Zee Cine Awards 2024 में Shah Rukh Khan का जलवा देखने को मिला. शाहरुख ने Pathaan और Jawan के लिए बेस्ट एक्टर (पॉपुलर) का अवॉर्ड जीता. उनकी इन दोनों फिल्मों ने मिलकर कुल 14 अवॉर्ड्स जीते. इस अवॉर्ड शो में शाहरुख ने परफॉर्मेंस भी किया. उनकी इस परफॉरमेंस की फोटोज और वीडियोज़ से सोशल मीडिया पटा पड़ा है. मगर परफॉर्मेंस के एक हिस्से की क्लिप काटकर शाहरुख खान को ट्रोल किया जा रहा है. स्टेज पर किए उनके ‘जानलेवा’ स्टंट की तुलना Tom Cruise से की जा रही है!
शाहरुख खान का 'धुआंधार' एक्शन देख ट्रोल्स को टॉम क्रूज़ क्यों याद आ गए?
Zee Cine Awards 2024 में Shah Rukh Khan की परफॉर्मेंस की एक क्लिप वायरल हो रही है. इसकी वजह से उन्हें बुरी तरह ट्रोल किया जा रहा है.

इस अवॉर्ड शो में शाहरुख की परफॉर्मेंस के बीच एक हिस्सा ऐसा आता है, जिसमें वो ATV मोटरबाइक पर दिखते हैं. जो वो हकीकत में नहीं चला रहे हैं. दरअसल इस सीन को ऐसे दिखाया जाता है जैसे शाहरुख तेजी से मोटरसाइकिल चला रहे हैं. साथ-साथ में बंदूक निकालकर दुश्मनों पर अटैक कर रहे हैं. मगर इस दौरान शाहरुख की बाइक नहीं, बल्कि पीछे लगी स्क्रीन चल रही होती है. शाहरुख एक ही जगह पर खड़े रहते हैं. बैकग्राउंड में फिल्म 'जवान' का थीम सॉन्ग चलता सुनाई आता है.
इस क्लिप की वजह से शाहरुख खान को भारी ट्रोलिंग का सामना करना पड़ रहा है. एक सोशल मीडिया यूजर ने तंज कसते हुए लिखा- 'शाहरुख खान का माइंड ब्लोइंग एक्शन. ये कमाल है. टॉम क्रूज इसका एक परसेंट नहीं कर सकता. जो शाहरुख ने अभी किया.' इस ट्विटर पोस्ट पर खूब रिएक्शन्स देखने को मिल रहे हैं. कुछ नमूने हम आपको यहां दिखाते हैं-


बात जी सिने अवॉर्ड्स की करें तो शाहरुख खान और उनकी फिल्मों को कुल मिलाकर 14 अवॉर्ड्स मिले. 'जवान' ने बेस्ट पिक्चर, बेस्ट डायरेक्टर और बेस्ट एक्टर का पुरस्कार जीता. अरिजीत सिंह को 'पठान' के गाने 'झूमे जो पठान' के लिए बेस्ट मेल प्लेबैक सिंगर का अवॉर्ड मिला. 'पठान' के ही गाने 'बेशरम रंग' के लिए शिल्पा राव ने बेस्ट फीमेल प्लेबैक सिंगर का अवॉर्ड हासिल किया.इसके अलावा कुमार ने 'जवान' के 'चलेया' के लिए बेस्ट सॉन्ग का अवॉर्ड अपने नाम किया. बॉस्को मार्टिस ने 'झूमे जो पठान' के लिए बेस्ट कोरियोग्राफी का पुरस्कार जीता. वहीं अनिरुद्ध रविचंदर ने 'जवान' के लिए बेस्ट म्यूजिक का अवॉर्ड अपने नाम किया.
शाहरुख खान की पिछली रिलीज फिल्म 'डंकी' थी. 'डंकी', 'जवान' और 'पठान' ने कुल मिलाकर करीब 2600 करोड़ रुपये की कमाई की. शाहरुख खान के फैन्स को उनकी अगली फिल्म का इंतजार है. लेकिन इसमें टाइम लग सकता है. शाहरुख ने अभी तक किसी भी फिल्म का ऑफिशियल अनाउंसमेंट नहीं किया है. लेकिन खबरों का बाजार गर्म है कि वो बेटी सुहाना खान के साथ फिल्म 'किंग' पर काम कर रहे. इसके अलावा करण जौहर, फराह खान, राज एंड डीके और विशाल भारद्वाज के साथ भी बातचीत की खबरें हैं. इनके अलावा लिस्ट में 'टाइगर वर्सज पठान' और 'पठान 2' भी है. लेकिन आधिकारिक ऐलान किसी का नहीं है.













