The Lallantop

घुटने टेक डांस के बाद, सलमान अब 'नइयो लगदा' का कवर वर्जन भी गाएंगे

जिन सलमान फैन्स को उनका नृत्य पसंद आया, अब उनका गायन भी पसंद 'करना पड़ेगा'.

Advertisement
post-main-image
सलमान अब गाना गाएंगे

सलमान खान की नई फिल्म 'किसी का भाई किसी की जान' ईद के मौके पर रिलीज हो रही है. उससे पहले फिल्म का गाना 'नइयो लगदा' रिलीज हो चुका है. इसे कमाल खान और पलक मुचाल ने गाया है. हिमेश रेशमिया ने इसका म्यूजिक दिया है. इसमें सलमान का डांस खूब पसंद किया जा रहा है. लोग इसे आम डांस कह रहे हैं. ऐसा नृत्य जिसे कोई भी कर सकता है. मस्त लेग वर्क है. लोग कह रहे हैं, ऋतिक अब शांति से मर सकते हैं. 

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

अभी तक मामला डांस तक ही सीमित था. अब सल्लू भाई इससे भी आगे निकलने वाले हैं. जिन सलमान फैन्स को उनका नृत्य पसंद आया, अब उनका गायन भी पसंद 'करना पड़ेगा’. Box Office Worldwide के मुताबिक सलमान फिल्म के म्यूजिक से और ज़्यादा गहराई से जुड़ेंगे. ऐसा कहा जा रहा है कि वो फिल्म में ‘नइयो लगदा’ का कवर वर्जन गाएंगे. मस्त ऑटोट्यून वाली आवाज़ में.

Advertisement

वो इससे पहले भी 2014 में एक गाने के लिए अपनी आवाज़ दे चुके हैं. उन्होंने 'किक' का 'हैंगओवर' गाया था. कमाल ये है कि श्रेया घोषाल ने इसे उनके साथ गाया था. इसके अलावा उन्होंने 2015 में आई फिल्म 'हीरो' में भी एक गाना गाया. ये गाना था, 'मैं हूं हीरो तेरा'. इन सबके अलावा सलमान ने लिरिक्स भी लिखे हैं. उदाहरण के लिए 'रेस 3' का गाना 'सेल्फिश'.

आओ जी मेरा हाथ थामो जी मेरे संग संग चलो और वहां बैठो न
और थोड़ा वहां तसल्ली से अपने ख़यालात को शेयर करो न
इक बार बेबी सेल्फिश होकर अपने लिए जियो न

पर इसमें कोई शक नहीं है कि सल्लू भाई बिल्कुल सेल्फिश नहीं हैं. वो अपनी सुरीली आवाज़ का मज़ा पूरे देश को देना चाहते हैं. इस हिसाब से 'किसी का भाई किसी की जान' में गाना गाना सलमान का एकदम सही फैसला है. मिड-डे में छपी खबर के मुताबिक सलमान की आवाज़ में ‘नइयो लगदा’ को फ़िल्म की रिलीज के क़रीब रिलीज़ किया जाएगा. 

Advertisement

'किसी का भाई किसी की जान' को फरहाद सामजी ने डायरेक्ट किया है. इससे पहले वो सोलो डायरेक्टर के तौर पर 'बच्चन पांडे' और 'हाउसफुल 4' जैसी फिल्में डायरेक्ट कर चुके हैं. सलमान के अलावा फिल्म की सोलो हीरोइन पूजा हेगड़े होंगी. विलन होंगे जगतपति बाबू और अभिमन्यु सिंह. अन्य कलाकार हैं, शहनाज़ गिल, राघव जुयाल, जस्सी गिल, पलक तिवारी और सिद्धार्थ निगम. ये लोग सलमान के किरदार के भाई-बहन के रोल्स में दिख रहे हैं.

वीडियो: सलमान ख़ान के गाने कैरेक्टर ढीला को कार्तिक आर्यन की शहज़ादा में रीमिक्स किया गया है, भड़के फैन्स

Advertisement