Vishal Bhardwaj का शाहकार Omkara अपनी रिलीज़ के 20 साल पूरे कर रहा है. विलियम शेक्सपीयर के नाटक 'ऑथेलो' पर आधारित इस फिल्म को विशाल के सबसे मक़बूल कामों में गिना जाता है. इस फिल्म में Saif Ali Khan के ट्रांसफॉरमेशन ने सबको चौंका दिया था. सैफ उससे पहले तक अर्बन और सोफिस्टिकेटेड किस्म के रोल्स कर रहे थे. मगर यहां उन्होंने वेस्टर्न यूपी के एक गुंडे लंगड़ा त्यागी का रोल किया. जो कि ओमी शुक्ला नाम के बाहुबली के लिए काम करता है. यहीं से सैफ के प्रयोगधर्मी काम की नींव पड़ी. हाल ही में सैफ ने बताया कि फिल्म के एक अहम सीन में विशाल भारद्वाज उन्हें बिल्कुल नंगा शूट करना चाहते थे. उन्होंने सैफ को ये आइडिया सुनाया. मगर सैफ ने उनके सामने एक शर्त रख दी. इसलिए वो सीन वैसे शूट नहीं हुआ, जिसका सैफ को आज तक मलाल है.
"ये सीन नंगे होकर शूट करिएगा", सैफ ने कहा, "आप नंगे डायरेक्ट करिएगा, तो कर लूंगा"
सैफ अली खान ने बताया, विशाल भारद्वाज ने आमिर खान को अपनी फिल्म से निकालकर उन्हें क्यों ले लिया.


हाल ही में दी हॉलीवुड रिपोर्टर इंडिया को दिए इंटरव्यू में सैफ अली खान ने ये पूरा वाकया बताया. सैफ कहते हैं,
"मुझे उस फिल्म से जुड़ी एक घटना याद है. फिल्म में एक सीन था, जहां शीशे के सामने खड़े होकर मुझे लंबे-चौड़े डायलॉग्स बोलने थे. और मुझे ये भी ध्यान है कि विशाल जी ने मुझसे कहा, 'क्या आप नंगे होकर ये सीन करेंगे?' ये बड़ी एक्साइटिंग टीज़ थी. मगर मैं सेट पर मौजूद भीड़ को देखकर कॉन्शस हो गया. मैंने उन्हें कहा, 'अगर आप ये सीन नंगे होकर डायरेक्ट करेंगे, तो मैं कर लूंगा'. और उन्होंने कहा, 'नहीं, मैं नहीं करूंगा'."
मगर अब सैफ को लगता है कि उन्हें विशाल का ये आइडिया रिजेक्ट नहीं करना चाहिए था. क्योंकि वो चीज़ को सीन को और प्रभावी बना देती. इस बाबत सैफ ने कहा,
“अब जब मैं पीछे मुड़कर देखता हूं, तो मुझे लगता है कि मैं वो सीन कर लेता. शायद मुझे कर लेना चाहिए था. वैसे भी वो उस सीन को पीछे से शूट करने वाले थे. मेरा मानना है कि वो कमाल लगता. चूंकी हम नई चीज़ें कर रहे थे, उस कड़ी में ये सीन भी कुछ होता. मैं आज वो सीन उस तरह से कर लूंगा.”
इस बातचीत में सैफ ने ये भी बताया कि ऐन वक्त पर विशाल भारद्वाज ने उस सीन को पूरी तरह से बदल दिया. वो बताते हैं,
"उस सीन में एक लंबा डायलॉग था. जिसमें मेरे कैरेक्टर को बोलना था कि 'आपने मुझे बाहुबली नहीं बनाया. इसलिए अब मैं ये करूंगा टाइप'. आईने में देखकर बदले की भावना एक्सप्रेस कर रहा था. वो (विशाल) शूट से ठीक पहले मेरे पास आए और कहा, 'मैं नहीं चाहता कि आप सीन में कोई डायलॉग बोलें. मेरे पास एक आइडिया है'. उन्होंने कहा, 'मैं चाहता हूं कि आप शीशे के सामने खड़े हों, मैं पीछे से आऊंगा और आपको मेटल, हथौड़ी या कोई भारी चीज़ दूंगा. और मैं चाहता हूं कि आप उसे शीशे पर मारकर उसे चकनाचूर कर दें. टूटे हुए शीशे में आपके चेहरे के हिस्से बिखरे नज़र आएंगे और आपका हाथ खून से सन जाएगा. आप उस खून को अपने ललाट पर रगड़ लें. बस. आपको कोई डायलॉग बोलने की ज़रूरत नहीं है'. और मुझे लगा कि हां वो सही कह रहे हैं. मुझे कुछ भी बोलने की ज़रूरत नहीं है. ये शॉट अपने आप में एक पूरा सीन है. बड़ा इकोनॉमिकल और चतुर सीन भी है. तो वहां इस तरह की बहुत सारी चीज़ें हो रही थीं."
सैफ ने एक पुराने इंटरव्यू में बताया था कि विशाल भारद्वाज लंगड़ा त्यागी के रोल में आमिर खान को लेना चाहते थे. इस बारे में दोनों की बातचीत भी हुई थी. बाद में विशाल ने सैफ को बताया कि उन्होंने आमिर को इस रोल में क्यों नहीं लिया. सैफ बताते हैं कि विशाल ने उनसे कहा कि आमिर बहुत सारे सवाल पूछ रहे थे. साथ ही वो इस किरदार में कुछ बदलाव भी करना चाहते थे. इसलिए उन्होंने आमिर के बजाय सैफ को अपनी फिल्म में कास्ट कर लिया.
'ओमकारा' में सैफ अली खान के अलावा अजय देवगन, विवेक ओबेरॉय, करीना कपूर, नसीरुद्दीन शाह, दीपक डोबरियाल, कोंकणा सेन शर्मा, बिपाशा बासु और पंकज त्रिपाठी ने भी काम किया था.
वीडियो: शाहिद कपूर की फिल्म 'ओ रोमियो' के ट्रेलर में क्या-क्या दिखा?











