उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव के लिए राजनीतिक दलों की तैयारियां जोरों पर हैं. चुनाव से पहले सियासी बयानबाजी भी तेज हो गई है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेतृत्व में नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस (NDA) की जीत को लेकर बड़ा दावा किया है. उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में BJP और उसके सहयोगी दलों को 80 फीसदी वोट मिलेंगे.
2027 यूपी चुनाव में कितनी सीटें जीतेगी BJP? सीएम योगी ने 80:20 का नारा देकर दिया जवाब
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 2027 यूपी विधानसभा चुनाव में बीजेपी और एनडीए की बड़ी जीत का दावा किया है. उन्होंने कहा कि गठबंधन को बड़ी संख्या में वोटर्स अपना आशीर्वाद देंगे. इस बीच, उन्होंने अपना 80:20 का फॉर्मूला दोहराया.

आजतक पंचायत अयोध्या कार्यक्रम में आजतक की सीनियर मैनेजिंग एडिटर श्वेता सिंह ने सीएम योगी आदित्यनाथ से बात की. सीएम योगी से सेक्युलरिज्म पर सवाल किया गया. जवाब में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 'सबका साथ, सबका विश्वास' का मंत्र दोहराया.
सीएम योगी ने फिर दोहराया 80:20सेक्युलरिज्म पर बात करने के दौरान सीएम योगी ने अपने 80:20 के फॉर्मूले का जिक्र किया. 2027 में भाजपा 350 सीटों का आंकड़ा पार करेगी या नहीं. इस पर उन्होंने कोई तय संख्या नहीं बताई. लेकिन, उन्होंने 80:20 नारे के सहारे ये जरूर कहा कि 80 फीसदी वोटर्स BJP के नेतृत्व वाले NDA को समर्थन देंगे.
सीएम योगी आदित्यनाथ के इस दावे ने कम से कम 80 फीसदी सीटों पर NDA की जीत का इशारा किया. बातचीत में उन्होंने कहा,
"मैंने 80 और 20 इसलिए कहा क्योंकि प्रदेश की मेजॉरिटी संख्या ऐसी है, जो सुरक्षा के लिए, सुशासन के लिए और समृद्धि के लिए पूरी तत्परता के साथ कार्य कर रही है. लेकिन, एक तबका ऐसा भी है, जो सुरक्षा में सेंध लगाने के लिए उपद्रव के मौकों को ढूंढता है. मुझे लगता है कि उस 20 को इसीलिए हमने साइड में किया है."
विपक्ष 80:20 बयान को ध्रुवीकरण और धार्मिक आबादी (हिंदू बनाम मुस्लिम) से जोड़कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की आलोचना करता है.
कार्यक्रम में सीएम योगी ने 80:20 फॉर्मूले को और धार देते हुए कहा,
"मैं मानता हूं कि चुनाव आखिरकार 80:20 की तरफ ही जाएगा. 80 फीसदी वोटर्स, जो राष्ट्रवाद, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद, सुरक्षा और समृद्धि को लेकर अपना आशीर्वाद और समर्थन देंगे, वो BJP और NDA के साथ में होगा. जिन्हें ये मुद्दे पसंद नहीं हैं, जो दंगा-दंगाइयों को पसंद करते हैं, जिन्हें अराजकता पसंद है, जिन्हें कर्फ्यू पसंद है, जिन्हें गुंडागर्दी पसंद है, जिन्हें माफिया की अराजकता पसंद है, ऐसे लोग BJP और NDA के विरोध में जाएंगे."
उत्तर प्रदेश विधानसभा में कुल 403 सीटें हैं. योगी आदित्यनाथ का 80 फीसदी वोटर्स के समर्थन का दावा 80 फीसदी सीटों पर जीत निकलता है. अगर उनका दावा सच साबित हुआ, तो BJP और NDA के खाते में करीब 322 सीटें आ सकती हैं. वहीं, विपक्ष को लगभग 81 सीटों पर जीत मिल सकती है. हालांकि, मुख्यमंत्री ने सीटों का आंकड़ा नहीं बताया. ये भी साफ नहीं किया कि BJP अकेले कितनी सीटें जीतेगी.
पहले भी दे चुके हैं 80:20 का नारायोगी आदित्यनाथ ने पहली बार 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले 80:20 का फॉर्मूला दिया था. उस समय भी उन्होंने कहा था कि 80 फीसदी मतदाता राष्ट्रवाद, सुशासन और विकास के मुद्दों पर BJP का समर्थन करेंगे. वहीं, बाकी 20 फीसदी वोट विपक्षी दलों को मिलेंगे. अब 2027 के चुनाव से पहले उन्होंने एक बार फिर इसी फॉर्मूले को दोहराया है.
(यह भी पढ़ें: यूपी में 1.27 करोड़ हिंदू वोटर्स के नाम कट गए? CM योगी ने BJP वर्कर्स के सामने क्या दावा किया?)
पिछले चुनाव में कैसा रहा था प्रदर्शन?2017 के विधानसभा चुनाव में BJP और उसके सहयोगी दलों ने कुल 325 सीटें जीती थीं. इनमें अकेले BJP के खाते में 312 सीटें आई थीं. वहीं, 2022 के चुनाव में NDA की सीटें घटकर 273 रह गई थीं. BJP को अकेले 255 सीटों पर जीत मिली थी.
वीडियो: पंडाल के बाहर वीडियो देख रहे लोगों को कार ने कुचला, सीएम योगी ने क्या आदेश दिए?













