Salman Khan और ईद एक-दूसरे को कॉम्प्लिमेंट करते हैं. 2009 के बाद से इस त्योहार पर उनकी लगभग एक दर्जन फिल्में रिलीज़ हो चुकी हैं. 2027 की ईद पर Monster सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी. वहां इसका क्लैश Prabhas की Spirit से होने वाला था. मगर उसके पोस्टपोन होने की खबरों के बीच T-Series ने ये स्लॉट Khosla Ka Ghosla 2 के लिए बुक कर लिया है. पिछले 16 साल में ये पहली ऐसी मूवी है, जिसने ईद पर सलमान से टकराने की हिम्मत जुटाई है.
16 साल में सलमान को ईद पर पहली बार करना पड़ेगा क्लैश का सामना!
'स्पिरिट' प्रोड्यूस करने वाली टी-सीरीज ने 5 मार्च वाली रिलीज़ डेट पर अपनी दूसरी फिल्म अनाउंस कर दी.

2027 में ईद 10 मार्च को पड़ रही है. इसलिए संदीप रेड्डी वांगा ने इससे ठीक पहले पड़ रहा वीकेंड यानी 05 मार्च का स्लॉट 'स्पिरिट' के लिए बुक कर लिया था. कुछ समय बाद सलमान ने बताया कि वो 'मॉन्स्टर' को भी 2027 की ईद पर लाएंगे. दोनों फिल्मों का क्लैश लगभग तय था. लेकिन पिछले कुछ दिनों से ये खबरें आ रही हैं कि 'स्पिरिट' पोस्टपोन होने वाली है. इस बीच टी-सीरीज़ ने बताया कि 'खोसला का घोसला 2' अब 05 मार्च 2027 को रिलीज़ होगी. 'स्पिरिट' को भी टी-सीरीज़ प्रोड्यूस कर रही है. ऐसे में उनके 'खोसला का घोसला 2' को ईद पर रिलीज़ करने के फैसले से इस बात को और हवा मिल गई कि 'स्पिरिट' उस डेट पर नहीं आएगी.
'खोसला का घोसला' को बॉलीवुड में कल्ट स्टेटस मिल चुका है. इसका सीक्वल 28 अगस्त 2026 को रिलीज़ होने वाला था. मगर मेकर्स अब इसे 'मॉन्स्टर' के सामने उतार रहे हैं. पिछले 16 सालों में किसी भी दूसरी फिल्म ने ईद पर सलमान से क्लैश नहीं किया. 2011 में 'बॉडीगार्ड' वो लास्ट मूवी थी, जिसे ईद पर टक्कर का सामना करना पड़ा था. उस वक्त ये किरण खेर की 'मम्मी पंजाबी' और आतिफ असलम की पाकिस्तानी मूवी 'बोल' से टकराई थी. दो दिन बाद कल्कि केकलां की 'दैट गर्ल इन येलो बूट्स' भी क्लैश में उतरी. लेकिन 'बॉडीगार्ड' यहां एक तरफ़ा बाजी मार ले गई थी.
2009 में सलमान की 'वॉन्टेड' वो पहली मूवी थी, जो ईद पर रिलीज़ हुई थी. तब उसने YRF की 'दिल बोले हड़िप्पा' को बुरी तरह पछाड़ा था. 2010 में 'दबंग' का सामना करण जौहर की We Are Family से होने वाला था. लेकिन करण ने अपनी फिल्म को डायरेक्ट क्लैश से बचाने के लिए हफ्ते भर पहले रिलीज़ कर दिया. 2011 में आई 'बॉडीगार्ड' के बाद तो कोई फिल्म सलमान के आसपास आई ही नहीं. तबसे अब तक वो ईद पर 'एक था टाइगर' (2012), 'किक' (2014), 'बजरंगी भाईजान' (2015), 'सुल्तान' (2016), 'ट्यूबलाइट' (2017), 'रेस 3' (2018), 'भारत' (2019), 'किसी का भाई, किसी की जान' (2023) और 'सिकंदर' (2025) जैसी फिल्में रिलीज़ कर चुके हैं. लेकिन किसी भी दूसरी फिल्म का उनसे डायरेक्ट क्लैश नहीं हुआ.
2015 में 'बाहुबली' और 'बजरंगी भाईजान' में तगड़ी टक्कर हो सकती थी. लेकिन SS राजामौली ने डायरेक्ट क्लैश अवॉइड कर अपनी फिल्म को हफ्ते भर पहले रिलीज़ कर दिया. 2016 में 'सुल्तान' का सामना 'रईस' से होने वाला था. मगर वक्त रहते शाहरुख ने अपनी फिल्म को आगे बढ़ा दिया. 2021 में ‘राधे’, अक्षय कुमार की 'सूर्यवंशी' से टकराने वाली थी. लेकिन वो क्लैश भी टल गया. 2027 के ईद पर 'मॉन्स्टर' और 'स्पिरिट' में क्लैश होता दिख रहा था. मगर टी-सीरीज़ फिलहाल ऐसा करने से बच रही है. उन्होंने 05 मार्च 2027 वाला ये स्लॉट अब 'खोसला को घोसला 2' को दे दिया है. इस तरह पिछले 16 सालों में ये पहली ऐसी मूवी बन जाएगी, जो ईद पर सलमान से टकराएगी.
वीडियो: सलमान खान की 'मॉन्स्टर' में 400 फिल्में कर चुके एक्टर की एंट्री? निभाएंगे सबसे खूंखार रोल!











