हाल ही में Sonakshi Sinha नेटफ्लिक्स की सीरीज़ Heeramandi: The Diamond Bazaar में नज़र आईं. सीरीज़ में उन्होंने फरीदन नाम का किरदार निभाया. उनके काम की सराहना हो रही है. बीते कुछ समय में सोनाक्षी ने टिपिकल कमर्शियल सिनेमा से थोड़ी दूरी बनाई है. सब्स्टेंस वाले कंटेंट पर काम कर रही हैं. 'धाकड़' भी ऐसे ही प्रोजेक्ट्स में से एक था. उसी क्रम में उन्होंने 'हीरामंडी' चुना. सीरीज़ के बाद सोनाक्षी इंटरव्यूज़ भी दे रही हैं. इस दौरान उन्होंने अपने करियर ग्रोथ और कैरेक्टर्स में आए बदलाव पर बात की. वो कहती हैं कि शुरुआत में उन्होंने बड़े स्केल वाली प्रॉब्लमैटिक फिल्में की थी. साथ ही कहा कि वो ऐसी फिल्में फिर से नहीं करना चाहतीं जहां उन्हें ‘माल’ कहा गया. बता दें कि अक्षय कुमार की फिल्म ‘राउडी राठौड़’ के पोस्टर में अक्षय और सोनाक्षी थे. उस पर लिखा था - ‘नया साल, नया माल’.
"ऐसी फिल्में नहीं करना चाहती जहां फिर से 'माल' कहा जाए" - सोनाक्षी सिन्हा
Sonakshi Sinha के लिए जिस फिल्म में 'माल' शब्द इस्तेमाल हुआ था, उसे Sanjay Leela Bhansali ने प्रोड्यूस किया था.

जूम टीवी से बात करते हुए सोनाक्षी ने अपनी पुरानी फिल्मों पर बात की. उन्होंने कहा:
बतौर आर्टिस्ट आपकी एक ज़िम्मेदारी होती है. क्योंकि कई लोगों की नज़र आपके ऊपर होती है. जी हां, मैं मानती हूं कि यंग थी, तब मुझे कई बड़ी फिल्में करने का मौका मिला था. उस समय कोई भी उन्हें ना नहीं कह सकता था. मैंने भी इसीलिए वो फिल्में की. लेकिन मुझे कुछ समय बाद एहसास हुआ. जब आप ग्रो करते हो तो लोग नोटिस करते हैं. उसके बारे में बातें भी करते हैं. लोग आपको इन बातों को नोटिस भी करवाते हैं. ये आलोचना(क्रिटिसिज़्म) है. लेकिन कंस्ट्रक्टिव भी है.
बातचीत में आगे सोनाक्षी ने कहा:
आप देख सकते हैं. ‘अकीरा’ के बाद मेरी फिल्मों के कैरेक्टर्स में बहुत बदलाव आया है. मैं ये बातें सिर्फ बोलने के लिए नहीं कह रही हूं. मुझे नहीं लगता कि मैं अपने आपको ‘माल’ बुलवा सकती हूं. सभी को ये स्टेप लेना चाहिए.
राउडी राठौर में था माल शब्द का ज़िक्र
2012 में प्रभु देवा ने एस.एस. राजामौली की फिल्म 'विक्रमाकुड़ु' को हिंदी में रीमेक किया. 'राउडी राठौड़' के नाम से बनी इस फिल्म में अक्षय और सोनाक्षी ने लीड रोल्स किए. संजय लीला भंसाली ने प्रोड्यूस की थी. थलपति विजय ने एक गाने में कैमियो किया था. इस फिल्म के एक सीन में अक्षय का कैरेक्टर सोनाक्षी को कमर से पकड़कर कहता है- 'ये मेरा माल है'. जैसे वो उनकी प्रॉपर्टी हो. 'राउडी राठौड़' जिस फिल्म की रीमेक थी, उसमें रवि तेजा और अनुष्का शेट्टी ने लीड रोल्स किए थे. जब 'राउडी राठौड़' आई थी, तब भी फिल्म के इस पक्ष पर खूब विवाद हुआ था. फिल्म को स्त्री-विरोधी कहा गया. पिछले कुछ समय से इस फिल्म का सीक्वल बनाने की चर्चा चल रही है. पहले खबर आई कि 'राउड़ी राठौड़ 2' में सिद्धार्थ मल्होत्रा लीड रोल कर सकते हैं. मगर बीते कुछ समय से इस प्रोजेक्ट पर कोई अपडेट नहीं आया है.
हीरामंडी ने व्यूअरशिप में बनाया रिकॉर्ड
‘हीरामंडी’ में कुल 8 एपिसोड है. इसका कुल रन टाइम 7 घंटे 19 मिनट है. ‘हीरामंडी’ ने व्यूअरशिप के मामले में ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ को भी पीछे छोड़ दिया है. कपिल का शो अप्रैल के पहले हफ्ते में 2.5 मिलियन यानी 25 लाख व्यूज़ के साथ तीसरे नंबर पर रहा था. छठे हफ्ते में इस शो की व्यूअरशिप गिरकर 1 मिलियन यानी 10 लाख पहुंच गई. इस हफ्ते नेटफ्लिक्स की टॉप 10 गैर-अंग्रेज़ी कॉन्टेंट की लिस्ट में 10वें नंबर पर रवि किशन की वेब सीरीज़ ‘मामला लीगल है’ का नाम था . इसे 1.1 मिलियन यानी 11 लाख व्यूज़ मिले.
वीडियो: तारीख: हीरा मंडी- पाकिस्तान के रेड लाइट एरिया की असली कहानी










