The Lallantop

7 महीने तक फंसे रहने के बाद फाइनली, थलपति विजय की 'जन नायगन' की रिलीज़ डेट आ गई

'जन नायगन' को इतनी हुज्जत के बाद सेंसर बोर्ड ने पास तो किया मगर एक पेच फंसा दिया.

Advertisement
post-main-image
'जन नायगन' थलपति विजय के करियर की आखिरी फिल्म है.

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • थलपति विजय की फिल्म 'जन नायगन' को सेंसर बोर्ड ने A सर्टिफिकेट दिया है और यह 24 जुलाई, 2026 को रिलीज़ होगी, जिसकी पुष्टि प्रोड्यूसर सुप्रीत मोहन ने की है।
  • फिल्म 'जन नायगन' सेंसर बोर्ड की जांच में महीनों तक रुकी रही क्योंकि बोर्ड ने कई बदलाव करने के निर्देश दिए थे, जिससे फिल्म की रिलीज़ अनिश्चितकाल के लिए टल गई।
  • 'जन नायगन' को A सर्टिफिकेट मिलने से केवल 18 वर्ष से ऊपर के दर्शक ही इस फिल्म को देख सकेंगे, जिससे इसकी व्यूअरशिप पर असर पड़ने की संभावना बनी है।

Thalapathy Vijay के करियर की आखिरी फिल्म Jana Nayagan की राहों में कई रोड़े आए. पहले ये सेंसर बोर्ड के चंगुल में फंसी रही. फिर लीक हो गई. मेकर्स को लोगों के पैसे तक वापस करने पड़े. मगर अब समय बदल चुका है. विजय, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बन चुके हैं. और फाइनली उनकी फिल्म इन सब पचड़ों से निपटकर रिलीज़ के लिए तैयार हो गई है. 'जन नायगन' को फाइनली सेंसर बोर्ड ने पास कर दिया है. और मेकर्स ने रिलीज़ डेट भी कंफर्म कर दी है.

Advertisement

सोशल मीडिया पर 'जन नायगन' का सेंसर सर्टिफिकेट वायरल हो रहा है. इससे मालूम चल रहा है कि सेंसर बोर्ड ने फिल्म को A यानी एडल्ट सर्टिफिकेट दिया है. इसे 18 बरस से ऊपर के लोग ही सिनेमाघरों में देख सकेंगे इससे फिल्म की व्यूअरशिप पर असर पड़ सकता है. मगर विजय के रॉ स्टारडम के लिए ये बहुत बड़ा मसला नहीं है. बताया जा रहा है कि सेंसर बोर्ड ने फिल्म को A सर्टिफिकेट वॉयलेंस की वजह से दिया है. इस फिल्म की लंबाई 183.11 मिनट यानी 3 घंटे 3 मिनट 11 सेकंड है.

jana nayagan, thalapathy vijay,
‘जन नायगन’ के सेंसर सर्टिफिकेट की कॉपी.

'जन नायगन' ओरिजिनली 9 जनवरी, 2026 को पोंगल के मोके पर रिलीज़ होने वाली थी. मगर सेंसर बोर्ड से सर्टिफिकेट नहीं मिलने की वजह से फिल्म अटकी रही. मगर अब ये फिल्म 24 जुलाई को रिलीज़ होगी. फिल्म के कैनेडियन डिस्ट्रिब्यूटर यॉर्क सिनेमाज़ (York Cinemas) ने सोशल मीडिया पर फिल्म की रिलीज़ डेट बताई. उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा,

Advertisement

"फाइनली! हमारे अपने थलपति विजय, 'जन नायगन' से स्क्रीन्स पर आग लगाने को तैयार हैं. कैनडा में इस फिल्म को यॉर्क सिनेमाज़ रिलीज़ करेगी. 24 जुलाई से स्क्रीन्स पर होगा धमाका."  

KVN प्रोडक्शनंस के बिजनेस हेड और प्रोड्यूसर सुप्रीत मोहन ने इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में इस खबर की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि विजय स्टारर 'जन नायगन' 24 जुलाई को रिलीज़ होगी.

'जन नायगन' के सर्टिफिकेशन प्रोसेस के लिए मेकर्स ने 19 दिसंबर, 2025 को इसे सेंसर बोर्ड के पास भेजा था. अमूमन फिल्मों को हफ्ते दिन के अंदर सर्टिफिकेट मिल जाता है. मगर ये फिल्म महीनों तक वहां फंसी रही. क्योंकि इग्ज़ामिनिंग कमिटी ने फिल्म में कई बदलाव करने के निर्देश दिए. मेकर्स ने वो बदलाव करके फिल्म को दोबारा सेंसर बोर्ड के पास भेज दिया. फिर भी उनका प्रोसेस आगे नहीं बढ़ाया गया. जिसकी वजह से फिल्म की रिलीज़ अनिश्चितकाल तक के लिए टल गई. इससे आजिज़ आकर मेकर्स हाई कोर्ट पहुंचे. मगर वहां भी उनकी समस्या का निदान नहीं हुआ. और कई महीनों तक फिल्म की रिलीज़ रुकी रही.

Advertisement

फाइनली 9 जुलाई, 2026 को सेंसर बोर्ड ने 'जन नायगन' को A सर्टिफिकेट देकर रिलीज़ के लिए हरी झंडी दे दी है. इस फिल्म में थलपति विजय के साथ बॉबी देओल, पूजा हेगड़े, ममिता बैजू, प्रकाश राज, प्रियमणि, नासर और गौतम वासुदेव मेनन जैसे एक्टर्स ने काम किया है. इस फिल्म को एच. विनोद ने डायरेक्ट किया है. 'जन नायगन' 2023 में आई तेलुगु एक्शन फिल्म 'भगवंत केसरी' का पार्शियल रीमेक है.

वीडियो: थलपति विजय की 'जन नायकन' अब Prime Video पर रिलीज़ होगी, CM बनने पर क्या बदला?

Advertisement