विजय देवरकोंडा से फिल्म ट्रेड को बहुत उम्मीदें हैं. जानकारों का मानना है कि जो काम अक्षय या आमिर नहीं कर पाए, वो विजय कर सकते हैं. उनकी फिल्म 'लाइगर' टिकट खिड़की पर चल रहे सूखे को खत्म कर सकती है. ये अंदाज़ा फिल्म के ट्रेलर, गानों और बढ़िया प्रमोशन की वजह से लगाया जा रहा है. दूसरी तरफ सोशल मीडिया पर इस फिल्म को भी बॉयकॉट करने की कवायद शुरू हो चुकी है. मगर 'लाइगर' को 'लाल सिंह चड्ढा' लेवल की नकारात्मकता नहीं झेलनी पड़ रही है.
जो अक्षय-आमिर नहीं कर पाए, वो विजय देवरकोंडा करके दिखाएंगे!
बताया जा रहा है कि 'लाइगर' के लिए विजय देवरकोंडा ने 20 से 25 करोड़ रुपए की फीस ली है.


रिपोर्ट्स के मुताबिक, 'लाइगर' 90 करोड़ रुपए के बजट पर बनी फिल्म है. इसमें विजय की 20 से 25 करोड़ रुपए की फीस शामिल है. विजय को ये फीस इसलिए मिल पाई है क्योंकि मेकर्स को भरोसा है कि वो दर्शकों को थिएटर तक ला सकते हैं. 'पेली चूपुलु', 'गीता गोविंदम' और 'अर्जुन रेड्डी' जैसी फिल्मों से वो ये करके दिखा चुके हैं. हालांकि उनकी पिछली कुछ फिल्में परफॉर्म नहीं कर पाई हैं. इंडिया टुडे से बात करते हुए ट्रेड एनलिस्ट रमेश बाला ने बताया कि विजय को जो फीस मिली है, वो (हिंदी फिल्म) डेब्यू फिल्म के लिहाज़ से बड़ी है. मगर ये रकम और बढ़ सकती है. रमेश बताते हैं-
''अगर 'लाइगर', 'पुष्पा', 'RRR' या 'KGF 2' जैसी सफल हो जाती है, तो विजय देवरकोंडा फिल्म का प्रॉफिट भी शेयर कर सकते हैं. उन्होंने 40 दिनों तक देशभर में ये फिल्म प्रमोट की है. जिससे मार्केट में फिल्म के लिए अच्छा बज़ बन गया है. अगर फिल्म का कॉन्टेंट कायदे का निकलता है, तो 'लाइगर' अगली बड़ी फिल्म साबित हो सकती है.''
विजय देवरकोंडा की सोशल मीडिया फॉलोइंग भी काफी मजबूत है. उन्हें इंस्टाग्राम पर 17 मिलियन यानी 1.7 करोड़ से ज़्यादा लोग फॉलो करते हैं. मगर वो बेहद सीमित प्रमोशनल पोस्ट करते हैं. उन्होंने सोशल मीडिया का इस्तेमाल खुद को ब्रांड बनाने में किया है. उन्होंने Rowdy नाम की क्लोदिंग लाइन शुरू की है, जिसे अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है.
'लाइगर' बाई-लिंगुअल फिल्म है. मतलब इसे दो भाषाओं में बनाया गया है. हिंदी और तेलुगु. अन्य भाषाओं में इसे डब करके रिलीज़ किया जाएगा. ये विजय देवरकोंडा के करियर की पहली पैन-इंडिया फिल्म है. रमेश ने आगे की बातचीत में कहा-
'''लाइगर' 2022 की बहुतप्रतीक्षित फिल्मों में से एक है. ये विजय के लिए ब्रेकआउट फिल्म साबित हो सकती है. अगर कमर्शियली पिक्चर चल गई, तो विजय के लिए बतौर एक्टर और स्टार ये बड़ा उछाल होगा.''
‘लाइगर’ की पहले दिन की अडवांस बुकिंग 7 करोड़ पार कर चुकी है. इसमें से 6.70 करोड़ रुपए फिल्म के तेलुगु वर्ज़न से आए हैं.
'लाइगर' को पुरी जगन्नाथ ने डायरेक्ट किया है. प्रोड्यूसर हैं करण जौहर और चार्मी कौर. फिल्म में विजय देवरकोंडा के साथ अनन्या पांडे और राम्या कृष्णन जैसे एक्टर्स भी नज़र आने वाले हैं. 'लाइगर' 25 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज़ हो रही है.
वीडियो देखें: जिन्होंने सलमान का स्टारडम वापस दिलाया, उन्होंने विजय की लाइगर बनाई है






















