The Lallantop

दो एंटी-चाइना फिल्म! सरकार ने एक को पास किया मगर सलमान की 'मातृभूमि' को अटका दिया

'4 रिवर्स 6 रेंजेज़' में तिब्बत पर चाइनीज़ आर्मी के कब्जे को दिखाया गया है. मगर सेंसर बोर्ड ने उसे पास कर दिया.

Advertisement
post-main-image
'मातृभूमि' को अपूर्व लाखिया ने डायरेक्ट किया है.

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • सलमान खान की फिल्म 'मातृभूमि' को सेंसर बोर्ड से अब तक क्लीयरेंस नहीं मिली है क्योंकि इसमें चीन विरोधी कंटेंट को लेकर आपत्तियां जताई गई हैं।
  • यह रोक भारत-चीन संबंधों में सुधार को लेकर सरकार की आपत्तियों और फिल्म के मूल प्लॉट में गलवान वैली झड़प को आधार मानता है।
  • इसके विपरीत, चाइना विरोधी नैरेटिव वाली '4 रिवर्स 6 रेंजेस' को बिना आपत्ति के सेंसर बोर्ड ने अप्रूव कर दिया है और यह फिल्म भारतीय सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है।

Salman Khan की Maatrubhumi को सेंसर बोर्ड से अब तक क्लियरेंस नहीं मिल पाया है. फिल्म पर लगे इस अड़ंगे की सबसे बड़ी वजह इसका एंटी-चाइना कॉन्टेन्ट हैं. पर दूसरी तरफ़, सेंसर बोर्ड ने इंटरनेशनल फिल्म 4 Rivers 6 Ranges को हरी झंडी दे दी. ये जानते हुए भी कि उसका नैरेटिव चाइना विरोधी है. 

Advertisement

'मातृभूमि' का ओरिजिनल टाइटल 'बैटल ऑफ गलवान' था. तब इसका प्लॉट 2020 में भारत और चाइना के बीच हुए गलवान वैली झड़प पर आधारित था. लेकिन फिर भारत सरकार ने इसके कॉन्टेन्ट पर आपत्ति जताई. ये कहते हुए कि अब दोनों देशों के रिश्ते बेहतर हो गए हैं. इस कारण मेकर्स को फिल्म में कई बदलाव करने पड़े. टाइटल भी तभी बदला गया था. फिर भी ये फिल्म अब तक रिलीज़ नहीं हो पाई.

दूसरी तरफ़, '4 रिवर्स 6 रेंजेज़' को सरकार या सेंसर बोर्ड से ऐसी किसी दिक्कत का सामना नहीं करना पड़ा. ये फिल्म उन आम तिब्बतियों की कहानी बताती है, जिन्होंने तिब्बत पर कब्जे के दौरान चीनी सेना के खिलाफ आवाज उठाई थी. इसमें ये भी दिखाया गया है कि कैसे 1959 में तिब्बती लड़ाकों के एक ग्रुप ने दलाई लामा को चाइनीज़ आर्मी से बचाया था. साथ ही उन्हें भारतीय बॉर्डर तक सुरक्षित लाने में भी मदद की. चाइना इस तरह के कॉन्टेन्ट को बिल्कुल भी प्रमोट नहीं करता. लेकिन भारतीय सेंसर बोर्ड ने 'मातृभूमि' की तरह यहां कोई आपत्ति नहीं जताई.

Advertisement
4 rivers
‘4 रिवर्स 6 रेंजर्स’ का एक सीन.

'4 रिवर्स 6 रेंजेज़' 18 सितंबर को भारतीय सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. इसे शेनपेन खिमसार ने लिखा और डायरेक्ट किया है. नवाजुद्दीन सिद्दकी इसके नरेटर बने हैं. इसका कहानी कुछ हद तक फिल्म के प्रोड्यूसर दोरजी वांगडी देवतशांग की किताब Flight At The Cuckoo's Behest पर आधारित है. द प्रिंट की रिपोर्ट के मुताबिक, दोरजी के पिता उन लोगों में शामिल थे, जिन्होंने तिब्बत से भागते समय दलाई लामा की मदद की थी. खैर, सेंसर बोर्ड ने 29 अप्रैल 2026 को ही इस फिल्म को U/A 13+ सर्टिफिकेट दे दिया था. बॉलीवुड हंगामा के मुताबिक, उन्होंने तो इसे रिवाइजिंग कमिटी के पास भेजने की जद्दोजहद तक नहीं की. फिल्म को एग्जामिनिंग कमेटी (EC) से ही पास कर दिया गया. वो भी तब, जब ये मूवी सीधे तिब्बत पर चाइनीज़ आर्मी के कब्जे को दिखाती है.

मिड डे की रिपोर्ट के मुताबिक, दलाई लामा ने खुद भी '4 रिवर्स 6 रेंजेज़' का अंतिम 30 मिनट देखा है. डायरेक्टर शेनपेन खिमसार बताते हैं कि वो इस मूवी को नेपाल में शूट करना चाहते थे. मगर उन्हें डर था कि फिल्म का पॉलिटिकली सेंसिटिव टॉपिक देखकर उन्हें शूटिंग की परमिशन नहीं मिलेगी. इसलिए उन्होंने नेपाल सरकार के पास 'द हिमालयन रॉबिनहुड' नाम से एक फर्जी स्क्रिप्ट जमा करवाई. इससे उन्हें शूटिंग की इजाजत मिल गई. हालांकि, कुछ हफ्तों बाद नेपाली ऑफिसर्स को फिल्म के असली विषय का पता चल गया. हालात मुश्किल होते देख शेनपेन ने केवल 19 दिनों में फिल्म की शूटिंग पूरी कर ली. उन्होंने '4 रिवर्स 6 रेंजेज़' की मेकिंग पर एक डॉक्यूमेंट्री भी बनाई है. मजेदार बात ये है कि उन्होंने इसे 'द हिमालयन रॉबिन हुड' नाम दिया है.

अगर आपको याद हो, तो पिछले साल 'मातृभूमि' के टीज़र रिलीज़ के बाद चाइनीज़ मीडिया ने फिल्म की खूब आलोचना की थी. उन्होंने मेकर्स पर फैक्ट्स से छेड़-छाड़ के आरोप लगाए थे. '4 रिवर्स 6 रेंजेज़' की रिलीज़ के बाद चाइनीज़ मीडिया ने इस पर भी गुस्सा उतारा. उन्होंने लिखा कि डायरेक्टर खिमसार ने अपनी फिल्म के जरिए अलगाववाद को बढ़ावा देने की कोशिश की है. मगर असल में उनका ये दावा बेबुनियाद और बगैर सर-पैर वाली कहानी से ज्यादा कुछ नहीं. चाइना की इस आपत्ति के बावजूद, भारत में सेंसर बोर्ड ने '4 रिवर्स 6 रेंजेज़' को पास कर दिया है. मगर सलमान की 'मातृभूमि' इतने बदलावों के बाद भी अटकी पड़ी है.

Advertisement

वीडियो: सलमान खान की फिल्म 'मातृभूमि' की रिलीज़ डेट बदलेगी, सिनेमाघर में किससे टकराएगी?

Advertisement