Yo Yo Honey Singh का नाम तमाम तरह के विवादों से जुड़ा. मगर ये भी देखा गया है कि वो अपनी ख़ामियां, ग़लतियां सरेआम स्वीकार भी करते हैं. अपने हालिया इंटरव्यू में भी उन्होंने कुछ ऐसा ही किया. ड्रग्स की लत के साथ उन्होंने उस नशे के बारे में भी बात की, जो सफलता और दौलत के चलते सिर पर चढ़े घमंड से पैदा हुआ था. इस इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि Shahrukh Khan, Salman Khan और Akshay Kumar ने उन्हें उनकी बेतरतीब जीवनशैली, ख़राब आदतों और बुरी हरकतों के लिए कई बार चेताया. समझाया. मगर उन्होंने किसी की नहीं सुनी. और फिर वही हुआ, जिसका अंदेशा शाहरुख और अक्षय सहित उनके आसपास के कई लोगों को बहुत पहले से था.
"शाहरुख और अक्षय ने मुझे मेरी हरकतों के लिए चेताया था, मैं खुद को भगवान मानने लगा था"
हनी सिंह ने कहा- "मैं हर किसी का अपमान करता था. दौलत, शोहरत और ड्रग्स के नशे में अंधा हो गया था मैं."


AB टॉक्स पॉडकास्ट पर हनी सिंह ने इस बारे में विस्तार से बात की. उन्होंने कहा,
“साल 2011 से 2014 के बीच जब मैं अपने पीक पर था, तब दौलत के नशे में सच्चाई से बहुत दूर हो गया था. दौलत, शोहरत और ड्रग्स के नशे में सब भुला दिया था मैंने. मैं होश में ही नहीं था. तब मेरी पूरी आइडियोलॉजी ही बदल गई थी. मेरी चाल, मेरा बात करने का अंदाज़, मेरा बर्ताव भी बदल गया था. मैं हर किसी का अपमान करता था. मुझे लगने लगा था, ये जो कुछ है सिर्फ मैंने किया है. मैं ख़ुद को भगवान मानने लगा था. ख़ुद को भगवान कहता भी था.”
हनी सिंह ने बताया कि बहुत कम उम्र में मिली सफलता और नशे ने उन्हें दुष्ट और मानवीय बना दिया था. इस अवस्था को हनी सिंह ने अंग्रेज़ी में डीमनिक स्टेट ऑफ माइंड फ्रेज़ कहकर समझाया. उन्होंने कहा,
“मुझे ख़ुद भी मेरा वो वर्ज़न पसंद नहीं था. और इसके लिए फेम या इंडस्ट्री नहीं, मैं ही ज़िम्मेदार था.”
हनी सिंह ने बताया इंडस्ट्री के दिग्गजों ने उन्हें नशे से दूरी बनाने को कहा. बेहतर ढंग से जीने की सलाह दी. पूरा वाकया बताते हुए हनी सिंह ने कहा,
“अमिताभ बच्चन, सलमान खान, शाहरुख खान, अक्षय कुमार... ये सब मुझे ऑब्ज़र्व कर रहे थे. इन्होंने मुझे समझाया कि मैं जो कुछ भी कर रहा हूं, फ़ौरन बंद कर दूं. शाहरुख खान और अक्षय कुमार ने तो कई बार खुले शब्दों में मुझे चेतावनी दी. कहा कि ये जो कुछ भी तुम कर रहे हो, ये सब एक दिन तुम्हें ले डूबेगा. तुम्हें बर्बाद कर देगा. ख़त्म कर देगा.”
हनी सिंह की तबीयत 2014 में बिगड़ी. तीन साल वो घर से निकले ही नहीं. अपनों से, ख़बरों से, दुनिया से कट गए थे. बायपोलर डिसऑर्डर ने भी उन्हें घेर लिया. और इसी की दवाओं से उनके सारे बाल झड़ गए. साल 2014 में उन्होंने ड्रग्स लेना तो बंद कर दिया था. मगर उससे रिकवर होने में उन्हें 7-8 साल लग गए. हालांकि रिकवरी फ़ेज़ में साल 2018 में उन्होंने 'सोनू के टीटू की स्वीटी' के 'दिल चोरी…' गाने से कमबैक किया था. फिर उनका सोलो नंबर ‘मखना’ भी आया. मगर उनका वही पुराना फेम उन्हें मिला साल 2024 में आए उनके एल्बम ‘ग्लोरी’ से.
वीडियो: शाहरुख खान ने हनी सिंह को थप्पड़ मारा था? उन्होंने सच्चाई बताई है




















