डायरेक्टर S. S. Rajamouli ने Varanasi को लेकर क्या खुलासा किया है? Ayushmann Khurrana और Sara Ali Khan की Udta Teer ने कितनी कमाई कर ली? Ramayana ने Dhurandhar The Revenge का कौन सा रिकॉर्ड तोड़ दिया है? सिनेमा से जुड़ी ऐसी ही खबरों के लिए नीचे स्क्रॉल करें.
RRR से छह गुना बड़ी होगी 'वाराणसी'! SS राजामौली ने फिल्म के राज खोल दिए
राजामौली ने बताया कि 'वाराणसी' की शूटिंग उन्होंने RRR से 40 दिन कम वक्त में पूरी की.

# RRR से छह गुना बड़ी होगी 'वाराणसी'
SS राजामौली की अगली फिल्म 'वाराणसी' को लेकर एक बड़ा खुलासा हुआ है. राजामौली ने बताया कि ये फिल्म स्केल के मामले में RRR से छह गुना बड़ी होगी. खास बात ये है कि इतनी बड़ी फिल्म की शूटिंग उन्होंने RRR से 40 दिन कम वक्त में पूरी की. जहां RRR को शूट करने में 315 दिन लगे थे, वहीं 'वाराणसी' की शूटिंग 275 दिनों में पूरी हुई. राजामौली ने इसका क्रेडिट बेहतर प्लानिंग और शूटिंग से पहले की गई तैयारी को दिया. फिल्म 7 अप्रैल, 2027 को रिलीज़ होगी.
# 'उड़ता तीर' की कमाई में आया उछाल!
आयुष्मान खुराना और सारा अली खान की 'उड़ता तीर' ने पहले वीकेंड पर 27.87 करोड़ रुपए का वर्ल्डवाइड कलेक्शन कर लिया है. सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने इंडिया में 19.56 करोड़ रुपए का नेट और 23.47 करोड़ रुपए का ग्रॉस कलेक्शन किया है. इस फिल्म को आकाश कौशिक ने डायरेक्ट किया है.
# अक्षय-विद्या की 'मौजा ही मौजा' की शूटिंग पूरी
राशि खन्ना ने अक्षय कुमार और विद्या बालन स्टारर फिल्म 'मौजा ही मौजा' की शूटिंग पूरी कर ली है. अनीस बज़्मी के डायरेक्शन में बन रही इस कॉमेडी एंटरटेनर के सेट से राशि ने कुछ बिहाइंड-द-सीन्स फोटोज़ भी शेयर की हैं. फिल्म 4 दिसंबर, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी.
# 'रामायण' ने 'धुरंधर 2' के रिकॉर्ड को धुएं में उड़ाया
'रामायण' ने अडवांस बुकिंग में एक नया मुकाम हासिल कर लिया है. सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में BookMyShow पर फिल्म ने 10 दिनों में रणवीर सिंह की 'धुरंधर 2' के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है. 'धुरंधर 2' ने पहले 10 दिनों में 1.39 लाख टिकट बेचे थे. वहीं 'रामायण' ने शुरुआती 10 दिनों में 1.42 लाख टिकट बेच दिए हैं. हालांकि अमेरिका में कहानी थोड़ी अलग है. वहां 'रामायण' की कमाई 5.2 लाख डॉलर पहुंच गई है, जो 'धुरंधर 2' की 5.4 लाख डॉलर से कम है. मगर 'रामायण' के करीब 10 हजार टिकट कम बिकी हैं. इसकी एक वजह महंगे IMAX और प्रीमियम टिकट बताए जा रहे हैं.
# अहान-शरवरी की 'बेपरवाह' की रिलीज़ डेट आई
यशराज फिल्म्स ने अहान पांडे और शरवरी वाघ की फिल्म का टाइटल 'बेपरवाह' अनाउंस कर दिया है. इस फिल्म को अली अब्बास जफ़र डायरेक्ट कर रहे हैं. फिल्म में बॉबी देओल और ऐश्वर्य ठाकरे भी अहम रोल्स में नज़र आएंगे. इसकी शूटिंग का बड़ा हिस्सा UK में पूरा हो गया है. फिल्म 26 मार्च, 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी.
# 'रामायण' के बाद हनुमान बन गर्दा उड़ाएंगे सनी देओल?
रणबीर कपूर की 'रामायण' में हनुमान का रोल कर रहे सनी देओल को लेकर बड़ी खबर आई है. मिड-डे की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा 'रामायण' यूनिवर्स को आगे बढ़ाते हुए हनुमान पर एक स्टैंड अलोन फिल्म बनाने की तैयारी कर रहे हैं. मेकर्स इस फिल्म के लिए सनी देओल से बातचीत कर रहे हैं. ताकि बड़े पर्दे पर हनुमान की कहानी को और विस्तार से दिखाया जा सके. 'रामायण 2' की शूटिंग पूरी होने के बाद इस स्पिन-ऑफ पर काम शुरू हो सकता है. फिलहाल फिल्म और सनी देओल की कास्टिंग को लेकर कोई आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है. उससे पहले सनी रामायण के दोनों पार्ट्स में भगवान हनुमान का रोल करेंगे.
वीडियो: 'वाराणसी' में SS राजामौली ने चला 'बाहुबली' वाला पैंतरा, टूटेगा अपना ही रिकॉर्ड?










