एक्ट्रेस Swara Bhasker एक बार फिर विवादों में हैं. पिछले दिनों उन्होंने Padmavat के जौहर सीक्वेंस पर सवाल उठाए थे. उनका कहना था कि फिल्म रेप सर्वाइवर्स को ये मैसेज दे रही कि अगर उन्होंने अपनी जान नहीं ली, तो वो कायर कहलाएंगी. स्वरा के इस बयान पर काफी हो-हल्ला मचा हुआ है. वो भी इतना कि उनकी जुबान काटने वाले पर लाखों का इनाम रख दिया गया है.
जौहर विवाद: स्वरा भास्कर की ज़ुबान काटने वाले पर रखा गया लाखों का इनाम!
स्वरा भास्कर का कहना है कि लोगों ने उनके बयान को गलत ट्रांसलेट कर दिया.

स्वरा भास्कर के खिलाफ़ इस वक्त सड़क से लेकर सोशल मीडिया तक, खूब आवाज़ उठाई जा रही है. आगरा में योगी यूथ ब्रिगेड ने उनकी तस्वीरें जलाकर और जूते मारकर विरोध किया. यही नहीं, ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष कुंवर अजय तोमर ने तो स्वरा की जुबान काटने वाले को 1 लाख 51 हजार रुपए का इनाम देने का ऐलान कर दिया. उनका आरोप है कि स्वरा को उस दौर के हालातों और राजपूत महिलाओं के साहस का सही ज्ञान नहीं है. इसलिए उन्हें बिना जाने-समझे इस तरह का बयान नहीं देना चाहिए.
वैसे, इस पूरे मसले की शुरुआत 31 अगस्त को दिल्ली के इंडिया इंटरनेशनल सेंटर से हुई. वहां 'वुमन, लाइफ, फ्रीडम' इवेंट में स्वरा ने संजय लीला भंसाली की फिल्म 'पद्मावत' पर अपना ओपिनियन दिया. वो कहती हैं,
"मैंने देखा कि पद्मावत में 800 औरतों को जौहर करते हुए दिखाया गया है, जो इस कहानी का हिस्सा हैं. ये देखते हुए मैं सोच रही थी कि अगर, भगवान न करे, मैं कभी रेप की शिकार हुई होती, तो ये फिल्म मुझे क्या संदेश दे रही है? मुझे तो ऐसा लगेगा कि मैं कायर हूं, जो मैंने अपनी ‘इज्जत’ बचाने के लिए खुद को मार नहीं डाला. क्या आप महिलाओं को यही मैसेज देना चाहते हैं? हमारे समाज में, जहां मुझे लगता है कि रेप एक बड़ी समस्या है- क्या हम रेप सर्वाइवर्स से ये कहना चाहते हैं कि उन्हें जीने का हक नहीं? कि अगर वो सच में बहादुर और इज्जतदार महिलाएं होतीं, तो अपनी जान ले लेतीं? क्या हम ये कह रहे हैं कि रेप किसी महिला की जिंदगी का अंत है?”
चर्चा के दौरान स्वरा ने बताया कि उन्होंने भंसाली को इस बारे में सवाल करते हुए एक ओपन लेटर भी लिखा था. हालांकि स्वरा के कमेंट के बाद जब इंटरनेट पर उन्हें खूब फटकारा गया, तो उन्होंने सफाई देते हुए दूसरा वीडियो रिलीज़ किया. स्वरा ने बताया कि उन्होंने रानी पद्मावती और उन महिलाओं को, जिन्होंने जौहर किया था, उन्हें कायर नहीं कहा था. उनके मुताबिक, वो ये कहना चाहती थीं कि 'पद्मावत' देखने वाली रेप सर्वाइवर्स को ऐसा लगेगा कि उनका खुद को न मारना एक कायराना हरकत है. स्वरा का कहना है कि उनकी ये बात लोगों ने समझी नहीं और गलत ट्रांसलेशन कर, उन्हें गालियां देने लगे.
वीडियो: क्यों स्वरा भास्कर का 'एक्स' अकाउंट हुआ सस्पेंड?









