The Lallantop

शाहरुख खान ने पीएम मोदी के लिए जो किया है, वो अमित शाह कभी कर ही नहीं सकते

और मोदी जी ने इसे 'शानदार' भी बता दिया है.

Advertisement
post-main-image
शाहरुख खान आखिरी बार आनंद.ए.रॉय डायरेक्टेड फिल्म 'ज़ीरो' में अनुष्का शर्मा और कटरीना कैफ के साथ नज़र आए थे.
इन दिनों भारत में 17वां आम चुनाव चल रहा है. माहौल एक दम चुनावी है. जिस ओर सिर उठाओ एक होर्डिंग लगी नज़र आती है, जिस पर नेता वोट करने की अपील करते दिखते हैं. लेकिन फिर भी कई लोग वोट नहीं करते. हर साल वोटरलिस्ट में लाखों नाम जुड़ते हैं. इसमें यूथ ज़्यादा हैं. इन लोगों को जागरूक करने के लिए नरेंद्र मोदी ने पिछले महीने बॉलीवुड सितारों से मदद ली थी. उन्होंने एक के बाद एक कई ट्वीट में एंटरटेनमेंट फील्ड के लोगों को टैग कर अपने फैंस से वोट करने की अपील करने के लिए कहा था. मोदी जी की इस लिस्ट में आलिया भट्ट, दीपिका पादुकोण, अनुष्का शर्मा, रणवीर सिंह, आयुष्मान खुराना, विकी कौशल, करण जौहर, आमिर खान, सलमान खान शाहरुख खान और अमिताभ बच्चन जैसे सितारे शामिल थे. इनमें से अधिकतर लोगों ने एकाध दिन के भीतर मोदी जी की इस ट्वीट के जवाब में एक ट्वीट लिखा और अपने सोशल मीडिया अकॉउंट पर पोस्ट कर दिया. लेकिन शाहरुख खान ने उस ट्वीट का कोई जवाब नहीं दिया. उसका जवाब शाहरुख ने अब यानी तकरीबन डेढ़ महीने बाद दिया है. शाहरुख खान ने एक ट्वीट किया. साथ में एक वीडियो भी अटैच्ड था. ये एक छोटा सा म्यूज़िक वीडियो है, जिसमें शाहरुख खान रैप कर रहे हैं. उनके रैप के जो बोल हैं, वो हर आदमी से अपना वोट देने की अपील करता है. इसमें उन्होंने अपने लेट होने की वजह भी बताई और इस वीडियो में उनकी मदद करने वाले लोगों को थैंक यू कहा. शाहरुख ने मोदी जी के लिए कुछ ऐसा किया है, जो अमित शाह कभी कर ही नहीं सकते. यहां गाना गाने की बात हो रही है. शाहरुख अपने इस ट्वीट में लिखते हैं-
''पीएम साहब नरेंद्र मोदी ने क्रिएटिविटी के लिए बोला था. मैं थोड़ा लेट हो गया वीडियो बनाने में. आप मत होना वोट देने में. वोट करना सिर्फ हमारा अधिकार ही नहीं ताकत भी है. उसका इस्तेमाल करिए.''
इस गाने के लिरिक्स लिखे हैं मोटिवेशनल रैपर एबी वायरल ने और म्यूज़िक किया है कई सुपरहिट का गानों को रीमिक्स कर उसे फिर से सुपरहिट बनाने वाले तनिष्क बाग्ची ने. और गाया है स्वयं शाहरुख खान ने. ये वीडियो 22 अप्रैल की रात शाहरुख खान की प्रोडक्शन कंपनी रेड चिलीज़ के यूट्यूब चैनल पर अपलोड किया गया था. 'करो मतदान' नाम के इस वीडियो की शुरुआत होती है शाहरुख की उंगली से, जिस पर नीली स्याही लगी है. इसके बाद बच्चों से लेकर बूढ़ों को अपना वोटिंग का अधिकार इस्तेमाल अपने देश को आगे बढ़ाने में मदद करने की गुज़ारिश करते हैं. वो वीडियो आप यहां देख सकते हैं:
शाहरुख के इस कदम को  'शानदार' करार देते हुए नरेंद्र मोदी ने उन्हें लिखा कि वो उम्मीद करते हैं कि शाहरुख की ये  अपील लोग सुनेंगे और ज़्यादा से ज़्यादा संख्या में वोट डालने आएंगे. खासकर नौजवान. बीजिंग इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल को शाहरुख की फिल्म 'ज़ीरो' के साथ खत्म किया जा रहा है. इसलिए वो पिछले दिनों चीन में थे. वहां उन्होंने पहली बार अपनी फिल्म 'ज़ीरो' की असफलता पर बात की. शाहरुख ने कहा-
''दुर्भाग्य से हमारे देश में इस फिल्म को कुछ खास पसंद नहीं किया गया. शायद मैंने गलत फिल्म बना दी या मेरे कहानी में कोई कमी रह गई. इसलिए मैं थोड़ा चौकन्ना हो गया हूं, ये देखने के लिए कि यहां (चीन) के लोगों को ये फिल्म पसंद आती है कि नहीं है. उम्मीद करता हूं कि ये फिल्म यहां के लोगों को पसंद आए.''
शाहरुख ने ये भी कहा कि उस फिल्म को तीन महीने बाद फिर से देखेंगे ताकि उन्हें पता चले कि गड़बड़ कहां हुई है. ताकि आगे से उन गलतियों का ध्यान रखा जाए.
वीडियो देखें: विवेक ओबेरॉय ने सलमान खान से एक सवाल पूछकर उन्हें छेड़ दिया है

Advertisement
इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स
Advertisement