Tiger Shroff इन दिनों अपनी फिल्म Bade Miyan Chote Miyan का प्रमोशन कर रहे हैं. Akshay Kumar की फिल्म को इस साल ईद पर रिलीज़ किया जाना है. बताया जा रहा है कि इसी फिल्म पर टाइगर की अगली पिक्चर Rambo का बनना या ना बनना निर्भर करेगा. फिलहाल 'रैम्बो' के मेकर्स की नज़र 'बड़े मियां छोटे मियां' के रिस्पॉन्स पर टिकी हैं.
'बड़े मियां छोटे मियां' की वजह से टाइगर श्रॉफ की 'रैम्बो' आगे खिसक गई?
Rambo के लिए जाह्नवी कपूर और Tiger Shroff का नाम फाइनल हो चुका है. ये हॉलीवुड की क्लासिक फिल्म 'रैम्बो' का रीमेक होगी.

बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक टाइगर श्रॉफ की तगड़ी एक्शन फिल्म 'रैम्बो' एक बार फिर से पोस्टपोन हो गई है. सूत्रों के हवाले से बॉलीवुड हंगामा ने एक रिपोर्ट छापी. जिसमें सोर्स ने बताया,
''रोहित धवन और सिद्धार्थ आनंद 'रैम्बो' की शूटिंग इस साल अप्रैल से शुरू करने वाले थे. मगर इसके बड़े बजट के चक्कर में फिलहाल इसे टाल दिया गया है. 'रैम्बो' का बजट करीब 150 करोड़ रुपए है. स्टूडियो पार्टनर जियो स्टूडियोज़ की तरफ से ये कहा गया है कि 'रैम्बो' पर काम शुरू करने से पहले अली अब्बास ज़फर की 'बड़े मियां छोटे मियां' की रिलीज़ का इंतज़ार करना चाहिए. फिल्म को जैसा रिस्पॉन्स मिलेगा उसके बाद ही कोई फैसला लिया जाएगा.''
सोर्स ने आगे बताया,
'' 'बड़े मियां छोटे मियां' को जिस तरह का रिस्पॉन्स मिलेगा उसे देखने के बाद 'रैम्बो' के बजट पर फिर से काम किया जाएगा. 'बड़े मियां छोटे मियां' हर लिहाज़ से बड़ी फिल्म हैं और स्टेकहोल्डर्स के लिए बहुत ज़रूरी है. एक बार BMCM का रिस्पॉन्स देखने के बाद जुलाई 2024 में ही 'रैम्बो' फिर से फ्लोर पर आ पाएगी.''
बीते दिनों सिद्धार्थ आनंद ने भी 'रैम्बो' फिल्म पर बात की थी. सिद्धार्थ के प्रोडक्शन हाउस में बनने वाली ये दूसरी फिल्म है. इस प्रोजेक्ट के बारे में सिद्धार्थ ने कहा था -
''सैफ अली खान और जयदीप अहलावत वाली फिल्म के बाद ही हम 'रैम्बो' प्रोड्यूस करेंगे. रोहित धवन डायरेक्टर हैं और टाइगर लीड एक्टर. इस टाइटल से लोगों को काफी उम्मीदें और कई यादें जुड़ी हैं. मुझे विश्वास है कि हम एक अच्छी एक्शन फिल्म बनाएंगे. 'रैम्बो' के लिए हमारे पास कुछ अच्छे प्लान्स हैं. करीब एक महीने में ही रैम्बो पर अपडेट आएगा. जो कि बहुत धांसू होगा.''
ख़ैर, अब देखना होगा कि 'बड़े मियां छोटे मियां' को लोगों का कैसा रिस्पॉन्स मिलता है. 'रैम्बो' के लिए जाह्नवी कपूर और टाइगर श्रॉफ का नाम फाइनल हो चुका है. ये हॉलीवुड की क्लासिक फिल्म 'रैम्बो' का रीमेक है. चिंता की बात बस ये है कि इस फिल्म के साथ अजय देवगन की 'मैदान' का क्लैश हो रहा है. जिससे जनता दो हिस्सों में बंट जाएगी.













