बॉलीवुड में ऐसे कई उदाहरण हैं, जहां एक स्टार की रिजेक्ट की हुई स्क्रिप्ट, दूसरे के लिए सोने का खदान बन गई. Shah Rukh Khan और Aamir Khan के बीच तो ऐसा कई बार हुआ है. शाहरुख को ऑफर हुई Lagaan बाद में आमिर ने की. आमिर की Darr ने शाहरुख को स्टार बनाया. Swades को आमिर ने रिजेक्ट किया, तब वो शाहरुख के पास गई. एक्टर-राइटर Amin Hajee की मानें तो एक बार शाहरुख ने खुद ये कहा था कि आमिर जिन स्क्रिप्ट्स को रिजेक्ट करते हैं, उन्हें वो बिना पढ़े एक्सेप्ट कर लेते हैं.
शाहरुख ने कबूला, "आमिर जो फिल्में रिजेक्ट करते हैं, उन्हें स्क्रिप्ट पढ़े बिना कर लेता हूं"
'स्वदेस' ओरिजिनली आमिर खान को ऑफर हुई थी. मगर शाहरुख ने आशुतोष गोवारिकर से कहा कि वो इसमें काम करना चाहते हैं.

अमीन हाजी ने 'लगान' में बाघा का रोल किया था. यही नहीं, उन्होंने अपनी पत्नी शार्लेट विट्बी कोल्स के साथ मिलकर 'स्वदेस' की कहानी लिखी है. पिछले दिनों दोनों ने सिद्धार्थ कनन को एक इंटरव्यू दिया. इस दौरान अमीन ने बताया कि 'स्वदेस' ओरिजिनली आमिर खान को ऑफर की गई थी. इसे उनके प्रोडक्शन तले बनाया जाना था. आशुतोष गोवारिकर 'लगान' के बाद से ही उनके साथ 'स्वदेस' डिस्कस कर रहे थे. आमिर को फिल्म का प्लॉट बहुत पसंद आया था. लेकिन उन्हें स्क्रिप्ट रास नहीं आई.
बातचीत के दौरान अमीन ने एक और बम फोड़ा. उन्होंने बताया कि आमिर उस दौरान एक दूसरे प्रोजेक्ट में बिजी हो गए थे. उस प्रोजेक्ट का नाम था- 'हैप्पी न्यू ईयर'. अमीन की मानें तो 'हैप्पी न्यू ईयर' को पहले मंसूर खान डायरेक्ट करने वाले थे. आमिर उसमें लीड रोल प्ले करते. इसलिए उन्होंने आशुतोष से कहा कि वो ‘स्वदेस’ किसी दूसरे एक्टर के साथ बना लें.
इत्तेफाक से उस दौरान शाहरुख 'लगान' देखना चाहते थे. मगर वो किसी थिएटर में नहीं जा सकते थे. इसलिए मुंबई फिल्मसिटी में उनके लिए स्पेशल स्क्रीनिंग रखी गई. फिल्म देखते हुए वो अमीन से बार-बार कहते,
"अमीन, आशुतोष गोवारिकर की अगली फिल्म में मुझे काम करना है. मेरे पिता फ़्रीडम फाइटर थे. मोहन भार्गव मुझे बनना चाहिए."
खैर, 'लगान' की स्क्रीनिंग खत्म होने के बाद शाहरुख घर चले गए. कुछ समय बाद उन्होंने आशुतोष को कॉल करके कहा कि उन्हें 'स्वदेस' में काम करना है. लेकिन आशुतोष ने तब इस पर कोई कमेंट नहीं किया क्योंकि वो ‘स्वदेस’ आमिर के साथ डिस्कस कर रहे थे. बाद में आमिर ने खुद ही फिल्म में एक्टिंग करने से मना कर दिया. मगर उन्होंने ये जरूर कहा कि वो इसे प्रोड्यूस कर देंगे. ऐसे में आशुतोष ने दूसरे एक्टर्स की तलाश शुरू की.

अमीन बताते हैं कि आशुतोष 'स्वदेस' की स्क्रिप्ट लेकर ऋतिक रोशन के पास भी गए थे. आर माधवन का ऑडिशन तो जबरदस्त रहा था. मगर बाद में चीजें कुछ इस तरह घटीं कि ये फिल्म घूम-फिरकर शाहरुख के पास आ गई. तब तक आमिर, प्रोड्यूसर की जिम्मेदारी से अलग हो गए थे. ये पूछे जाने पर कि शाहरुख ने 'स्वदेस' पाते हुए कैसे रिएक्ट किया था, अमीन बताते हैं,
"शाहरुख ने मुझसे एक लाइन कही- 'जिस फिल्म को आमिर नहीं कर सका, फिर चाहे जो कारण हो, उनमें मैंने बिना स्क्रिप्ट पढ़े काम किया है. क्योंकि मुझे पता है कि वो अच्छी फिल्में रही होंगी'."
वैसे, 'स्वदेस' ऐसी एकमात्र फिल्म नहीं, जो आमिर से रिजेक्ट होकर शाहरुख के पास पहुंची हो. ‘डर’, 'राजू बन गया जेन्टलमैन' और 'मोहब्बतें' जैसी फिल्में इस लिस्ट में शामिल हैं. दूसरी तरफ़, आमिर ने भी 'लगान' के अलावा कुछ ऐसी मूवीज़ की हैं, जो पहले शाहरुख को ऑफर हुई थीं. इनमें '3 इडियट्स', 'रंग दे बसंती' और 'तलाश' का नाम सबसे आगे है.
वीडियो: शाहरुख खान फिल्मों के लिए फीस नहीं लेते, फिर इतने अमीर अभिनेता कैसे?











