The Lallantop

लास्ट वुल्वरीन फिल्म का ट्रेलर आ गया है और ये अब तक की बेस्ट फिल्म है!

लोगन, वो आदमी जिसके मुक्कों से ठंडे लोहे वाले कठोर चाकू निकलते हैं.

Advertisement
post-main-image
फिल्म लोगन का एक दृश्य.
ह्यू जैकमैन पिछले 16 साल से 'एक्स-मेन' सीरीज में वुल्वरीन का किरदार कर रहे हैं. इस किरदार का एक नाम लोगन भी है. स्वतंत्र रूप से वुल्वरीन सीरीज की तीसरी फिल्म और एक्स-मेन सीरीज की दसवीं फिल्म 'लोगन' का ट्रेलर आ गया है. लोगन के रूप में ह्यू आखिरी बार इसमें नजर आने वाले हैं. इस फिल्म की कहानी शुरू होती है जहां लोगन अधेड़ हो चुका है. उसके शरीर में कमजोरी झलकने लगी है. उसके घाव भरने की ताकत कमजोर पड़ गई है. वो दूर बीहड़ में रहता है जहां उसे किसी से लड़ना न पड़े. लेकिन जब एक बुरे संगठन का मुखिया दुनिया के बाकी बचे म्यूटेंट को हथियार के रूप में इस्तेमाल करना चाहता है तो लोगन को लड़ना पड़ेगा. फिल्मकारी के लिहाज से ये सीरीज की दसों फिल्मों में बेस्ट लग रही है. एक-एक दृश्य देखते हुए लगेगा कि पहले सीरीज में कभी नहीं देखा है. और मुश्किल से ट्रेलर में कोई बड़ा एक्शन सीन है. अगले साल 3 मार्च को 'लोगन' रिलीज होगी. इस फिल्म में पहली बार प्रोफेसर एक्स बिना शेव किए बीहड़ में दिखाई देंगे. नेटफ्लिक्स की सीरीज 'नारकोज़' में ड्रग निरोधक एजेंट स्टीव मर्फी के रोल में चर्चित हुए बॉयड हॉलब्रुक की भी फिल्म में एंट्री हुई है. वो बहुत क्रूर बुरे आदमी के रोल में हैं. ट्रेलर में उनकी मौजूदगी ताज़गी लाती है. इसमें जॉनी कैश का गाना 'हर्ट' भी है जो कहानी के एहसास को बहुत बढ़ा रहा है. फिल्म का निर्देशन भी उन्हीं जेम्स मैनगोल्ड ने किया है जिन्होंने जॉनी कैश की बायोपिक 'वॉक द लाइन' बनाई थी. उन्होंने ही 'गर्ल, इंटरप्टेड' डायरेक्ट की थी जिसके लिए एंजलीना जोली को बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर का ऑस्कर मिला था. 'लोगन' का ट्रेलर: https://www.youtube.com/watch?v=Div0iP65aZo

Advertisement
Advertisement