Bigg Boss OTT का तीसरा सीज़न शुरू होने वाला है. इस शो के पहले सीज़न को Karan Johar ने होस्ट किया था. दूसरे सीज़न में Salman Khan की वापसी हुई. अब खबर आ रही है कि Bigg Boss OTT 3 से सलमान खान दूरी बना सकते हैं. क्योंकि इस शो के डेट्स उनकी फिल्म Sikandar की शूटिंग से टकरा रहे हैं. ऐसे में 'बिग बॉस' के मेकर्स अन्य सेलेब्रिटीज़ के साथ बातचीत कर रहे हैं. इसमें Sanjay Dutt, Anil Kapoor और Karan Johar जैसे नाम शामिल हैं.
'सिकंदर' की शूटिंग के लिए सलमान खान ने छोड़ा 'बिग बॉस ओटीटी 3'!
जब Bigg Boss OTT 3 शुरू होगा, तब Salman Khan अपनी फिल्म Sikandar का पहला शेड्यूल शूट कर रहे होंगे. जब शो आखिरी चरण में पहुंचेगा, तब वो 'सिकंदर' की फुल फ्लेज्ड शूटिंग में जुटे होंगे.

पिंकविला में छपी रिपोर्ट के मुताबिक 'बिग बॉस' के मेकर्स चाहते हैं कि सलमान ही शो के ओटीटी वर्ज़न का तीसरा सीज़न होस्ट करें. मगर सलमान के पास डेट्स का मसला है. अगर रिपोर्ट्स की मानें, तो BB OTT 3, जून के पहले हफ्ते से शुरू होने वाला है. वहीं सलमान खान मई के आखिर में अपनी फिल्म 'सिकंदर' का शूट शुरू करने वाले हैं. ये 12 दिन लंबा शेड्यूल बताया जा रहा है. जिसमें कुछ एक्शन सीक्वेंस शूट किए जाएंगे. उसके बाद अगस्त से फिल्म की फुल फ्लेज्ड शूटिंग शुरू होगी. तब तक डायरेक्टर ए.आर. मुरुगादास अपनी शिवाकार्तिकेयन स्टारर फिल्म (SK23) का काम पूरा कर लेंगे.
'बिग बॉस ओटीटी' का दूसरा सीज़न 17 जून, 2023 से शुरू होकर 14 अगस्त, 2023 तक चला था. उसकी तुलना में तीसरा सीज़न दो हफ्ते पहले शुरू हो रहा है. मगर ये खत्म कब होगा, ये फिक्स नहीं है. क्योंकि शो की व्यूअरशिप के आधार पर इसकी मियाद बढ़ाई-घटाई जाती रहती है. इसलिए पंगा ये है कि 'बिग बॉस ओटीटी 3' की शुरुआत में सलमान इस शो से नहीं जुड़ पाएंगे. क्योंकि वो 'सिकंदर' के पहले शेड्यूल में व्यस्त रहेंगे. और वो शो के आखिरी हिस्से में भी उपलब्ध नहीं हो पाएंगे. क्योंकि अगस्त से उनकी फिल्म की प्रॉपर तरीके से शूटिंग शुरू होने वाली है.
इसी टाइमलाइन के आधार पर ये कहा जा रहा है कि 'बिग बॉस ओटीटी 3' सलमान खान होस्ट नहीं करेंगे. हालांकि पक्के तौर पर अभी कुछ भी नहीं कहा जा सकता. क्या पता मेकर्स कुछ बीच का रास्ता निकाल लें. इसलिए जब तक शो की ऑफिशियल अनाउंसमेंट नहीं हो जाती, तब तक कुछ भी कहना जल्दबाज़ी होगी.
'बिग बॉस' शुरू होने से पहले शो में हिस्सा लेने वाले सेलेब्रिटीज़ की एक लिस्ट आ जाती है. जो कई बार सही, तो कई बार गलत भी साबित हो जाती है. फिलहाल 'बिग बॉस ओटीटी 3' के संभावित कंटेस्टेंट्स की जो लिस्ट आई है, उसमें दिल्ली की वडा पाव वाली वायरल गर्ल, पारस कलनावत, विकी जैन, शहज़ादा धामी, प्रतीक्षा होनमुखे और आशीष मेहरोत्रा जैसे नाम शामिल बताए जा रहे हैं. इनमें से कितने लोग इस शो में आते हैं, ये तो 3 जून को ही पता चलेगा, जब शो का लॉन्च एपिसोड आएगा. 'बिग बॉस ओटीटी 3' को जियो सिनेमा पर देखा जा सकेगा.
वीडियो: रवीना टंडन की मां ने बताया क्यों उनकी बेटी सलमान खान की फिल्म करने के लिए राज़ी हो गईं













