SS Rajamouli का एक इंटरव्यू इंटरनेट पर धड़ल्ले से वायरल हो रहा है. उसमें उन्होंने Shah Rukh Khan के साथ फिल्म करने की बात पर रिएक्ट किया है. राजामौली ने शाहरुख की तारीफ करते हुए उन्हें एक शानदार एक्टर बताया. साथ ही वो वाकया भी सुनाया, जब शाहरुख ने किसी के कहे बिना ही राजामौली की फिल्म Eega यानी Makkhi को प्रमोट कर दिया था.
"मौका मिला तो..." - शाहरुख के साथ फिल्म बनाएंगे राजामौली?
राजामौली ने बताया कि शाहरुख ने उनकी फिल्म 'मक्खी' को बिना कहे ही प्रमोट कर दिया था.

राजामौली ने कुछ समय पहले स्विट्जरलैंड में हुए NIFFF 2026 फिल्म फेस्टिवल को अटेंड किया था. वहां उन्होंने एक इंटरव्यू दिया, जिसके क्लिप्स सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं. ऐसे ही एक क्लिप में उनसे शाहरुख के साथ काम करने को लेकर सवाल किया गया. इस पर राजामौली कहते हैं,
"शाहरुख खान एक शानदार एक्टर हैं. उनमें बहुत एनर्जी है. मेरे मन में उनके लिए काफी सम्मान है. मुझे लगता है कि भारत में कोई भी डायरेक्टर शाहरुख के साथ फिल्म बनाना चाहेगा. मैं उनसे एक बार मिला भी हूं. एक-दो बार बात हुई है."
'बाहुबली' फ्रैंचाइज़ से राजामौली को पैन इंडिया पॉपुलैरिटी मिली थी. मगर साउथ में वो 'ईगा' और 'मगधीरा' जैसी फिल्मों के कारण पहले ही काफी चर्चा बटोर चुके थे. 'ईगा' को तो लोगों ने इतना पसंद किया कि राजामौली को उसे हिन्दी में अलग से डब और रिलीज़ करवाना पड़ा था. नॉर्थ में उसे 'मक्खी' नाम से जाना जाता है. उस फिल्म के प्रमोशन के दौरान ही शाहरुख और राजामौली पहली बार मिले थे. राजामौली कहते हैं,
"जब ईगा को हिन्दी में मक्खी नाम से डब किया जा रहा था, तो मैं प्रमोशन के सिलसिले में वहां के कुछ डायरेक्टर्स से मिलने गया. शाहरुख वहीं पर थे. उन्होंने मेरा हाल-चाल पूछा. उन्होंने मेरी पिछली फिल्म मगधीरा देखी थी. उन्होंने मुझसे पूछा कि मैं आजकल क्या कर रहा हूं. तब मैंने उन्हें मक्खी के बारे में बताया. खास बात ये है कि उन्होंने मेरे कहे बिना ही तुरंत मक्खी के बारे में ट्वीट कर दिया. वो बहुत नेकदिल इंसान हैं. अगर मुझे मौका मिला, तो मैं उनके साथ जरूर काम करूंगा."
हमने चेक किया तो पाया कि शाहरुख ने 06 अक्टूबर 2012 को वाकई 'मक्खी' फिल्म के बारे में ट्वीट किया था. उन्होंने लिखा,
"मक्खी (ईगा) द फ्लाय. राजामौली की ये बेहद ओरिजिनल और मजेदार फिल्म 12 अक्टूबर को रिलीज़ हो रही है. बच्चों के साथ जरूर देखें. राजा और उनकी पूरी टीम को ऑल द बेस्ट."

अब शाहरुख, राजामौली की फिल्म करते हैं या नहीं, ये तो वक्त ही बताएगा. मगर राजामौली जरूर शाहरुख के प्रोडक्शन तले बनी एक वेब-सीरीज़ कर चुके हैं. उन्होंने आर्यन खान के डायरेक्टोरियल डेब्यू 'बैड्स ऑफ बॉलीवुड' में कैमियो किया था. तब आमिर खान से वडा-पाव और इडली-सांभर पर हुई उनकी नोंक-झोंक सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई थी.
वीडियो: एआर रहमान ने सलमान और शाहरुख खान को किस गाने में कास्ट किया?













