़ हुआ है जिसमें रणबीर कपूर ने भगवान राम और महर्षि परशुराम के डबल रोल निभाए हैं।
  • इंटरनेट पर भगवान विष्णु का रोल किसने निभाया है इस बात को लेकर कई दावे और अनुमान चल रहे हैं क्योंकि मेकर्स ने अभी तक इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी है।
  • रामायण फिल्म का पहला भाग इस साल दीपावली पर रिलीज़ होगा और भगवान विष्णु के रोल को लेकर चर्चा जारी है, मेकर्स के आधिकारिक बयान का इंतजार है।

Ramayana का ट्रेलर रिलीज़ के बाद से ही हर तरफ़ ट्रेंड कर रहा है. इस बिग बजट मूवी की स्टारकास्ट भी लंबी-चौड़ी है. Ranbir Kapoor और Yash से लेकर Anupam Kher और Vivek Oberoi भी इस प्रोजेक्ट का हिस्सा हैं. फिल्म के अधिकतर एक्टर्स को लोग पहचान भी रहे. मगर भगवान विष्णु का रोल किसने किया है, इंटरनेट इसका जवाब नहीं दे पा रहा. चूंकि मेकर्स ने अपनी तरफ़ इस बारे में कुछ नहीं बताया, इसलिए लोग तरह-तरह के अनुमान भी लगा रहे हैं.

Advertisement

# रणबीर कपूर

पिछले साल 'रामायण' का अनाउंसमेंट टीज़र आने पर हमने बताया था कि रणबीर इस फिल्म में भगवान राम और महर्षि परशुराम, दोनों का रोल कर सकते हैं. हुआ भी ऐसा ही. कुछ महीने पहले उन्होंने खुद इस बात की पुष्टि कर दी. रणबीर ने बताया कि वो 'रामायण' में डबल रोल कर रहे हैं. ट्रेलर में हमने राम और परशुराम को साथ आते भी देख लिया.

Advertisement

लोगों का अनुमान तो ये भी था कि विष्णु का रोल रणबीर ही करेंगे. इससे उनके सभी रूप एक-दूसरे से कनेक्ट भी हो जाते हैं. मगर रणबीर ने इस बारे में कुछ नहीं बताया. हालांकि फिल्म का ट्रेलर देखकर लोग दोबारा ये रट लगा रहे कि विष्णु की उस गैलेक्सीनुमा आकृति में रणबीर ही हैं. लेकिन कोई भी इस दावे की पुष्टि नहीं कर पा रहा.

vishnu
भगवान विष्णु के रोल में ये कौनसा एक्टर है, लोग इसका जवाब नहीं ढूंढ पा रहे.

# महेश बाबू

एक तबका ऐसा भी है, जिसका ये मानना है कि फिल्म में विष्णु के रोल में महेश बाबू को कास्ट किया गया है. उनका कहना है कि दोनों के चेहरे-मोहरे एक जैसे लग रहे. कुछ ने तो इंटरनेट पर AI की मदद से महेश का थोड़ा रियलिस्टिक अवतार भी गढ़ दिया. मगर दूसरा तबका इससे कन्विन्स नहीं. उनका कहना है कि महेश पिछले डेढ़ साल से SS राजामौली की मूवी 'वाराणसी' की शूटिंग कर रहे हैं. ऐसे में उनके पास इस फिल्म के लिए समय नहीं होगा. एक रोचक ट्रिविया ये है कि 2021 के आसपास जब 'रामायण' मूवी अपने शुरुआती दौर में थी, तब महेश बाबू को राम के रोल के लिए अप्रोच किया गया था. शायद ये भी विष्णु के रोल में उन्हें खोज लेने की एक वजह हो सकती है.

Advertisement
mahesh babu
लोगों ने AI की मदद से महेश बाबू को रीइमेजिन कर लिया.

# सौरभ राज जैन

मगर एक एक्टर ऐसा भी है, जिस पर जनता रणबीर और महेश बाबू से भी ज्यादा दांव लगा रही है. दावा किया जा रहा है कि विष्णु के रोल में कोई और नहीं, बल्कि सौरभ राज जैन हैं. सौरभ ने 2013 में रिलीज़ हुए 'महाभारत' सीरियल में भगवान कृष्ण का रोल किया था. नितीश भारद्वाज के बाद इस किरदार में लोगों ने सबसे ज्यादा उन्हें ही पसंद किया है. स्वास्तिक प्रोडक्शंस के बैनर तले बने उस शो में वो विष्णु अवतार में भी दिख जाया करते थे. इसलिए लोग दावा कर रहे कि ‘रामायण’ में विष्णु के रोल में मेकर्स ने उन्हें ही कास्ट किया है.

saurabh raj jain
सौरभ राज जैन.

कुल मिलाकर, इस वक्त इंटरनेट का सबसे बड़ा सवाल यही है कि 'रामायण' में भगवान विष्णु का रोल किसने किया है. अब तक रणबीर, महेश और सौरभ के नाम सामने आए हैं. कुछ लोग कह रह कि वो आकृति दिखने में रितेश देशमुख जैसी है. हालांकि ये भी हो सकता है कि बाद में वो कोई पांचवां ही एक्टर निकले. इसलिए जब तक मेकर्स खुद ये नहीं बता देते कि उन्होंने इस रोल में किसे कास्ट किया है, कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी. बाकी जहां तक फिल्म की बात है, 'रामायण' का पहला पार्ट इस साल दीपावली पर रिलीज़ होगा.

वीडियो: 'रामायण' ने तोड़ा 'धुरंधर' का रिकॉर्ड, 75 करोड़ में बिके म्यूजिक राइट्स

Advertisement