Pathaan के Besharam Rang गाने में Deepika Padukone के कपड़ों के रंग पर काफी बवाल मचा था. कुछ वैसा ही हंगामा King के केस में भी होता दिख रहा है. 'पठान' की तरह दीपिका ने इसके Tu Mil Jaaye गाने में ऑरेंज कलर का कपड़ा पहना है. इस पर भाजपा विधायक Ravinder Singh Negi ने हल्ला काट दिया. उनके मुताबिक, दीपिका ने भगवा रंग का कपड़ा पहन सनातन धर्म का अपमान किया है. इसलिए देशभर में 'किंग' को बॉयकॉट किया जाना चाहिए.
'पठान' के बाद अब 'किंग' में भी दीपिका के कपड़ों पर बवाल, भाजपा नेता ने दी बॉयकॉट की धमकी
भाजपा विधायक रविंदर सिंह नेगी का आरोप है कि शाहरुख साजिश के तहत सनातन को बदनाम कर रहे.

'पठान' वाले गाने में दीपिका ने ऑरेंज कलर की बिकिनी पहनी थी. इसलिए उन्हें विरोध झेलना पड़ा. 'किंग' में उन्होंने इसी रंग की लंबी डिजायनर ड्रेस पहनी है. लेकिन अब भी लोगों की नाराजगी खत्म नहीं हो रही. दैनिक समाचार से हुई बातचीत में दिल्ली के पटपड़गंज से विधायक रविंदर सिंह नेगी कहते हैं,
"ये उनकी फितरत है क्योंकि ये शाहरुख खान की फिल्म है. शाहरुख और ये सभी जिहादी देश से पैसा कमाते हैं और फिर उसी देश को बदनाम करते हैं. इन्हें भगवा रंग से परेशानी है. दीपिका पादुकोण तो बस एक मोहरा हैं. इन सबके पीछे ये जिहादी लोग हैं. मैं शाहरुख खान को जिहादी कहूंगा. हम जिस सनातन धर्म को मानते हैं, उसमें ये लोग ऐसे कपड़े पहनकर अश्लील तरीके से डांस कर रहे हैं."
रविंदर सिंह नेगी ने कहा कि तीन साल पहले 'पठान' के केस में भी ऐसा ही हुआ था. तब दीपिका ने भगवा रंग की बिकिनी पहनी थी. नेगी के मुताबिक, उस समय भी हिंदू संगठनों ने इसका विरोध किया था और इस बार भी वो ऐसा ही करेंगे. इसके बाद उन्होंने शाहरुख को धमकाते हुए कहा,
"हम शाहरुख खान को चेतावनी देते हैं कि अगर इस सीन को नहीं बदला गया, तो पूरे देश में विरोध प्रदर्शन होंगे. सनातन धर्म के खिलाफ कुछ भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा."
भाजपा विधायक ने इस पूरे विवाद को एक सोची-समझी साजिश बताया है. इस दौरान उन्होंने दीया मिर्ज़ा के पटाखों वाले बयान का ज़िक्र भी किया. उन्होंने कहा कि दीया ने दीपावली पर पटाखे न जलाने की बात कही थी. लेकिन ईद के मौके पर उनकी समझदारी कहां चली जाती है? जब ईद पर खुलेआम बकरों और भेड़ों की कुर्बानी दी जाती है और उनका मांस सड़कों पर पड़ा रहता है, तब ये लोग कुछ क्यों नहीं कहते?
नेगी ने आगे कहा कि शाहरुख, दीपिका और दीया जैसे लोगों को शर्म आनी चाहिए. वो इसलिए क्योंकि इन्होंने भारत की वजह से पहचान और शोहरत तो हासिल की. मगर फिर खुद ही सनातन धर्म को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं. जाते-जाते नेगी ने फिर कहा कि मेकर्स 'किंग' से भगवा रंग वाले इस सीन को हटा दें. वरना वो शाहरुख का देशभर में खुलकर विरोध करेंगे.
वीडियो: शाहरुख की King से Avengers: Doomsday और Dune 3 का Clash











