The Lallantop

वन ट्रेलर: सैकड़ों साल पुरानी वन देवी की कहानी, जिसने यूपी-बिहार को डराकर रखा

'वन' में छठ पूजा को बड़े खूबसूरत तरीके से दिखाया गया है. शायद ये पहला मौका है, जब हिंदी फिल्म में छठ को ऐसे प्रेजेंट किया गया है.

Advertisement
post-main-image
'द वन' को एकता कपूर ने प्रोड्यूस किया है.

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • फिल्म 'वन' का ट्रेलर रिलीज़ हो गया है, जो बिहार के बिहटा के पास 500 साल पुराने वन देवी मंदिर की लोक कथा पर आधारित हॉरर-फैंटसी मूवी है।
  • फिल्म की कहानी इस मंदिर के आसपास के घने जंगल और वहां रात में अजीब घटनाओं पर केंद्रित है, जो स्थानीय मान्यता और लोक कथाओं से प्रेरित है।
  • यह फिल्म 25 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी और इसमें छठ पर्व की सांस्कृतिक झलक भी प्रमुखता से दिखाई गई है।

Siddharth Malhotra और Tamannaah Bhatia की हॉरर-फैंटसी फिल्म The Vvaan का ट्रेलर रिलीज़ हो गया है. ये फिल्म पटना में बिहटा के पास स्थित 500 साल पुराने वन देवी मंदिर से जुड़ी लोक कथा पर आधारित है. ये मंदिर घने जंगलों के बीच है. मान्यता है कि उस जंगल में रात को जो भी जाता है, उसकी लाश तक नहीं मिलती. फिल्म का बेसिक प्लॉट इसी के इर्द-गिर्द बुना गया है, जिसकी झलक ट्रेलर में भी मिलती है. इस फिल्म को Deepak Kumar Mishra ने डायरेक्ट किया है, जिन्हें Panchayat सरीखी रूटेड कहानियों के लिए जाना जाता है.

Advertisement

‘वन’ ट्रेलर की शुरुआत गांव के एक ऐसे शख्स से होती है, जो सिद्धार्थ के पात्र को उस जंगल की भयानक कहानी सुना रहा है. लेकिन सिद्धार्थ को ये सब बातें बकवास लगती हैं. वो और उसकी पत्नी बिहार से हैं. मगर अन्य बिहारियों की तरह वो छठ की छुट्टी में घर नहीं जाना जाता. उसकी प्लानिंग है कि वो सबसे झूठ बोलकर गोवा चला जाए. मगर फिर अपनी ज़मीन के चक्कर में मजबूरन बिहार आना पड़ता है. संभव है कि फिल्म में भी उनका गांव बिहटा में ही हो. खैर, वहां चीजें कुछ इस तरह घटती हैं कि सिद्धार्थ का कैरेक्टर उस घने जंगल में फंस जाता है. जिससे बचकर रहने की सलाह उसे शुरुआत में ही दी गई थी. उस जंगल में कुछ ऐसा होता है, जो सिद्धार्थ के किरदार का पर्सपेक्टिव बदल देता है. 

'वन' का ट्रेलर देख ये कहा जा सकता है कि फिल्म का ज्यादातर हिस्सा बिहार में ही सेट है. इसमें वन देवी वाला किस्सा तो है ही. साथ ही छठ को भी खूबसूरती से एक्सप्लोर किया गया है. ये बॉलीवुड के उन रेयर मौकों में से एक है, जहां छठ को स्क्रीन पर कायदे से जगह मिली है. इसका श्रेय TVF के फाउंडर और फिल्म के प्रोड्यूसर अरुणाभ कुमार को मिलना चाहिए. वो खुद बिहार से हैं और उन्होंने ही इस फिल्म की कहानी लिखी है.

Advertisement

कुछ दिन पहले मेकर्स ने 'वन' का टीज़र रिलीज़ किया था. मगर पब्लिक को वो कुछ खास पसंद नहीं आया. खासकर फिल्म के VFX की आलोचना हुई. हालांकि इस ट्रेलर में काफी सुधार दिख रहा है. इसकी एडिटिंग अच्छी है. जिस दुनिया की बात हो रही, वो भी दिखने में रोचक लग रहा है. फिल्म का बैकग्राउंड म्यूजिक दमदार लग रहा है. इसके छठ वाले गाने को लोगों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला था. अगर बाकी गाने भी अच्छे रहे, तो ये मूवी यूपी-बिहार के अलावा अन्य राज्यों में भी दर्शक बटोर सकती है.

वैसे इस ट्रेलर की एक दिक्कत है. वो ये कि इसमें सिद्धार्थ मल्होत्रा के डायलॉग्स लैंड नहीं कर रहे. साथ ही उनके लुक में भी कोई बदलाव नहीं. वो बिल्कुल वैसे ही नज़र आ रहे, जैसे अपनी ज्यादातर फिल्मों में दिखते हैं. मगर मेकर्स ने ‘वन’ में उनके डबल रोल का हिंट दिया है. उनका ये दूसरा अवतार सैकड़ों साल पुराना होगा. ट्रेलर और टीज़र में तो वो लुक पूरी तरह रिवील नहीं किया. फिर भी वो दिखने में इंट्रेस्टिंग लग रहा है. 

कुल मिलाकर, 'वन' के जरिए मेकर्स देश की एक ऐसी लोक कथा पर बात कर रहे, जिसके बारे में ज्यादातर लोगों को पता नहीं होगा. ऐसे दौर में जब फिल्मों का टेम्प्लेट एक जैसा हो गया है, ये कहानी ओरिजिनल नज़र आ रही है. फिल्म का सबसे बड़ा प्लस पॉइंट यही है. इस मूवी को 'पंचायत' और 'परमानेंट रूममेट्स' वाले दीपक कुमार मिश्रा ने डायरेक्ट किया है. अरुणाभ के अलावा एकता कपूर भी इसकी प्रोड्यूसर हैं. रही स्टारकास्ट की बात, तो सिद्धार्थ और तमन्ना के अलावा इसमें सुनील ग्रोवर, मनीष पॉल, अनूप सोनी और श्वेता तिवारी ने काम किया है. मेकर्स का दावा है कि सुनील ग्रोवर इस फिल्म में ऐसे रोल में दिखने वाले हैं, जिसकी कोई उम्मीद भी नहीं कर सकता है. ‘वन’ 25 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी.

Advertisement

वीडियो: कैसी है सिद्धार्थ मल्होत्रा की फिल्म 'थैंक गॉड'?

Advertisement